Responsive Ad Slot

Latest

latest

#धमाका_डिफरेंट: "शिवपुरी के पुराने रेलवे स्टेशन की उखड़ी पड़ी डामर की सड़क बनवाई जाए", सीनियर एडवोकेट विजय तिवारी जनहित के विषय पर फिर हुए मुखर, जनरज मैनेजर, पश्चिम मध्य रेलवे, क्षत्रपति शिवाजी टर्मिनल, मुम्बई (महा.) के साथ साथ डिवीजनल रेलवे मैनेजर, पश्चिम मध्य रेलवे, हबीबगंज भोपाल को भेजा वैधानिक पत्र

शनिवार, 11 अप्रैल 2026

/ by Vipin Shukla Mama
शिवपुरी। दोस्तों जन जन से जुड़े जिन विषय को विधायक, नपाध्यक्ष या स्थानीय अधिकारियों आदि को संज्ञान में लेकर जनता के काम करवाना चाहिए शिवपुरी में उन विषय को कुछ जागरूक एडवोकेट्स उठाते आए हैं और उन्हें अंजाम तक पहुंचाया है। इन एडवोकेट्स में सबसे अग्रणी हैं सीनियर एडवोकेट और जिला अभिभाषक संघ के जिलाध्यक्ष विजय तिवारी जिन्होंने पूर्व में नगर की उखड़ी सड़कें बनवाने हाईकोर्ट से लीगल टीम (Legal Team) गठित करवाकर सड़कों का निर्माण करवाया था। इसी कार्य में पूर्व मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने भी प्रमुख भूमिका अदा की थी। इसके अलावा खूबत घाटी के फोरलेन निर्माण में भी जब ठेकेदार ने नियम विरुद्ध रोड मोटरेबल किए बिना कार्य किया और गिट्टी, धूल से जनता परेशान हुई तब एडवोकेट तिवारी के साथ धमाका न्यूज ने भी उक्त मामले को अंजाम तक पहुंचाया था। जिसके बाद पुरानी सड़क पर डामरीकरण कर नया कार्य कई महीने में पूरा हुआ। इसी प्रकार रेलवे भूमि से अतिक्रमण हटवाने, विवेकानंद के रेलवे भूमि पर बनाए बगीचों आदि के कब्जों को हटवाया था। 
इसी फेहरिस्त में एक बार फिर जनहित के मसले को लेकर तिवारी जी मुखर हुए हैं। उन्होंने शिवपुरी के पुराने रेलवे स्टेशन की उखड़ी पड़ी डामर की सड़क और उनसे परेशान लोगों का जिक्र करते हुए उस सड़क के नवनिर्माण की मांग की है। 
एडवोकेट तिवारी ने एक रजिस्टर्ड वैधानिक पत्र जनरज मैनेजर, पश्चिम मध्य रेलवे, क्षत्रपति शिवाजी टर्मिनल, मुम्बई (महा.) के साथ साथ डिवीजनल रेलवे मैनेजर, पश्चिम मध्य रेलवे, हबीबगंज भोपाल को भेजा है। जिसमें व्यापक लोकहित से संबंधित पुराने रेल्वे स्टेशन के पास, वार्ड क. 2 स्थित रेलवे कॉलोनी एवं शक्तिपुरम कॉलोनी जाने वाली सड़क के पुर्ननिर्माण की मांग की है। आइए देखिए क्या लिखा है और पत्र में..
रजिस्टर्ड वैधानिक सूचना पत्र
विजय तिवारी एडवोकेट, साकेत शक्तिपुरम कॉलोनी शिवपुरी (म.प्र.)
सूचक
विरूद्ध
1. जनरज मैनेजर, पश्चिम मध्य रेलवे, क्षत्रपति शिवाजी टर्मिनल, मुम्बई (महा.)
2. डिवीजनल रेलवे मैनेजर, पश्चिम मध्य रेलवे, हबीबगंज भोपाल (म.प्र.)
सूचितगण
महोदय
हमारे द्वारा व्यापक लोकहित से संबंधित पुराने रेल्वे स्टेशन के पास, वार्ड क. 2 स्थित रेलवे कॉलोनी एवं शक्तिपुरम कॉलोनी जाने वाली सड़क के पुर्ननिर्माण हेतु। आप सूचितगण के विरूद्ध यह नोटिस प्रचलित किया जा रहा है जो विदाउट प्रीज्यूडिस समझा जावे।
1. यह कि, सूचक विगत 35 वर्षों से जिला एवं सत्र न्यायालय शिवपुरी में अधिवक्ता के रूप में कार्यरत होकर वरिष्ठ अधिवक्ता होकर वर्तमान में जिला अभिभाषक संघ शिवपुरी का निर्वाचित अध्यक्ष है। प्रार्थी द्वारा निरंतर भ्रष्टाचार के विरूद्ध लड़ाई लड़ी जाती रही है। प्रार्थी द्वारा की गई शिकायतों पर से आर्थिक अपराध ब्यूरो एवं लोकायुक्त संगठन ने कई भ्रष्ट अधिकारियों व कर्मचारियों के विरूद्ध आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध किये हैं जो माननीय न्यायालयों में विचाराधीन हैं तथा आप सूचित कमशः पश्चिम मध्य रेलवे में जनरल मैनेजर एवं डिवीजनल मैनेजर के पद पर आसीन हैं तथा शिवपुरी आप सूचितगण के कार्यक्षेत्र में आता है।
2. 3.यह कि, शिवपुरी शहर के हृदयस्थल में पुराना रेलवे स्टेशन स्थापित था। नैरोगेज के ब्रॉडगेज में परिवर्तन होने पश्चात उक्त संपत्ति अब शहर के बीचोंबीच आ गई है तथा उक्त स्थान पर रेलवे विभाग के 20-25 क्वार्टर एवं रेलवे विभाग के ए.ई.एन. का बंगला एवं गोदाम स्थापित है।
यह कि, उक्त क्षेत्र नगरपालिका शिवपुरी के बार्ड क. 2 के अंतर्गत आता है तथा उक्त क्षेत्र में लगभग 15-20 हजार की आबादी निवास करती है। उक्त क्षेत्र में स्थित मटका पार्क (तिकोनिया पार्क) से ए.ई.एम. के बंगले के आउट हाउस तक लगभग 100 मीटर की सड़क का निर्माण कई वर्ष पूर्व रेलवे विभाग द्वारा करवाया गया था वर्तमान में उक्त 100 मीटर के टुकड़े में नाममात्र को भी डामर के चिन्ह दिखाई नहीं देते हैं। डामर पूरी तरह से गायब हो चुका है मात्र सड़क पर गिट्टी ही शेष रह गई है। उक्त गिट्टी में फंसकर कई दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो चुके हैं तथा स्कूल आने जाने वाले बच्चे जो साइकल से अपने विद्यालय जाते हैं वे प्रायः उक्त गिट्टियों में गिरने से चोटिल होते दिखाई देते रहते हैं।
4. यह कि, उक्त 1000 मीटर की सड़क रेलवे विभाग के अधिकारी विश्राम गृह, रेलवे विभाग के कर्मचारियों के आवास तक जाती है तथा उक्त 1000 मीटर सड़क के टुकड़े से उक्त क्षेत्र के हजारो निवासियों का प्रतिदिन आवागमन होता रहता है। सड़क से डामर समाप्त होने के कारण उखड़ी हुई गिट्टियों के कारण नागरिकों का उक्त सड़क पर पैदल अथवा दो पहिया वाहन से चलना कतई सुरक्षित नहीं रह गया है। व्यापक लोकहित में उक्त  सड़क के टुकडे का डामरीकरण शीघतिशीघ्र कराया जाना आवश्यक है।
5. यह कि, पूर्व में भी लोकहित से संबंधित उक्त मुद्दे को लेकर आप सूचित क. 2 को आवेदन पत्र प्रेषित किये थे किंतु आप सूचितगण द्वारा उक्त संबंध में आज दिनांक तक कोई कार्यवाही नहीं की गई है।
अतः वैधानिक सूचना पत्र द्वारा आप सूचितगण से अपेक्षा की जाती है कि नोटिस में उल्लेखित विषय की गंभीरता को ध्यान में रखेते हुये आप सूचितगण उक्त सड़क के पुर्ननिर्माण हेतु तत्काल ठोस कार्यवाही प्रारंभ की जावेगी अन्यथा की दशा में विवश होकर हमें आप सूचितगण के विरूद्ध उक्त संबंध में न्यायालयीन कार्यवाही करने हेतु बाध्य होना पड़ेगा। जिसके समस्त हर्जे खर्चे की जवाबदेही आप सूचितगण की होगी।
इस वैधानिक सूचना पत्र को सम्हाल कर रखें इस सूचना पत्र की एक प्रति हमारे कार्यालय में सुरक्षित है जो वक्त जरूरत यथास्थान प्रस्तुत की जावेगी।
इति दिनांक 11/04/2026
सूचक
एडवोकेट
विजय तिवारी निवासी "साकेत" शक्तिपुरम शिवपुरी (म.प्र.)













कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129