Responsive Ad Slot

Latest

latest

#mamakadhamakanews: 9 से 17 अगस्त तक मनाया जाएगा ‘‘हर घर तिरंगा अभियान’’- वंदे मातरम के 150 साल का भी होगा जश्न, 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस, 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पर घर-घर फहरेगा तिरंगा

रविवार, 9 अगस्त 2026

/ by Vipin Shukla Mama
शिवपुरी, 8 अगस्त 2026। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के निर्देशानुसार 9 से 17 अगस्त 2026 तक ‘‘हर घर तिरंगा अभियान’’ पूरे देश में मनाया जाएगा। इस बार यह अभियान राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने के जश्न के साथ जोड़ा गया है। इस दौरान सभी कार्यक्रमों में तिरंगा फहराने के साथ वंदे मातरम का गायन भी किया जाएगा। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने जिले के समस्त कार्यालय प्रमुखों को इस अभियान के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए है। 
हर घर तिरंगा अभियान में क्या-क्या होगा
जिले में अभियान के तहत तिरंगा प्रदर्शनी, तिरंगा रंगोली, तिरंगा बुनाई, प्रश्नोत्तरी, तिरंगा सजावट, नुक्कड़ नाटक, तिरंगा संगीत कार्यक्रम, तिरंगा बाइक रैली और तिरंगा यात्रा जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सेना के जवानों और पुलिसकर्मियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए पत्र-लेखन कार्यक्रम भी होगा। स्वयं सहायता समूहों और उचित मूल्य की दुकानों के जरिए खादी और पॉलिएस्टर के राष्ट्रीय ध्वज आम नागरिकों को उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घरों, कार्यालयों और वाहनों पर तिरंगा लगाएं तथा तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी पोर्टल पर अपलोड करें।
वंदे मातरम गान के 150 साल, सम्मान के साथ होगा गायन
शासकीय कार्यक्रमों, स्कूल-कॉलेजों और सार्वजनिक सभाओं में पहले राष्ट्रगीत वंदे मातरम गाया जाएगा और उसके बाद राष्ट्रगान जन गण मन होगा। वंदे मातरम गायन के दौरान सभी अधिकारी, कर्मचारी और नागरिक सावधान की मुद्रा में सम्मानपूर्वक खड़े रहेंगे। सभी प्रत्यक्ष आयोजनों में राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम का गायन और राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) फहराना/प्रदर्शन करना दोनों शामिल किए जाए। इसी तरह हर घर तिरंगा की वेबसाइट (www.harghartiranga.com) पर नागरिकों द्वारा तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी को अपलोड करने पर तस्वीर पर वंदे मातरम अंकित होगा।
14 अगस्त- विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस
14 अगस्त को देश के विभाजन के दौरान विस्थापन और दर्द झेलने वाले नागरिकों की याद में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जाएगा। इस दिन जिला और संभाग स्तर पर शांति मार्च निकाला जाएगा और शहीदों की याद में सभाएं होंगी। विभाजन से प्रभावित परिवारों या उनके प्रतिनिधियों को आमंत्रित कर उनके अनुभव साझा कराए जाएंगे। सार्वजनिक स्थलों, पुस्तकालयों और प्रशासनिक भवनों में विभाजन की ऐतिहासिक घटनाओं पर चित्र प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इस आयोजन का उद्देश्य ऐतिहासिक पीड़ा को स्मरण करना और राष्ट्रीय अखंडता के प्रति संकल्पित होना है, कार्यक्रम का स्वरूप पूरी तरह से गरिमापूर्ण होना चाहिए।
इस कार्यक्रम में जिलों, ब्लॉकों और ग्राम पंचायतों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है जिसमें स्थानीय संस्थाओं, ग्राम जल सेवा समितियों, स्वयं सहायता समूहों, पंचायती राज संस्थाओं, साथ ही स्कूली बच्चों, स्वयंसेवकों और अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं को इस अभियान का नेतृत्व करने और इसमें भाग लेने के लिए प्रेरित करने पर विशेष जोर दिया जाए। हर घर तिरंगा की थीम अनुरूप तिरंगा फहराया जाने एवं इससे सम्बन्धित समस्त आवश्यक व्यवस्थाएँ भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गए हैं। 
















कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129