Responsive Ad Slot

Latest

latest

#धमाका_न्यूज: कोलारस की दुल्हन साक्षी ने भी तोड़ा भोपाल में दम, जीप कार भिड़ंत में जीजा ऑन स्पॉट हुए थे खत्म, जीप चालक की भी हुई थी मौत, टूटा तीन परिवार पर बज्र

रविवार, 15 मार्च 2026

/ by Vipin Shukla Mama
शिवपुरी। पाठकों आपको याद होगा कोलारस से शादी के लिए जाते समय एक कार की जीप से जोरदार टक्कर हुई थी जिसमें जीजा और जीप चालक की मौत हो गई थी और दुल्हन सहित छह लोग घायल थे। उसी खबर में एक और दुख में डूबा अपडेट सामने आया है कि दुल्हन की भी इलाज के दौरान मौत हो गई है। जिसका कोमा में रहते इलाज किया जा रहा था। इस खबर के बाद कोलारस में शोक की लहर है। दरअसल अशोकनगर जिले के नईसराय-शाढ़ौरा रोड पर बरखेड़ा गांव के पास 10 मार्च को कार और बोलेरो की भीषण टक्कर में पहले दो लोगों की मौत हुई थी। लेकिन अब रविवार को इलाज के दौरान शिवपुरी जिले के कोलारस निवासी दुल्हन साक्षी जैन ने भी दम तोड़ दिया। दुल्हन की मौत के बाद इस हादसे से तीन परिवारों को आघात पहुंचा है। कोलारस निवासी जैन परिवार अपनी बेटी साक्षी जैन की शादी के लिए विदिशा जिले के गंजबासौदा जा रहा था। शादी की खुशियों के बीच पूरा परिवार गाड़ियों के काफिले में निकला था, लेकिन बरखेड़ा गांव के पास रास्ते में यह भीषण हादसा हो गया। शादी के काफिले में चल रही अर्टिगा कार की सामने से आ रही बोलेरो से सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कार में सवार लोग अंदर ही फंस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों और राहगीरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर घायलों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल अशोकनगर पहुंचाया।
हादसे में 36 वर्षीय वैभव जैन निवासी ब्यावरा की मौके पर ही मौत हो गई थी। वैभव जैन दुल्हन साक्षी के जीजा थे और परिवार के साथ शादी में शामिल होने जा रहे थे। वहीं बोलेरो चला रहे 20 वर्षीय राहुल यादव की भी इलाज के दौरान मौत हो गई थी। राहुल अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और कॉलेज में पढ़ाई कर रहा था।
हादसे में दुल्हन साक्षी को सबसे ज्यादा चोट आई थी। उसके सिर में 36 टांके आए थे और हाथ-पैर भी फ्रैक्चर हो गए थे। गंभीर हालत में उसे भोपाल रेफर किया गया था, जहां वह कई दिनों से कोमा में थी। रविवार शाम करीब 4 बजे भोपाल के अस्पताल में इलाज के दौरान साक्षी जैन की मौत हो गई। हादसे में दुल्हन की मां शीला बाई, परिवार की बुजुर्ग सदस्य प्रेम बाई, खुशबू जैन और डेढ़ साल की एक मासूम बच्ची भी घायल हुई थीं। अर्टिगा कार चला रहे कोलारस निवासी 28 वर्षीय सौरभ खटीक भी गंभीर रूप से घायल हुए थे जिनका इलाज चल रहा है।














कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129