shivpuri शिवपुरी। खनियाधाना विकासखंड के ग्राम गूडर में आज सुबह सिलेंडर में आग लगने से जोरदार धमाका हुआ। नतीजे में घर की छत दीवार सहित जमीदोंज हो गई। ब्लास्ट इतना जोरदार हुआ कि मकान की छत और दीवारें भर-भराकर गिर गईं। मलबे में दबने और आग की चपेट में आने से 4 वर्षीय मासूम जाह्नवी प्रजापति की मौत हो गई, जबकि परिवार के चार सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए। घटना की सूचना मिलते ही पिछोर विधायक श्री प्रीतम लोधी, कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री अर्पित वर्मा तथा पुलिस अधीक्षक
यांगचेन डोलकर भूटिया तत्काल मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। इस घटना में कुल 5 लोग प्रभावित हुए, जिनमें एक 4 वर्षीय बालिका की मौत हो गई। शेष 4 घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज शिवपुरी पहुंचाया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों द्वारा उन्हें बेहतर उपचार हेतु ग्वालियर रेफर किया गया। जिला प्रशासन द्वारा घायलों के समुचित उपचार एवं आवश्यक सहायता की सतत निगरानी की जा रही है। इधर कलेक्टर श्री वर्मा ने घायलों को शीघ्र उपचार उपलब्ध कराने हेतु तत्काल मेडिकल कॉलेज शिवपुरी भेजने के निर्देश दिए तथा स्वयं भी घटनास्थल के लिए रवाना हुए।
बेटी को स्कूल जाना था, तैयार कर रही थी मां
खनियाधाना थाना पुलिस के अनुसार, हादसा बुधवार सुबह करीब 8.30 बजे प्राण सिंह प्रजापति के घर हुआ। प्राण सिंह प्रजापति (30) की पत्नी रोशनी प्रजापति (27) घर में एलपीजी गैस चूल्हे पर जाह्नवी को स्कूल भेजने की तैयारी में नाश्ता बना रही थी। जाह्नवी पलंग पर बैठी हुई थी। उसी के पास उनका डेढ़ साल का मासूम बेटा शिवा प्रजापति लेटा हुआ था। पड़ोसी का 15 साल का बेटा कल्ला आदिवासी भी घर में था। प्राण सिंह के पिता फूल सिंह प्रजापति घर के बाहर बैठे थे, तभी धमाका हुआ।
मकान की छत और दीवारें ढह गईं। कई फीट ऊंची आग की लपटें उठने लगीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धमाके के बाद फूल सिंह प्रजापति परिवार के सदस्यों को बचाने के लिए घर के अंदर पहुंचे, लेकिन वे भी आग की चपेट में आकर झुलस गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस और प्रशासन को सूचना दी।
फायर ब्रिगेड ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद जेसीबी मशीन की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू किया गया। इसी दौरान 4 वर्षीय जाह्नवी का शव मिला।














सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें