Responsive Ad Slot

Latest

latest

#मामा_का_धमाका: जनसुनवाई, पति ने पत्नी पत्नी पर लगाए मानसिक प्रताड़ना, झूठे दहेज केस में फंसाने, लाखों के जेवर ले जाने के आरोप, इधर 83 वर्षीय वृद्धा ने छोटे बेटे और बहू पर लगाए मानसिक प्रताड़ना के आरोप

मंगलवार, 30 जून 2026

/ by Vipin Shukla Mama
विपिन शुक्ला के साथ ऋषि शर्मा की रिपोर्ट 
शिवपुरी। शहर के फिजिकल थाना क्षेत्र अंतर्गत कमलागंज घोसीपुरा निवासी अजय शाक्य ने अपनी पत्नी रचना शाक्य एवं उसके मायके पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कलेक्टर शिवपुरी को एक विस्तृत आवेदन सौंपा है। आवेदन में उन्होंने पत्नी द्वारा मानसिक प्रताड़ना देने, झूठे दहेज प्रकरण में फंसाने की धमकी देने, घर से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर, नकदी और अन्य सामान लेकर चले जाने तथा झूठी शिकायत करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन के अनुसार अजय शाक्य की शादी 19 फरवरी 2026 को झांसी निवासी रचना शाक्य के साथ हुई थी। उनका कहना है कि शादी के शुरुआती दिनों तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन कुछ समय बाद पत्नी का व्यवहार अचानक बदल गया। आरोप है कि वह आए दिन पति और उसके परिवार के सदस्यों के साथ अभद्र व्यवहार करने लगी तथा छोटी-छोटी बातों पर विवाद करने लगी।
पीड़ित का आरोप है कि पत्नी मोबाइल पर अन्य युवकों से लगातार बातचीत करती थी। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो पत्नी ने दहेज एक्ट सहित अन्य मामलों में पूरे परिवार को फंसाने की धमकी दी। आवेदन में यह भी
उल्लेख किया गया है कि इस संबंध में पत्नी के मायके पक्ष को भी जानकारी दी गई, लेकिन उन्होंने समझाने के बजाय अपनी बेटी का पक्ष लिया।
अजय शाक्य ने आवेदन में बताया कि 29 जून 2026 को पत्नी ने अपने मायके पक्ष के लोगों को शिवपुरी बुलाया। इसके बाद वह अपने साथ घर में रखे सोने-चांदी के जेवर, नकदी, कपड़े और अन्य सामान लेकर मायके चली गई। साथ ही यह भी आरोप लगाया कि जाते समय पत्नी ने उनके साथ रहने से इनकार कर दिया।
आवेदन में यह भी दावा किया गया है कि पत्नी ने उनके और परिवार के खिलाफ फिजिकल थाना में गलत तथ्यों के आधार पर शिकायत दर्ज कराई है। अजय शाक्य का कहना है कि उन्होंने पत्नी के साथ कभी मारपीट या दहेज की मांग नहीं की, इसलिए किसी भी शिकायत पर कार्रवाई से पहले निष्पक्ष जांच कराई जाए।
पीड़ित ने कलेक्टर से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा यदि भविष्य में उनके विरुद्ध कोई शिकायत या कानूनी कार्रवाई होती है तो पहले तथ्यों की जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी निर्दोष व्यक्ति को झूठे प्रकरण में न फंसाया जा सके।
83 वर्षीय वृद्धा ने छोटे बेटे और बहू पर मानसिक प्रताड़ना व झूठे केस में फंसाने की धमकी देने का लगाया आरोप
शिवपुरी। जिले की एक 83 वर्षीय वृद्ध महिला ने अपने छोटे बेटे और बहू पर मानसिक प्रताड़ना, धमकी और पारिवारिक विवाद को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। इस संबंध में उन्होंने जिला कलेक्टर को आवेदन देकर सुरक्षा और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन के अनुसार, वृद्धा कमलादेवी गुप्ता निवासी ग्राम मनपुरा (परगना पिछोर), थाना भौंती, जिला शिवपुरी ने बताया कि पारिवारिक बंटवारे में दोनों बेटों को उनका हिस्सा दिया जा चुका है। इसके बावजूद छोटे बेटे दीपक कुमार गुप्ता और बहू रंजना गुप्ता आए दिन उन्हें, बड़े बेटे ओमप्रकाश गुप्ता तथा बड़ी बहू सूरजदेवी गुप्ता को मानसिक रूप से परेशान करते हैं।
वृद्धा का आरोप है कि विरोध करने पर झगड़ा किया जाता है और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जाती है। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि उनके हिस्से के एक खाली कमरे पर ताला लगा दिया गया है, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वृद्धा ने बताया कि पति के निधन के बाद से वह बड़े बेटे और बहू के साथ रह रही हैं तथा वही उनका पालन-पोषण और देखभाल कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि छोटे बेटे और बहू के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाए, उनके हिस्से के कमरे का कब्जा दिलाया जाए तथा भविष्य में किसी भी शिकायत की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
आवेदन में यह भी कहा गया है कि यदि भविष्य में परिवार के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित पक्ष की होगी।















कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129