* टाइम टेबल में विसंगतियां, गुना से शिवपुरी 102 किलोमीटर के 4 घंटे 45 मिनिट लेगी
रेलवे सुविधा संघर्ष समिति ने टाइम टेबल में सुधार हेतु रेलमंत्री को भेजा पत्र
बदरवास/शिवपुरी। हाल ही में रेलवे द्वारा शिवपुरी गुना होकर प्रयागराज–इंदौर स्पेशल (04169/04170)ट्रेन की घोषणा की है। स्पेशल ट्रेन चलाने का उद्देश्य यात्रियों को सुविधा और अतिरिक्त यात्री दवाब को कम करना है। लेकिन रेलवे इस ट्रेन को चलाने से पहले इसके टाइम टेबल पर ध्यान देना भूल गया और इस गाड़ी का टाइम टेबल यात्रियों को परेशानी पैदा करने वाला है जिसमें उनका यात्रा समय अधिक लगेगा।इस स्पेशल ट्रेन में शिवपुरी से इंदौर का समय 12 घंटे 13 मिनिट और इंदौर से शिवपुरी का समय 12 घंटे 50 मिनट लगेगा। जो कि अन्य गाड़ियों के टाइम से चार से पांच घंटे अधिक है। रेलवे सुविधा संघर्ष समिति ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव तथा रेलवे बोर्ड को पत्र लिखकर इस गाड़ी के टाइम टेबल में सुधार कर यात्रा समय कम करने सहित ट्रेन को रेगुलर कर बदरवास स्टेशन पर स्टॉपेज देने की मांग की है।
रेलवे सुविधा संघर्ष समिति के संयोजक गोविन्द अवस्थी ने बताया कि सूबेदारगंज(प्रयागराज) –इंदौर स्पेशल ट्रेन की समय सारणी यात्रियों को अधिक समय लेकर कम दूरी तय करेगी। ट्रेन को रास्ते में इतना अधिक समय दिया गया है कि यात्री बहुत परेशान हो जाएंगे। यह स्पेशल ट्रेन नंबर 4170 इंदौर से 16 जून से 29 सितंबर तक शनिवार और मंगलवार को रात 8:30 बजे चलकर अगली सुबह 09:20 बजे शिवपुरी पहुंचेगी। इंदौर से शिवपुरी की कुल दूरी 420 किलोमीटर को यह गाड़ी 12 घंटे 50 मिनट में पूरा करेगी।मतलब 33 किलोमीटर प्रतिघंटा की स्पीड से।
वहीं दूसरी ओर 15 जून से 28 सितंबर तक सोमवार और शुक्रवार को प्रयागराज से आने वाली स्पेशल ट्रेन नंबर 4169 शिवपुरी से सायं 4:42 बजे चलकर अगले दिन सुबह 04:55 बजे इंदौर 12 घंटे 13 में पहुंचेगी। यही दूरी ग्वालियर–रतलाम इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन शिवपुरी से इंदौर 9 घंटा 23 मिनिट में और रतलाम–ग्वालियर इंटरसिटी ट्रेन इंदौर से शिवपुरी 8 घंटे 43 मिनिट में पहुंचा देती है जबकि रतलाम इंटरसिटी को भी एक्स्ट्रा टाइम देकर चलाया जाता है। और तो और गुना से शिवपुरी का टाइम 4:35 बजे चलकर 09:20 बजे पहुंचने का है ।गुना से शिवपुरी की 102 किलोमीटर की दूरी 4 घंटे 45 मिनिट में यह गाड़ी तय करेगी।
अवस्थी ने बताया कि प्रयागराज–इंदौर स्पेशल ट्रेन की टाइमिंग अधिक होने से यात्री परेशान होंगे साथ ही उनके अमूल्य समय की बर्बादी भी होगी। रेलवे को यात्रियों की सुविधा तथा समय की बचत करके टाइम टेबल बनाना चाहिए।
ये स्पेशल गाड़ी अभी शुरू नहीं हुई है इसलिए रेलवे को चाहिए कि टाइम टेबल में समय से सुधार करें जिससे यात्रियों को सुविधा हो और रेलवे के धन का अपव्यय न हो। इंदौर से शिवपुरी सभी गाड़ियों का समय अधिकतम 7 घंटे रखना चाहिए जिससे यात्रियों के अमूल्य समय की बचत हो सके।
ट्रेनों में शिवपुरी से इंदौर और इंदौर से शिवपुरी तक लगने वाला समय
ट्रेन का नाम, शिवपुरी से इंदौर समय, इंदौर से शिवपुरी समय
(1) सूबेदारगंज स्पेशल 12.13 घंटे, 12.50 घंटे
(2) अमृतसर एक्सप्रेस 7.15 घंटा, 06.28 घंटे
(3) ऊना हिमाचल एक्सप्रेस 9.15 घंटे, 08.13 घंटे
(4) रतलाम इंटरसिटी 9.33 घंटे, 08.43 घंटे














सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें