Responsive Ad Slot

Latest

latest

#मामा_का_धमाका: एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया की पोहरी पुलिस टीम ने 36 घंटे में 25 लाख की चोरी का किया खुलासा

सोमवार, 29 जून 2026

/ by Vipin Shukla Mama
शिवपुरी। पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन में शिवपुरी पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल करते हुए पोहरी थाना क्षेत्र में हुई 25 लाख रुपये की चोरी का महज 36 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने अंतर्राज्यीय पारदी गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गई तिजोरी, सोने-चांदी के आभूषण, 85 हजार रुपये नकद और मोटरसाइकिल सहित कुल 25 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक आरोपी पर राजस्थान पुलिस द्वारा 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।
जानकारी के अनुसार 25 जून 2026 को फरियादी अनुज शर्मा निवासी कृष्णगंज, पोहरी ने थाना पोहरी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 24 जून की मध्यरात्रि अज्ञात चोर उसके छोटे भाई नीतू शर्मा के घर के ताले और कुंडी काटकर कमरे में रखी अलमारी से सोने-चांदी के पुराने आभूषण, करीब तीन क्विंटल वजनी लोहे की तिजोरी तथा गैलरी में खड़ी पल्सर मोटरसाइकिल चोरी कर ले गए। मामले में थाना पोहरी में अपराध क्रमांक 187/2026 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया ने तत्काल विशेष टीम गठित कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं चोरी गए माल की बरामदगी के निर्देश दिए। थाना पोहरी, थाना सुभाषपुरा और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देते हुए तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र एवं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
जांच के दौरान पुलिस को चकराना रोड स्थित सीएचसी अस्पताल के पास पुलिया के नीचे चोरी गई पल्सर मोटरसाइकिल तथा क्षतिग्रस्त अवस्था में लोहे की तिजोरी बरामद हुई। इसके बाद 27 जून की रात मुखबिर से सूचना मिली कि तीन संदिग्ध व्यक्ति आईटीआई कॉलेज के पीछे नाले के पास चोरी के माल के बंटवारे की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में रामनिवास मोगिया निवासी गोपालपुर, श्रीवल्लभ उर्फ रनघोर पारदी निवासी कनैरा तथा रामेश्वर गोस्वामी निवासी ग्वालीपुरा पोहरी शामिल हैं। तलाशी के दौरान आरोपी श्रीवल्लभ पारदी के कब्जे से एक अवैध देशी बंदूक भी बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने चोरी का माल रामेश्वर गोस्वामी के खेत के पास नाले में मिट्टी में दबाकर छिपा रखा है।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक मंगलसूत्र, चार अंगूठियां, दो कड़े, एक जंजीर, दो जोड़ी झुमकी, तीन करधौनी, चार पायल, सात तोड़िया, बच्चों के चूड़े, बिछिया, हाई सेट, पुतलियां, चांदी के सिक्के सहित लगभग 23 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण तथा 85 हजार रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा चोरी गई पल्सर मोटरसाइकिल, लोहे की तिजोरी और आरोपी से बरामद अवैध देशी बंदूक भी जब्त की गई। कुल बरामद मशरूका करीब 25 लाख रुपये का है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी श्रीवल्लभ पारदी और रामनिवास मोगिया अंतर्राज्यीय गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं। श्रीवल्लभ पारदी के खिलाफ मध्यप्रदेश और राजस्थान में चोरी, लूट, डकैती, हत्या तथा हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर अपराध दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी पर कोटा रेंज, राजस्थान के पुलिस महानिरीक्षक द्वारा 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। वहीं रामनिवास मोगिया के विरुद्ध भी मध्यप्रदेश एवं राजस्थान के विभिन्न थानों में आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट और नकबजनी सहित कई अपराध दर्ज हैं।
इस उल्लेखनीय सफलता का श्रेय पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया की प्रभावी मॉनिटरिंग, सटीक रणनीति और पुलिस टीम की सतर्क एवं समन्वित कार्रवाई को दिया जा रहा है। उनके नेतृत्व में शिवपुरी पुलिस लगातार संगठित अपराधियों पर शिकंजा कस रही है और गंभीर वारदातों का त्वरित खुलासा कर आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत कर रही है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी पोहरी निरीक्षक रवि चौहान, थाना प्रभारी सुभाषपुरा उपनिरीक्षक अरविंद चौहान, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह जाट सहित थाना पोहरी, थाना सुभाषपुरा एवं साइबर सेल की पूरी टीम की सराहनीय भूमिका रही।














कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129