शिवपुरी। पर्यावरण संरक्षण और गांव को हराभरा बनाने के उद्देश्य से ग्राम आमतला में ‘हर घर हरियाली’ पहल के तहत सामुदायिक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस पहल के अंतर्गत गांव के नौकरी एवं विभिन्न रोजगार से जुड़े लोगों ने सामूहिक सहयोग से 100 पौधों की व्यवस्था कर उन्हें ग्रामीणों के माध्यम से गांव में रोपित कराया। पौधे लगाने के साथ-साथ ग्रामीणों ने उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा का संकल्प भी लिया।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य केवल एक दिन पौधे लगाना नहीं, बल्कि गांव में स्थायी हरियाली विकसित करना और प्रत्येक परिवार को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना है। पहल के माध्यम से ग्रामीणों में पेड़ों के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने, आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण तैयार करने तथा गांव की खाली जगहों को हराभरा बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
नौकरी-पेशा ग्रामीणों ने मिलकर जुटाया सहयोग
‘हर घर हरियाली’ पहल का विचार संजीव वर्मा द्वारा रखा गया। इसके बाद गांव के ऐसे लोगों को इस अभियान से जोड़ा गया, जो विभिन्न सरकारी सेवाओं, निजी क्षेत्र एवं अन्य रोजगार से जुड़े हुए हैं। सभी ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार आर्थिक सहयोग करते हुए पौधों की व्यवस्था की। इस प्रकार किसी एक व्यक्ति पर आर्थिक भार डाले बिनासामूहिक सहयोग से 100 पौधे उपलब्ध कराए गए।
इस पहल की खास बात यह रही कि पौधे उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी गांव से बाहर नौकरी या रोजगार कर रहेलोगों ने निभाई, जबकि पौधों को लगाने और उनकी रक्षा की जिम्मेदारी गांव के लोगों ने सामूहिक रूप से स्वीकार की। इससे गांव के लोगों में अपने गांव और पर्यावरण के प्रति सहभागिता की भावना भी मजबूत हुई।
विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए
वृक्षारोपण कार्यक्रम में क्षेत्र की जलवायु और स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न प्रकार के उपयोगी एवं छायादार पौधे लगाए गए। इनमें नींबू, सहजन, आम, करंज, जामुन, शीशम, आंवला, अमरूद सहित अन्य पौधे शामिल रहे। पौधों को गांव की सार्वजनिक एवं उपयुक्त जगहों पर रोपित किया गया, ताकि भविष्य में ये पेड़ ग्रामीणों और आने वाली पीढ़ियों के लिए उपयोगी साबित हों।
पौधे लगाने के साथ संरक्षण का भी लिया संकल्प
कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों ने केवल पौधे लगाने तक अभियान को सीमित न रखने का संकल्प लिया। उन्होंने लगाए गए पौधों को नियमित रूप से पानी देने, उनकी सुरक्षा करने तथा उन्हें पेड़ बनने तक संरक्षित करने की जिम्मेदारी लेने की बात कही। ग्रामीणों ने कहा कि एक पौधा लगाना शुरुआत है, लेकिन उसे सुरक्षित रखकर बड़ा पेड़ बनाना वास्तविक पर्यावरण सेवा है।
इस अवसर पर डॉ. द्वारिका (BMO, पोहरी), धर्मेन्द्र (शिक्षक), कृष्णकांत (असिस्टेंट प्रोफेसर), रामप्रसाद जी (सेवानिवृत्त जिला आबकारी अधिकारी), महेंद्र (कलेक्टर रीडर), चंदन जी (शिक्षक), दीपेंद्र सिंह (CRPF), मुकेश जी (पटवारी), नेपाल जी (पंचायत सचिव), ललित (जेल पुलिस), महेंद्र (SSB), प्रदीप (शिक्षक), नरेंद्र (कांस्टेबल), डॉ. लवकुश (BAMS), डॉ. लवकुश (वेटरनरी), केशव (सीड्स कंपनी), सोनू जी (क्रशिंग कंपनी), मोनू (सीड्स लिमिटेड) और अशोक जी (ITBP) सहित अन्य सहयोगियों ने इस पहल में योगदान दिया।
‘हर घर हरियाली’ पहल के आयोजकों का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रखा जाएगा और प्रयास रहेगा कि गांव में अधिक से अधिक परिवारों को इससे जोड़ा जाए। सामुदायिक सहयोग से शुरू हुई यह पहल ग्रामीण क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक उदाहरण बनकर सामने आई है।
















सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें