कोलारस थाना प्रभारी गब्बर सिंह गुर्जर के अनुसार, राजस्थान के बारां जिले के खेड़ली गांव निवासी बंजारा परिवार हर साल की तरह इस बार भी कोलारस में भूसा खरीदने आया था। ये लोग खेतों में डेरा डालते हैं और गांव-गांव घूमकर भूसा खरीदते हैं। ट्रैक्टर-ट्रॉली के जरिये एक जगह इकट्ठा करते हैं। बाद में बड़ी मात्रा में भूसा बेचकर मुनाफा कमाते हैं।
बताया जा रहा है कि आज सुबह टोल टैक्स के पास बने बंजारा डेरे से दो ट्रैक्टर-ट्रॉली भूसा खरीदने के लिए निकले थे। आगे चल रहा ट्रैक्टर देहरदा गांव से कच्चे रास्ते से होते हुए डोडयाई गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान ट्रॉली में लगे लोहे के पाइप हाईटेंशन लाइन से टकरा गए, जिससे करंट फैल गया।
ट्रैक्टर पर विनोद बंजारा पिता रंजीत बंजारा (27), लीला बाई बंजारा पति विनोद बंजारा (30), केसर बाई पिता मेंबर बंजारा और 7 साल का अनिल पिता मेंबर बंजारा सवार थे। करंट से लीला बाई की साड़ी में आग लग गई। इसकी चपेट में मासूम अनिल भी आ गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं विनोद और केसर बाई करंट के झटके से ट्रैक्टर से दूर जा गिरे, लेकिन उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पीछे चल रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली सवारों ने मौके पर पहुंचकर लीला बाई की सुलगती लाश को वहीं छोड़ दिया। बाकी तीनों को ट्रॉली में डालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने 7 साल के अनिल को भी मृत घोषित कर दिया। विनोद और केसर बाई का इलाज जारी है।
भारतीय किसान संघ के नेता बोले, 50 साल पुरानी बिजली लाइन, झूलने से हादसा
आज भारतीय किसान संघ ने प्रेस वार्ता आयोजित की जिसमें किसानों के विषय में बातचीत के दौरान ग्रामों में बिजली की लाइन काफी पुरानी होने से हादसा होने की बात कही। संभाग अध्यक्ष कल्याण सिंह यादव एवं जिलाध्यक्ष बृजेश धाकड़ ने कहा कि आज के हादसे की जिम्मेदारी बिजली कंपनी की है जिसकी लाइन 50 साल से नहीं बदली है जिससे आये दिन खेतों में आग लग रही है। फसल बर्बाद हो रही है। बिजली के तार ढीले हैं तो कहीं नीचे है या टूटकर गिरने से हर दिन हादसे होते हैं। मेंटिनेंस के नाम पर कोई सुधार कार्य नहीं होता बल्कि किसान की लाइट घंटों बंद रखी जाती है इधर अधिकारी मेंटिनेंस के नाम पर बिल लगाकर मोटी रकम डकार जाते है।













सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें