शिवपुरी। यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी आरजीपीवी शिवपुरी में “मेंटल हेल्थ एंड सुसाइड प्रिवेंशन अवेयरनेस प्रोग्राम” विषय पर एक विशेषज्ञ व्याख्यान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नेशनल टास्क फोर्स के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा आत्महत्या रोकथाम के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना था।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ वंदना खुराना उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को मानसिक तनाव, अवसाद, भावनात्मक चुनौतियों एवं आत्महत्या जैसे गंभीर विषयों पर जागरूक करते हुए सकारात्मक सोच अपनाने और आवश्यकता पड़ने पर परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है और समय रहते संवाद एवं सहयोग से कई समस्याओं का समाधान संभव है।
इस कार्यक्रम की नोडल अधिकारी श्रीमति प्रतिभा चौरसिया रहीं। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई तथा विद्यार्थियों से मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक एवं संवेदनशील बनने का आह्वान किया।
संस्थान के संचालक प्रोफेसर डॉ एस के धाकड़ ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए मानसिक रूप से स्वस्थ वातावरण अत्यंत आवश्यक है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रम छात्रों को जीवन की चुनौतियों का सकारात्मक रूप से सामना करने की प्रेरणा देते हैं। कार्यक्रम में संस्थान के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में सभी ने मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता करने का संकल्प लिया।













सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें