*जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में दिए निर्देश
शिवपुरी, 29 मई 2026। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने आज स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक ली। विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों और टीकाकरण अभियानों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री वर्मा ने समस्त ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर्स को पूरी गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत गांवों में लगेंगे कैंप
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने निर्देश दिए कि अधिकारी केवल कागजी खानापूर्ति न करें, बल्कि गांवों और ब्लॉकों में विशेष कैंप आयोजित कर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करें। इन कैंपों के माध्यम से बीमार व कुपोषित बच्चों को चिन्हित कर उन्हें तुरंत उपचार उपलब्ध कराया जाए।
टीकाकरण अभियान में लाएं तेजी: एचपीवी और पेंटावेलेंट कवरेज बढ़ाने पर जोर
टीकाकरण महाअभियान की समीक्षा करते हुए जिला मजिस्ट्रेट ने पेंटावेलेंट वैक्सीन की पहली खुराक का कवरेज बढ़ाने और शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, बालिकाओं को गंभीर बीमारियों से बचाने के लिए चलाए जा रहे एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) टीकाकरण कवरेज को भी जल्द से जल्द पूरा करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
गर्भवती महिलाओं का पहली तिमाही में रजिस्ट्रेशन और बाल मृत्यु दर की समीक्षा
कलेक्टर श्री वर्मा ने गर्भवती महिलाओं और नवजातों की सुरक्षा के लिए गर्भावस्था की पहली तिमाही में ही शत-प्रतिशत एएनसी रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने मातृ और शिशु मृत्यु दर की घटनाओं को कम करने के लिए हर मामले की चिन्हित करके को कहा है।
हाई रिस्क प्रेगनेंसी महिलाओं की पहचान और विशेष इलाज
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत हाई रिस्क प्रेगनेंसी वाली महिलाओं की विशेष ट्रैकिंग की जाएगी। कलेक्टर श्री वर्मा ने निर्देश दिए हैं कि गंभीर एनीमिया, पीआईएच, जीडीएम, हेपेटाइटिस और एचआईवी से पीड़ित गर्भवती महिलाओं की फील्ड स्तर पर पहचान की जाए और प्रसव के दौरान जोखिम को कम करने के लिए उनका बेहतर मेडिकल मैनेजमेंट सुनिश्चित हो।
सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश
बैठक में कलेक्टर श्री वर्मा ने समस्त जनपद पंचायत के कार्यपालन अधिकारियों के साथ ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर को समन्वय बनाकर स्वास्थ्य विभाग से संबंधित लंबित कार्यों और डेटा को तुरंत पूरा करवाएं। इसके साथ ही उन्होंने सीएम हेल्पलाइन पर आने वाली आम जनता की स्वास्थ्य संबंधी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर संतुष्टिपूर्ण निराकरण करने की हिदायत दी।
बैठक के अंत में कलेक्टर श्री वर्मा ने स्पष्ट कहा कि ग्रामीण अंचलों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
भ्रूण लिंग परीक्षण कानूनी अपराध, प्रभावी निगरानी के साथ हो सख्त कार्रवाई- कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा
पीसीपीएनडीटी एक्ट के तहत गठित सलाहकार समिति की बैठक संपन्न
शिवपुरी जिले में लिंगानुपात में सुधार करने और प्रसव पूर्व भ्रूण लिंग परीक्षण जैसी सामाजिक बुराई पर पूरी तरह अंकुश लगाने हेतु कलेक्ट्रेट सभागार में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा की अध्यक्षता में पीसीपीएनडीटी एक्ट के तहत गठित जिला स्तरीय सलाहकार समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति के सदस्यों के साथ जिले में एक्ट के प्रभावी क्रियान्वयन और मॉनिटरिंग को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
कलेक्टर श्री वर्मा ने दिए सख्त निगरानी के निर्देश
बैठक मे कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रसव पूर्व भ्रूण का लिंग परीक्षण करना और करवाना एक गंभीर कानूनी अपराध है। इस पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए ही पीसीपीएनडीटी एक्ट लागू किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में संचालित सभी सोनोग्राफी केंद्रों की नियमित और औचक जांच की जाए। यदि कहीं भी नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित के खिलाफ तत्काल कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
लिंगानुपात में सुधार के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी
कलेक्टर श्री वर्मा ने समाज में बेटियों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि जिले के लिंगानुपात में सुधार लाना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में से एक है। उन्होंने कहा, ष्यह केवल एक सरकारी विभाग की जिम्मेदारी नहीं है। जिले में भ्रूण लिंग परीक्षण को रोकने और बालिकाओं के प्रति सकारात्मक माहौल बनाने के लिए समाज के हर वर्ग और सभी के सामूहिक प्रयास बेहद जरूरी हैं।
जागरूकता अभियान पर भी रहेगा जोर
बैठक में निर्णय लिया गया कि एक तरफ जहां कानून का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, वहीं दूसरी तरफ समाज को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान भी चलाए जाएंगे। इसके तहत स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों के माध्यम से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोगों को जागरूक किया जाएगा।














सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें