Responsive Ad Slot

Latest

latest

#धमाका_न्यूज: कलेक्टर अर्पित वर्मा ने सतनवाडा उपार्जन केन्द्र का किया निरीक्षण

गुरुवार, 30 अप्रैल 2026

/ by Vipin Shukla Mama
*उपार्जन प्रक्रिया, उपज की गुणवत्ता, बारदाने की उपलब्धता सहित व्यवस्थाओं का लिया जायजा
शिवपुरी, 30 अप्रैल 2026। जिले में बनाए गए विभिन्न उपार्जन केन्द्रों पर मप्र शासन के निर्देशानुसार समर्थन मूल्य पर गेहूॅ उपार्जन का कार्य किया जा रहा है। उपार्जन कार्य सुचारू रूप से सम्पन्न हो, इसके लिए कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा द्वारा स्वयं जिले में सतत् रूप से विभिन्न उपार्जन केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण कर उपार्जन कार्य और केन्द्रों पर किसानों की सुविधा हेतु की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है। 
इसी क्रम में गुरूवार को कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री वर्मा द्वारा सतनवाड़ा क्षेत्र में उपार्जन केन्द्र शशिचंद वेयरहाउस, सतनवाड़ा सोसायटी में उपार्जन केन्द्र का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री वर्मा द्वारा उपार्जन कार्य, उपज की गुणवत्ता, तुलाई कार्य सहित केन्द्र पर किसानों के लिए की गईं व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। साथ ही उपस्थित अधिकारियों तथा केन्द्र प्रभारी से अभी तक उपार्जित उपज की मात्रा, बारदाने की उपलब्धता, किसानों को राशि भुगतान आदि की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि शासन की उपार्जन नीति के अनुरूप उपार्जन कार्य किया जाए तथा किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न आए। उपार्जन केन्द्रों पर तुलाई के लिए 6 से ऊपर भी काटे रख सकते है। 
कलेक्टर श्री वर्मा ने अधिकारियों से कहा कि उपज विक्रय हेतु आ रहे किसानों के लिए छायादार बैठक व्यवस्था आदि सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने उपज विक्रय हेतु आए किसानों से भी चर्चा की। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर दिनेश चंद्र शुक्ला, संयुक्त कलेक्टर जे.पी.गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर मोतीलाल अहिरवार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
*कलेक्टर ने किसानों से ली जानकारी
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने उर्पाजन केन्द्र सतनवाड़ा सोसायटी पर स्थित किसानों से तुलाई, पेयजल, बैठक व्यवस्था के संबंध में आवश्यक जानकारी ली। भानगढ़ निवासी कृषक सुल्तान सिंह धााकड़ ने बताया कि कोई समस्या नहीं है, सब ठीक है। बृजेश धाकड़ से जानकारी लेने पर बताया कि उनसे तुलाई के रूपए लिए गए है। जिस पर कलेक्टर ने तुरंत संबंधित तुलाई करने वाले व्यक्ति को बुलाकर कृषक के रूपए वापस कराए। संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए कि आगे से ऐसा काम हुआ तो संबंधित के विरूद्ध कार्यवाही करें।
*पेयजल व्यवस्था की जानकारी ली
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने उपार्जन केन्द्र पर किसानों को लिए रखे गए पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान केन्द्र प्रभारी ने बताया कि जहां ट्यूबवेल लगा हुआ है, उसकी के पास छाया में किसानों के लिए पेयजल की व्यवस्था की गई है। जिस पर कलेक्टर ने संबंधित स्थल पर पहुंचकर पानी की गुणवत्ता की जानकारी ली। 
*सर्वेयर से गेहूं की जांच के संबंध में ली जानकारी
उपार्जन केंद्र पर व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने शशिचंद बेयर हाउस सतनबाड़ा सोसायटी पर स्थित सर्वेयर से गेहूं की जांच के संबंध में जानकारी ली। जिस पर सर्वेयर ने तुरंत मौके पर ही कलेक्टर श्री वर्मा को गेहूं की जांच करके दिखाया। 













कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129