Responsive Ad Slot

Latest

latest

#mamakadhamakanews: जिला कलेक्टर अर्पित वर्मा की आज 24 जुलाई को हुई बैठकों की खबर, देखिए एक नजर

शुक्रवार, 24 जुलाई 2026

/ by Vipin Shukla Mama

*सभी विभाग आपसी समन्वय से गतिविधियां संचालित करें - कलेक्टर श्री वर्मा*
*'नशे से दूरी है जरूरी' अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश*
शिवपुरी, 24 जुलाई 2026। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने नशे से दूरी है जरूरी अभियान को लेकर सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि इस अभियान का जिले में प्रभावित क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। नशा मुक्त भारत के संकल्प के साथ सभी विभाग सक्रियता से अभियान में जुड़े।
कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आज नशे से दूरी है जरूरी अभियान को लेकर बैठक आयोजित की गई बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया भी उपस्थिति रहीं। कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि पुलिस विभाग के साथ जिला प्रशासन के भी संबंधित विभाग इस अभियान में अपनी भूमिका का निर्वहन करें, जिसमें सामाजिक न्याय विभाग, शिक्षा विभाग, खेल एवं युवा कल्याण विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। 

*युवाओं को करें जागरूक*
युवा पीढ़ी देश का भविष्य है इसलिए युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना है जिसमें विशेष कर स्कूल कॉलेज के छात्र-छात्राओं को यदि जागरूक किया जाए तो वह आने वाले समय में नशे की गिरफ्त से बच सकेंगे और यदि हम इसमें सफल होते हैं तो इस अभियान की सार्थकता होगी। 
कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि जन जागरूकता के लिए प्रभात फेरी, रैली जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जाए जिसमें आशा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता स्कूल कॉलेज के छात्र-छात्राएं भी भाग लें, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक नशे से दूरी है जरूरी का संदेश पहुंचे।
जल संरक्षण और किसानों के दीर्घकालिक हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता- कलेक्टर
 *कलेक्टर श्री वर्मा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय जल उपयोगिता समिति की बैठक आयोजित
शिवपुरी, 24 जुलाई 2026 को ही कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा की अध्यक्षता में आज सिंध बहुउद्देशीय परियोजना अंतर्गत गठित जिला स्तरीय जल उपयोगिता समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में खरीफ एवं रबी सिंचाई, पेयजल आरक्षण, जलाशयों में उपलब्ध जल की स्थिति तथा आगामी मौसम की संभावित परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में करैरा विधायक श्री रमेश खटीक सहित समिति के सदस्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जलाशयों की वर्तमान स्थिति का किया गया तकनीकी परीक्षण
बैठक में कार्यपालन यंत्री, सिंध परियोजना पक्का बांध संभाग मड़ीखेड़ा द्वारा जिले के प्रमुख जलाशयों की अद्यतन जल भराव स्थिति प्रस्तुत की गई। जानकारी के अनुसार अटल सागर (मड़ीखेड़ा बांध) में 484.32 एमसीएम (58.01 प्रतिशत), मोहिनी पिकअप वियर में 32.58 एमसीएम (32.67 प्रतिशत) तथा हरसी बांध में 261.39 एमसीएम (57.87 प्रतिशत) जल उपलब्ध है। तकनीकी रिपोर्ट में बताया गया कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुमान तथा सुपर एल-नीनो के प्रभाव के कारण इस वर्ष क्षेत्र में अपेक्षाकृत कम वर्षा दर्ज की गई है, जिससे अटल सागर बांध का जल स्तर निर्धारित ‘रूल कर्व’ से नीचे बना हुआ है।
रबी सिंचाई और पेयजल सुरक्षा को प्राथमिकता
समिति के समक्ष प्रस्तुत तकनीकी विश्लेषण के आधार पर बताया गया कि वर्तमान जल उपलब्धता से खरीफ मौसम में नहरों का संचालन करना व्यवहारिक एवं तकनीकी दृष्टि से उपयुक्त नहीं है। यदि इस समय खरीफ सिंचाई के लिए जल छोड़ा जाता है, तो फसल अवधि तक निरंतर जल आपूर्ति के कारण बांध का जल स्तर डेड स्टोरेज तक पहुंचने की आशंका रहेगी। ऐसी स्थिति में आगामी रबी मौसम के दौरान लगभग 58 हजार 229 हेक्टेयर कृषि क्षेत्र की सिंचाई प्रभावित हो सकती है तथा पेयजल उपलब्धता पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
सर्वसम्मति से लिया गया महत्वपूर्ण निर्णय
बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं कृषकों की मांगों पर गंभीरता से विचार-विमर्श के उपरांत सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि वर्तमान परिस्थितियों में खरीफ फसलों की सिंचाई के लिए नहरों का संचालन नहीं किया जाएगा। समिति ने यह भी निर्णय लिया कि यदि आगामी दिनों में वर्षा से जलाशयों में पर्याप्त जल आवक होती है और जल स्तर निर्धारित रूल कर्व से ऊपर पहुंचता है, तो खरीफ सिंचाई हेतु नहर संचालन पर पुनः विचार किया जाएगा।
29 जुलाई को होगी अगली बैठक
बैठक में टेल क्षेत्र ग्वालियर के प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से आगामी बैठक 29 जुलाई 2026 को आयोजित किए जाने का निर्णय भी लिया गया, ताकि उपलब्ध जल संसाधनों का संतुलित, वैज्ञानिक एवं जनहितकारी उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।
अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरणों का तत्परता से निराकरण करें - कलेक्टर श्री वर्मा
*जिला स्तरीय समिति की बैठक हुई आयोजित
शिवपुरी, 24 जुलाई 2026/ कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा की अध्यक्षता में अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत गठित जिला स्तरीय सतर्कता एवं मॉनिटरिंग समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पंजीबद्ध प्रकरण, पीड़ित व्यक्ति को दी गई राहत राशि, अधिनियम के विभिन्न उपबंधों का क्रियान्वयन, लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे तथा जाति प्रमाण पत्र जारी करने आदि महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत आने वाले सभी मामलों में समय-सीमा के भीतर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासनिक स्तर पर कोई भी प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहना चाहिए। इसके साथ ही, जिन मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी की जानी है और जिन मामलों में गिरफ्तारी हो चुकी है, ऐसे प्रकरणों की सूची तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक में जाति प्रमाण पत्रों से संबंधित प्रकरणों पर विशेष ध्यान दिया गया। उन्होंने कहा है कि जाति प्रमाण पत्र के कारण जो प्रकरण लंबित हैं उनकी लिस्ट उपलब्ध कराएं ताकि यह सूची संबंधित एसडीएम को सौंपी जा सके और संबंधित का जाति प्रमाण पत्र जारी किया जा सके। इसके अतिरिक्त बैठक में पीड़ितों को दी जाने वाली राहत राशि का त्वरित वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने कहा कि जिन मामलों में दोष सिद्ध हो चुका है, उनका निपटारा तुरंत किया जाए। बैठक में एडीएम श्री दिनेश चंद्र शुक्ला सहित समिति के सदस्यगण उपस्थित रहे।
29 जुलाई को जिले के सभी स्कूल-कॉलेजों में मनाई जाएगी गुरू पूर्णिमा, महर्षि सांदीपनि गुरू पर्व के रूप में होगा आयोजन
*गुरुजनों के सम्मान, सरस्वती वंदना और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का होगा आयोजन
शिवपुरी, 24 जुलाई 2026/ मध्यप्रदेश शासन, सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार प्रदेश में हर साल गुरू पूर्णिमा को महर्षि सांदीपनि गुरू पर्व के रूप में मनाया जाता है। इस पर्व का मुख्य भाव यह है कि गुरू अपने शिष्य को अंधेरे से उजाले की ओर और अज्ञान से ज्ञान की ओर ले जाता है।
इसी कड़ी में इस वर्ष 29 जुलाई 2026 को गुरू पूर्णिमा के अवसर पर जिले के सभी शासकीय और अशासकीय विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, पॉलीटेक्निक कॉलेजों और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में मां सरस्वती और महर्षि सांदीपनि के चित्र पर माल्यार्पण, सरस्वती वंदना, गुरुजनों का स्वागत और सम्मान, व्याख्यान, उद्बोधन तथा छात्र-शिक्षक संवाद जैसे साहित्यिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने इस पूरे कार्यक्रम को सफलतापूर्वक कराने की जिम्मेदारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शिवपुरी को नोडल अधिकारी के रूप में दी है। जिला शिक्षा अधिकारी और जिला परियोजना समन्वयक, जिला शिक्षा केंद्र शिवपुरी को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।


















कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129