शिवपुरी (करैरा): मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा में मंगलवार की शाम उस समय एक अजीबोगरीब स्थिति निर्मित हो गई, जब वाहन चेकिंग से नाराज एक बहिन पुलिस की गाड़ी के बोनट पर जा बैठी। भाई की मोटरसाइकिल का चालान काटे जाने से खफा इस युवती, पुलिस वाहन के बोनट पर जाकर बैठ गई और बीच सड़क पर प्रशासनिक अमले के सामने जमकर हंगामा काटा। यह पूरा वाक्या करैरा अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (SDOP) कार्यालय के ठीक सामने मुख्य मार्ग पर घटित हुआ, जिसका वीडियो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है।
रूटीन चेकिंग के दौरान भड़का विवाद
करैरा पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में कानून व्यवस्था और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए रूटीन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान पुलिस ने एक युवक को बिना जरूरी दस्तावेजों या नियमों के उल्लंघन के चलते रोका और उसकी बाइक का चालान काट दिया।
पुलिस वाहन के बोनट पर बैठी युवती
भाई की गाड़ी का चालान होने और पुलिस की इस कार्रवाई से युवक के साथ आई उसकी बहन बेहद नाराज हो गई। महिला ने मौके पर ही पुलिसकर्मियों का विरोध करना शुरू कर दिया और अचानक दौड़कर सरकारी पुलिस गाड़ी (जीप) के बोनट पर जाकर जम गई। महिला को गाड़ी के बोनट पर बैठा देख ऑन-ड्यूटी पुलिस अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए। महिला ने बोनट पर बैठे-बैठे ही पुलिस प्रशासन के खिलाफ तीखी बहस की और गाड़ी को आगे नहीं बढ़ने दिया। SDOP ऑफिस के सामने व्यस्त सड़क पर महिला के इस हाई-वोल्टेज ड्रामे को देखने के लिए वहां से गुजर रहे राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। मौके पर मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन से इस पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो अब #karera हैशटैग के साथ सोशल मीडिया पर जमकर सुर्खियां बटोर रहा है।
पुलिस कर रही वैधानिक कार्रवाई की तैयारी
सरकारी काम में बाधा डालने और सार्वजनिक स्थान पर हंगामा करने के इस मामले को लेकर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने संज्ञान लिया है। पुलिस प्रशासन द्वारा महिला को बोनट से उतारकर मामले को शांत कराया गया, और अब इस मामले में पुलिस नियमों के उल्लंघन और शासकीय कार्य में व्यवधान उत्पन्न करने को लेकर उचित वैधानिक कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है।
#karera
सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें