* मारपीट व झूठे आरोपों की धमकी से परेशान किन्नर समाज की पदाधिकारी ने कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार
शिवपुरी। रन्नौद की भावना किन्नर ने जिला कलेक्टर को आवेदन सौंपकर कुछ लोगों पर मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने तथा झूठे प्रकरण में फंसाने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। आवेदन में उन्होंने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
भावना किन्नर ने बताया कि 4 जून 2026 को उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से धमकी भरे संदेश भेजे गए। उनका आरोप है कि कुछ व्यक्तियों द्वारा वीडियो बनाकर उनके खिलाफ मारपीट संबंधी झूठे आरोप लगाए गए और उन्हें बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही उनके सहयोगियों को भी धमकियां दी जा रही हैं।
आवेदन में कहा गया है कि उन्हें लगातार झूठे केस में फंसाने और आत्महत्या का झूठा आरोप लगाकर बदनाम करने की धमकियां मिल रही हैं। भावना किन्नर का कहना है कि उनके पास संबंधित वीडियो और अन्य साक्ष्य सुरक्षित हैं, जिन्हें जांच के दौरान प्रस्तुत किया जा सकता है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग समाज में भ्रम और विवाद की स्थिति पैदा कर रहे हैं तथा उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। मामले को लेकर उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
भावना किन्नर ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी धर्म या समुदाय विशेष को लेकर विवाद पैदा करना नहीं है, बल्कि उन्हें न्याय दिलाया जाए और झूठे आरोपों व धमकियों से सुरक्षा प्रदान की जाए।














सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें