Responsive Ad Slot

Latest

latest

#धमाका_न्यूज: मध्यप्रदेश में सड़क एवं कनेक्टिविटी परियोजनाओं को मिली नई गतिकेंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने नितिन गडकरी से ग्वालियर चंबल के विकास कार्यों के लेकर की विशिष्ट भेंट

बुधवार, 1 अप्रैल 2026

/ by Vipin Shukla Mama
*ग्वालियर-चंबल सहित मध्यप्रदेश के कई अहम प्रोजेक्ट्स पर सहमति, इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को मिलेगा बड़ा बल
*एक्सप्रेस-वे, राष्ट्रीय राजमार्ग, बायपास और फ्लाईओवर सहित बहुआयामी परियोजनाओं पर हुई विस्तृत चर्चा
शिवपुरी, 31 मार्च 2026। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज मंगलवार को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से भेंट कर मध्यप्रदेश सहित ग्वालियर-चंबल संभाग में सड़क कनेक्टिविटी और आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने वाली कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में अनेक लंबित एवं प्रस्तावित परियोजनाओं पर सकारात्मक सहमति दे शीघ्र कार्य प्रारंभ करने निर्देश दिए गए।
प्रमुख एक्सप्रेस-वे और राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को मिली गति
बैठक के दौरान ग्वालियर–आगरा एक्सप्रेस-वे (लगभग ₹4,822 करोड़) तथा ग्वालियर वेस्टर्न बायपास (लगभग ₹1,347 करोड़) जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। लेवलिंग का कार्य प्रारंभ हो चुका है और अप्रैल माह से कार्य को पूर्ण गति देने के निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही, ग्वालियर–भिंड–इटावा राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-719) के 4-लेन निर्माण कार्य को अब MPRDC से एनएचएआई को हस्तांतरित कर दिया गया है। ज्ञात हो कि भिंड के साधु-संतों के प्रतिनिधि मंडल एवं स्थानीय जनता ने इस संबंध में सिंधिया जी से अनुरोध किया था। इस मार्ग पर कार्य की धीमी प्रगति और बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर क्षेत्रीय लोगों ने हस्तक्षेप की मांग की थी।
उक्त अनुरोध के पश्चात सिंधिया जी ने इस परियोजना को एनएचएआई से करवाने का प्रस्ताव रखा, जिस पर गडकरी जी ने सहमति प्रदान की।
अब अप्रैल माह में MoRTH से स्वीकृति मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ की जाएगी और NHAI द्वारा कार्य को तेज गति से आगे बढ़ाया जाएगा।
क्षेत्रीय सड़कों और बायपास निर्माण से बढ़ेगी कनेक्टिविटी
बैठक में अशोकनगर क्षेत्र के अंतर्गत बांगला चौराहा–मुंगावली–चंदेरी–पिछोर मार्ग पर चंदेरी बायपास (लगभग 10 किमी) को 4-लेन में विकसित करने, तथा गुना–अशोकनगर–चंदेरी (SH-54, लंबाई 114.70 किमी) को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने के विषय पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही गुना देवास नेशनल हाइवे 46 पर टोल प्लाजा-फतेहगढ़ पर फ्लाइओवर के निर्माण पर भी चर्चा हुई। 
इसके अतिरिक्त शिवपुरी शहर में यातायात सुधार के लिए फ्लाईओवर/अंडरपास एवं एलिवेटेड रोड (वायाडक्ट) निर्माण के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई।
ग्रामीण एवं क्षेत्रीय सड़कों के उन्नयन से कनेक्टिविटी को मिलेगा बल
बैठक में क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण एवं उन्नयन प्रस्तावों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। इनमें शिवपुरी जिले के पिछोर क्षेत्र में भितरगवां से न्यागांव होते हुए कमालपुर, मंगावली, पड़रा, मुड़ा, रघुनाथपुर, अमरपुर, ललान, खिरकिट, ट्यागा-खजूरी, डोंगर, किशनगंज, खिरिया से न्यागांव तक लगभग 45 किमी लंबे मार्ग का निर्माण शामिल है।
इसी प्रकार अशोकनगर जिले के मुंगावली क्षेत्र में अशोकनगर–विदिशा मार्ग से कंजिया, बमूरिया, खेरखेड़ी, बड़ौरा, सिमरोहा, बासाखेड़ी होते हुए मुंगावली तक लगभग 47 किमी सड़क के उन्नयन तथा चंदेरी क्षेत्र में नई सराय से बड़ोदरा होते हुए अरावली मार्ग तक लगभग 22.5 किमी सड़क के निर्माण का प्रस्ताव रखा गया।
इसके अतिरिक्त गुना जिले के बमोरी क्षेत्र में आनदपुर से निहालगढ़ मार्ग (चौड़ीकरण) के अंतर्गत लगभग 42 किमी सड़क के उन्नयन पर भी चर्चा की गई। इन सभी परियोजनाओं के क्रियान्वयन से ग्रामीण एवं अंचल स्तर पर आवागमन सुगम होगा और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
विकास को मिलेगी नई गति
इन सभी परियोजनाओं के क्रियान्वयन से ग्वालियर-चंबल क्षेत्र सहित मध्यप्रदेश में आवागमन सुगम होगा, लॉजिस्टिक्स लागत घटेगी और औद्योगिक व आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इन जनहितकारी परियोजनाओं पर सहमति प्रदान करने के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल प्रदेश के समग्र विकास को नई दिशा देगी और आमजन को प्रत्यक्ष लाभ पहुंचाएगी।













कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129