Responsive Ad Slot

Latest

latest

#धमाका_न्यूज: शिवपुरी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने किया एम.पी. विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों के साथ सार्थक संवाद

शुक्रवार, 12 जून 2026

/ by Vipin Shukla Mama
shivpuri शिवपुरी। शिवपुरी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री कार्यालय, विष्णु मंदिर रोड, शिवपुरी ने म.प्र. विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण यंत्री (S.E.) श्री दिनेश सुखीजा, डी.ई. श्री पटेल, श्री जैन एवं श्री इंद्रपाल बघेल जी की उपस्थिति में शहर की विद्युत व्यवस्था एवं उपभोक्ता समस्याओं को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बिजली विभाग के अधिकारियों एवं चैंबर प्रतिनिधियों के मध्य विभिन्न विषयों पर खुलकर एवं सकारात्मक चर्चा हुई। श्री सुखीजा जी ने विभाग द्वारा पिछले एक वर्ष में किए गए सुधारात्मक कार्यों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि विद्युत व्यवस्था में सुधार के लिए लगातार कार्य किए गए हैं, जिसके परिणामस्वरूप बिजली कटौती एवं विद्युत संबंधी शिकायतों में उल्लेखनीय कमी आई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी समय में ऐसी शिकायतें और भी कम होंगी।
बैठक में स्मार्ट मीटर विषय पर भी विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि स्मार्ट मीटर को लेकर आमजन में जो भ्रांतियां हैं, उन्हें दूर करने की आवश्यकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह व्यवस्था उपभोक्ताओं के हित में है तथा इससे पारदर्शिता एवं सुविधा दोनों बढ़ती हैं।
इसके अतिरिक्त नए विद्युत कनेक्शन, लोड बढ़ाने-घटाने, नामांतरण एवं अन्य उपभोक्ता सेवाओं की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया गया कि अधिकांश सेवाएं अब सरल एवं सुलभ हैं तथा उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान होने की आवश्यकता नहीं है।
विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि विभाग द्वारा प्रत्येक माह विभिन्न क्षेत्रों में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां उपभोक्ता अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी उपभोक्ता को किसी प्रकार की कठिनाई हो तो वह सीधे विभाग से संपर्क कर सकता है अथवा शिवपुरी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के माध्यम से भी अपनी बात विभाग तक पहुंचा सकता है।
चैंबर की ओर से महासचिव श्री विष्णु अग्रवाल, संयुक्त सचिव श्री तरुण अग्रवाल, कोर ग्रुप अध्यक्ष श्री राठी जी, श्री मुकेश जैन, श्री सुरेश बंसल, श्री समीर गांधी, श्री राजेश गोयल, श्री अमिताभ त्रिवेदी, श्री परमानंद खंडेलवाल, श्री धर्मेंद्र अग्रवाल, श्री द्वारका प्रसाद गुप्ता, श्री सर्वेश अरोड़ा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के प्रारंभ में चैंबर द्वारा विद्युत विभाग के अधिकारियों का माल्यार्पण एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। बैठक में विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की गई तथा उपस्थित सदस्यों की शंकाओं एवं सुझावों पर अधिकारियों ने विस्तार से चर्चा कर समाधान प्रस्तुत किए।
चैंबर की ओर से कहा गया कि संस्था व्यापारियों, उपभोक्ताओं एवं विद्युत विभाग के बीच एक सशक्त सेतु की भूमिका निभाना चाहती है, ताकि शहर की जनता एवं व्यापारिक वर्ग की विद्युत संबंधी समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान हो सके।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई तथा सभी प्रतिभागियों ने इसे उपयोगी एवं सकारात्मक संवाद बताया।














कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129