शिवपुरी, 29 अगस्त 2026। केंद्रीय संचार एवं पूर्वाेत्तर क्षेत्र विकास मंत्री द ग्रेट ज्योतिरादित्य सिंधिया 31 अगस्त से 2 सितंबर 2026 तक शिवपुरी जिले के तीन दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे शिवपुरी, कोलारस एवं पिछोर में विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण, भूमि पूजन, निरीक्षण तथा स्थानीय कार्यक्रमों में सम्मिलित होंगे।
निर्धारित भ्रमण कार्यक्रम के अनुसार केन्द्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया 31 अगस्त को दोपहर में ग्राम अछरौनी पहुंचेंगे, जहां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अछरौनी का लोकार्पण करेंगे। इसके पश्चात वे ग्राम चमरौआ सब-स्टेशन का लोकार्पण करेंगे। उप तहसील बामौरकलां का लोकार्पण एवं ग्राम पिपरा सब-स्टेशन का लोकार्पण करेंगे। खनियांधाना में स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। ग्राम धपौरा से तेरई रोड एवं ग्राम भगारी से रामपुरा-टपरन रोड का भूमि पूजन करेंगे। इसके पश्चात होटल पी.एस. रेसीडेंसी में आयोजित कैट ग्वालियर-चंबल संभागीय व्यापार एवं उद्योग सम्मेलन में भाग लेंगे तथा रात्रि विश्राम टूरिस्ट विलेज शिवपुरी में करेंगे। इसके उपरांत पोहरी रोड, सईसपुरा, छत्री रोड शिवपुरी पर स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
इसी प्रकार 1 सितम्बर को नव-विकसित अमृत भारत रेलवे स्टेशन शिवपुरी का दौरा करेंगे तथा पोहरी रेलवे ओवर ब्रिज का निरीक्षण करेंगे। सिंहनिवास एवं रातौर में स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इसके उपरांत तानपुर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तानपुर का लोकार्पण, ग्राम सिंहनिवास सब-स्टेशन का लोकार्पण, शासकीय माध्यमिक स्कूल भवन सिंहनिवास का भूमि पूजन एवं उप तहसील ठर्रा का लोकार्पण करेंगे। पाली-राजगढ़ रोड का भूमि पूजन, कुम्हरौआ से बागरोद रोड (वाया पिपरौदा) का भूमि पूजन, ग्राम कार्या में हाई स्कूल भवन का लोकार्पण, ग्राम पंचायत भवन खरई का लोकार्पण तथा पड़ोरा चौराहा पर आरसीसी रोड का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद लुकवासा में स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। बिजरौनी बायपास रोड एवं दौलतपुर से साईखेड़ा रोड का भूमि पूजन करेंगे। कोलारस में स्थानीय कार्यक्रम के उपरांत कोलारस रेलवे स्टेशन से उज्जैनी एक्सप्रेस (14309/14310) के नए ठहराव का फ्लैग-ऑफ (हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ) करेंगे एवं टूरिस्ट विलेज शिवपुरी में रात्रि विश्राम करेंगे।
अगले दिन 2 सितम्बर को सुबह 10 बजे से कार्यक्रम की शुरुआत होगी। पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास 50 सीटर अनुसूचित जाति प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास शिवपुरी का भूमि पूजन और नगर पालिका की विभिन्न सड़कों का भूमि पूजन करेंगे। इसके उपरांत हवाई पट्टी, पीएसक्यू लाइन, यादव मोहल्ला एवं झांसी तिराहा शिवपुरी पर स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे। कलेक्ट्रेट शिवपुरी में डीवीएमसी अथवा दिशा की बैठक में शामिल होंगे। प्रधान डाकघर शिवपुरी का लोकार्पण एवं ककरवाया (लॉ कॉलेज के पास) पोस्टल प्रशिक्षण केंद्र का भूमि पूजन करेंगे। इसके पश्चात स्थानीय कार्यक्रम में सम्मिलित होने के उपरांत ग्वालियर के लिए प्रस्थान करेंगे।
*केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के तीन दिवसीय शिवपुरी प्रवास की तैयारियां तेज: कलेक्टर अर्पित वर्मा ने ककरवाया, शिवपुरी और पिछोर में किया कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण
*अधिकारियों को समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य, सुरक्षा और स्वच्छता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया 31 अगस्त से 2 सितंबर 2026 तक शिवपुरी जिले के तीन दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री शिवपुरी, कोलारस एवं पिछोर विधानसभा क्षेत्रों में विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण, भूमिपूजन, निरीक्षण तथा स्थानीय कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे। केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया के कार्यक्रम को लेकर कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थलों का विस्तृत जायजा लिया।
ककरवाया में प्रस्तावित पोस्टल प्रशिक्षण केंद्र स्थल का अवलोकन
केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया के प्रवास के दौरान ग्राम ककरवाया में बनने वाले प्रस्तावित पोस्टल प्रशिक्षण केंद्र का भूमिपूजन होना है। कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने भूमिपूजन स्थल का सूक्ष्म निरीक्षण करते हुए मंच, पंडाल, सुरक्षा व्यवस्था, वीआईपी व सामान्य पार्किंग तथा मुख्य मार्ग से पहुंच मार्ग का जायजा लिया। इस दौरान शिवपुरी विधायक श्री देवेंद्र जैन और जिलाध्यक्ष श्री जसवंत जाटव सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
शिवपुरी प्रधान डाकघर, अमृत भारत रेलवे स्टेशन एवं पोहरी रेलवे ओवरब्रिज का निरीक्षण
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने शिवपुरी प्रधान डाकघर का विस्तृत निरीक्षण कर नागरिक सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डाकघर भवन का शीघ्र ही लोकार्पण किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जीर्णोद्धार कार्यों का जायजा लेते हुए परिसर में स्वच्छता बनाए रखने तथा गमले व पौधे लगाकर सौंदर्यीकरण कार्यों को तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसी के साथ अमृत भारत योजना के तहत पुनर्विकसित हो रहे शिवपुरी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को परखा। उन्होंने स्टेशन परिसर को स्वच्छ व आकर्षक बनाने के लिए नियमित सफाई, हरियाली बढ़ाने और जगह-जगह पौधे/गमले लगाने के निर्देश दिए।
तत्पश्चात, निर्माणाधीन पोहरी रेलवे ओवरब्रिज की प्रगति और निर्माण सामग्री का जायजा लिया गया। कलेक्टर श्री वर्मा ने कार्यदायी एजेंसी को निर्माण स्थल पर राहगीरों और वाहनों की सुरक्षा के लिए मजबूत बैरिकेडिंग व डायवर्जन मार्गों को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गायत्री शर्मा, पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया, सहित जनप्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
*पिछोर एवं खनियाधाना क्षेत्र में लोकार्पण व भूमिपूजन स्थलों का जायजा
पिछोर एवं खनियाधाना क्षेत्र के कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने पिछोर विधायक श्री प्रीतम सिंह लोधी एवं जिलाध्यक्ष श्री जसवंत जाटव के साथ विभिन्न निर्माण स्थलों का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री द्वारा लोकार्पण किए जाने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अछरोनी (आयुष्मान आरोग्य मंदिर) की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। साथ ही उप तहसील बामौर कलाँ के नवनिर्मित भवन का अवलोकन कर पाई गई कमियों को तत्काल दुरुस्त करने और अवशेष कार्यों को तय समयसीमा में पूरा करने के कड़े निर्देश दिए गए। अंत में प्रशासनिक टीम ने विकासखंड खनियाधाना के ग्राम बूधोन राजापुरा में नवीन सड़क निर्माण के प्रस्तावित भूमिपूजन स्थल का जायजा लेकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री विजय राज, एसडीएम पिछोर श्रीमती ममता शाक्य सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
















सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें