Responsive Ad Slot

Latest

latest

#mamakadhamakanews: रील का भूत, ग्वालियर में प्रेमी की कार पर गर्लफ्रेंड ने 3 घंटे में बनाए लिपस्टिक के 3,400 'किस मार्क्स', 24 घंटे में मिले 50 लाख व्यूज , पुलिस ने ठोका जुर्माना, साफ कराई लिपस्टिक

मंगलवार, 25 अगस्त 2026

/ by Vipin Shukla Mama
* लाइक्स की सनक: ग्वालियर में 'किसिंग कार' का निकला दम, 55 लाख व्यूज के बाद पुलिस ने युवक से साफ कराई लिपस्टिक
ग्वालियर। ग्वालियर में रील के जरिए रातों-रात स्टार बनने की चाहत एक युवक को तब भारी पड़ गई, जब यातायात पुलिस ने उसकी 'किसिंग कार' को जब्त कर ₹5,500 का भारी-भरकम चालान ठोक दिया। इस अनूठे मामले में पुलिस ने न सिर्फ कानूनी कार्रवाई की, बल्कि युवक से पुलिस स्टेशन के सामने ही बाल्टी-पानी मंगवाकर कार पर लगे लिपस्टिक के सारे निशान भी साफ करवाए। दरअसल सोशल मीडिया पर वायरल होने का बुखार युवाओं के सिर चढ़कर बोल रहा है। नया ट्रेंड और ज्यादा व्यूज बटोरने के चक्कर में लोग किस हद तक जा सकते हैं, इसका ताजा उदाहरण मध्य प्रदेश के ग्वालियर में देखने को मिला। यहाँ एक सिरफिरे आशिक ने अपनी सफेद रंग की मारुति स्विफ्ट कार को सरेराह 'रोमांस का विज्ञापन' बना दिया। हालांकि, जब यह वीडियो सोशल मीडिया के एल्गोरिदम से होते हुए ग्वालियर पुलिस के रडार पर पहुंचा, तो आशिकी का सारा भूत चंद मिनटों में काफूर हो गया। 
विदेशी ट्रेंड का देसी फ्यूजन: साढ़े 3 घंटे में छपे 3400 चुंबन
यह अजीबो गरीब मामला ग्वालियर के थाटीपुर इलाके का है। कार मालिक आदित्य सिकरवार ने पूछताछ में कुबूल किया कि वह इंस्टाग्राम पर रील्स बनाता है। अपनी पुरानी आईडी डिलीट होने के बाद नए अकाउंट पर तेजी से फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए उसने एक विदेशी सोशल मीडिया ट्रेंड को कॉपी करने का प्लान बनाया।
आदित्य ने अपनी कार खड़ी की और उसकी एक महिला मित्र (गर्लफ्रेंड) ने गहरी लाल रंग की लिपस्टिक लगाकर कार की पूरी बॉडी को चूमना शुरू किया। करीब साढ़े तीन घंटे की अथक मेहनत के बाद कार के बोनट, बंपर, कांच और दरवाजों पर कुल 3,400 लिपस्टिक के 'किस मार्क्स' छाप दिए गए।
इंटरनेट पर धमाका, 24 घंटे में मिले 55 लाख व्यूज
इस सजी-धजी 'किसिंग कार' को लेकर जब आदित्य ग्वालियर की सड़कों पर तेज रफ्तार से दौड़ने लगा, तो राहगीरों ने इसके वीडियो बना लिए। आदित्य ने भी इसका एक बकायदा वीडियो शूट कर अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर अपलोड कर दिया। देखते ही देखते इंटरनेट पर इस वीडियो ने तहलका मचा दिया और महज एक दिन के भीतर इसे 55 लाख (5.5 मिलियन) से ज्यादा लोगों ने देख लिया।
'ऑपरेशन ईगल' के जाल में फंसी कार, लगा ₹5500 का जुर्माना
वीडियो जैसे ही वायरल हुआ, ग्वालियर ट्रैफिक पुलिस की 'ऑपरेशन ईगल' टीम एक्टिव हो गई। पुलिस ने वीडियो के आधार पर कार का नंबर (MP07 CC 9452) ट्रेस किया और थाटीपुर इलाके से गाड़ी को उठाकर सीधे ट्रैफिक थाने ले आई।
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, वाहन का मूल स्वरूप बदलना, सड़कों पर इस तरह ध्यान भटकाने वाली हरकतें करना और तेज रफ्तार गाड़ी चलाना मोटर व्हीकल एक्ट (MV Act) का सीधा उल्लंघन है। पुलिस ने गाड़ी मालिक पर ₹5,500 का जुर्माना लगाया।
आशिकी उतरी: हाथ में कपड़ा और बाल्टी लेकर खुद साफ किए निशान
थाने पहुंचने के बाद कार मालिक आदित्य के सुर पूरी तरह बदल गए। पुलिस के सख्त रवैये को देखकर उसने अपनी गलती मानी और लिखित में माफी मांगी। लेकिन पुलिस सिर्फ जुर्माने पर नहीं रुकी; थाने के परिसर में ही युवक को पानी की बाल्टी और कपड़ा थमा दिया गया। सोशल मीडिया पर जिस कार को चमकाकर 50 लाख से ज्यादा व्यूज बटोरे गए थे, उसे आदित्य को खुद अपने हाथों से रगड़-रगड़कर साफ करना पड़ा।
पुलिस की दो टूक नसीहत:
ग्वालियर यातायात पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर सस्ती लोकप्रियता और लाइक्स पाने के लिए यातायात नियमों के साथ खिलवाड़ न करें। इस तरह की हरकतें सड़क पर चल रहे अन्य चालकों का ध्यान भटकाती हैं, जिससे गंभीर हादसे हो सकते हैं।

















कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129