सिकरवार ट्रेवल्स की बस क्रमांक MP07 P 4188 शिवपुरी से ग्वालियर जा रही थी। बताया गया है कि बस में क्षमता से अधिक यात्री सवार थे। मुड़खेड़ा टोल प्लाजा के पास पहुंचते ही इंजन में स्पार्किंग हुई और धुआं उठने लगा।
चालक ने तुरंत बस रोकी और सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार लिया। कुछ देर बाद इंजन से धुआं निकलना बंद हो गया। हालांकि, एहतियात के तौर पर यात्रियों को दूसरी बस से ग्वालियर भेजा गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।
इस घटना ने एक बार फिर शिवपुरी-ग्वालियर-गुना रूट पर चलने वाली निजी बसों की फिटनेस और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बस संचालक आरटीओ नियमों की अनदेखी करते हुए क्षमता से अधिक यात्री बैठाते हैं।
उनका यह भी कहना है कि कई बसों के पास फिटनेस सर्टिफिकेट तो होते हैं, लेकिन वे तकनीकी रूप से अनफिट हालत में सड़कों पर दौड़ रही हैं। लोगों का आरोप है कि ऐसी शिकायतें पहले भी सामने आई हैं, लेकिन परिवहन विभाग द्वारा कोई प्रभावी जांच या कार्रवाई नहीं की गई।
घटना के बाद जागा परिवहन विभाग
घटना के बाद परिवहन विभाग भी हरकत में आ गया। जानकारी के मुताबिक सूचना मिलते ही शिवपुरी आरटीओ रंजना भदौरिया मौके पर पहुंचीं और संबंधित बस को जब्त कर सुभाषपुरा थाना परिसर में खड़ा करवाया गया।
इसके बाद आरटीओ द्वारा मुड़खेड़ा टोल प्लाजा पर चेकिंग अभियान चलाकर अन्य यात्री बसों की भी जांच की गई। इस दौरान बसों के दस्तावेज, फिटनेस और क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने जैसे मामलों की पड़ताल की गई। घटना के बाद परिवहन विभाग की कार्रवाई को लेकर लोगों में चर्चा रही कि यदि पहले नियमित जांच होती, तो इस तरह की घटनाओं पर समय रहते अंकुश लगाया जा सकता था।













सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें