Responsive Ad Slot

Latest

latest

#धमाका_डिफरेंट: अब आपको "सेसई मिष्ठान" पर मिलेंगे "भट्टी पर तले समोसे, कचौरी", प्रेम स्वीट्स पर "हलुआ" मिलेगा "इंडक्शन" वाला, कॉमर्शियल सिलेंडर देने से कलेक्टर रवीन्द्र ने किया इंकार, बोले, वैकल्पिक तरीके अपनाये, जिसके बाद नई कवायद शुरू

गुरुवार, 12 मार्च 2026

/ by Vipin Shukla Mama
शिवपुरी। युद्ध कोई देश लड़ रहे हैं और हमारा देश नए नए संकट का सामना करता दिखाई दे रहा है। अब देखिए न जिन होटल और मिष्ठान संचालकों को कॉमर्शियल सिलेंडर की आदत पड़ चुकी थी उन्हें युद्ध के बाद सिलेंडर सप्लाई पर लगी रोक ने मुसीबत में डाल दिया है। आज 12 मार्च को कलेक्टर कार्यालय में जिला कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी की अध्यक्षता में ऑयल कंपनियों (गैस/पेट्रोल), गैस एजेंसियों, पेट्रोल पंप प्रबंधकों, होटल एवं प्रतिष्ठान संचालकों, खाद्य विभाग तथा संबंधित अधिकारियों के साथ गैस सिलेंडरों की आपूर्ति एवं उपलब्धता तथा वैकल्पिक ईंधन के उपयोग के संबंध में बैठक आयोजित की गई। इसमें घरेलू सिलेंडर का भरपूर भंडार होने की खबर अच्छी थी लेकिन प्रदेश और देश स्तर से कॉमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई पर लगी रोक के फेर में शहर के होटल, मिष्ठान संचालकों के चेहरे तब मायूस हो गए जब कलेक्टर रवीन्द्र ने ऊपर के आदेशों का हवाला देते हुए तब तक वैकल्पिक इंतजाम करने को कहा जब तक हालात सामान्य नहीं होते। 
तब लेना पड़ा निर्णय 
ये सुनकर होटल व्यवसाय संघ के अध्यक्ष मोहन गुप्ता (सेसई वाले) एवं कोषाध्यक्ष राजेश जैन राजू प्रेम स्वीट्स ने कहा कि अब वैकल्पिक रास्ते अपनाने पड़ेंगे। 
भट्टी के समोसा, कचौरी, हलुआ इंडक्शन वाला
साफ हो चुका है कि अब गैस भट्टी का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। क्योंकि घरेलू गैस सिलेंडर का इस्तेमाल किया तो छापामार कारवाई का डर और कॉमर्शियल मिलना नहीं है। इसलिए अब आपको "सेसई मिष्ठान" पर मिलेंगे "भट्टी पर तले समोसे, कचौरी", प्रेम स्वीट्स पर "हलुआ" मिलेगा "इंडक्शन" वाला। यानी कि शहर के मधुरम स्वीट्स हों या रमजा की कचौरी, नत्थू हलवाई हो या ज्ञानी जी की गुजिया या फिर मनीराम के समोसे सभी कुछ भट्टी और इंडक्शन पर मिलने वाला है। 
खर्च अधिक हुआ तो दाम बढ़ाएंगे
ये बात भी समझ लीजिए कि अगर खर्च अधिक हुआ तो जायका महंगा भी हो सकता है। 
घरेलू गैस सिलेंडरों की जिले में पर्याप्त उपलब्धता : कलेक्टर
शिवपुरी कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी 
 के समक्ष बैठक में सीएनजी, पीएनजी कंपनी द्वारा अवगत कराया गया कि जिले में वर्तमान में लगभग 800 कनेक्शन स्थापित हैं तथा 2000 से अधिक कनेक्शन लंबित हैं। इस पर कलेक्टर श्री चौधरी ने कंपनी को घरेलू एवं होटल प्रतिष्ठानों के लिए कनेक्शनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि जिले में डीजल एवं पेट्रोल की आपूर्ति पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है तथा इसकी स्टॉक समीक्षा प्रतिदिन की जाएगी। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति सुचारू बनाए रखने के लिए सभी ऑयल कंपनियां एवं गैस एजेंसियां उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए पोस्टर एवं बैनर के माध्यम से जानकारी उपलब्ध कराएं तथा बुकिंग प्रक्रिया को सरल एवं सहज बनाएं।
उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 25 दिन के अंतराल पर बुकिंग की अनिवार्यता का पालन करने की सलाह दी गई है, जबकि दूरस्थ क्षेत्रों के उपभोक्ताओं के लिए 45 दिन के अंतराल पर बुकिंग करने की व्यवस्था लागू रहेगी। ऑयल कंपनियों द्वारा बताया गया कि यदि ऑनलाइन बुकिंग संभव नहीं हो तो रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से मिस कॉल के माध्यम से भी बुकिंग की जा सकती है।
बैठक में यह भी सुझाव दिया गया कि कॉमर्शियल (व्यावसायिक) गैस सिलेंडरों के स्थान पर आवश्यकता अनुसार कॉमर्शियल इंडक्शन, डीजल भट्टी, लकड़ी के गट्टे, कोयला आदि वैकल्पिक ईंधन का उपयोग किया जा सकता है। उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए खाद्य कार्यालय, शिवपुरी में हेल्पलाइन, कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग एवं डिलीवरी से संबंधित समस्याओं का प्रतिदिन निराकरण किया जाएगा।
जिला प्रशासन द्वारा उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि अफवाहों पर ध्यान न दें। घरेलू गैस सिलेंडरों की डोर-टू-डोर डिलीवरी की व्यवस्था पूर्ववत जारी रहेगी तथा अनावश्यक रूप से गैस एजेंसियों पर भीड़ न लगाएं।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129