शिवपुरी। अक्षिता सोशल वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा आयोजित दो-दिवसीय ‘कलाSphere शिवपुरी 2026’ कला महोत्सव एवं प्रदर्शनी का समापन समारोह उत्साह और गरिमामय वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। बाल शिक्षा निकेतन हासे छिब्बर स्कूल शिवपुरी में आयोजन का उद्देश्य कलाकारों को साझा मंच प्रदान करना, कला एवं संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्थानीय और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना रहा।
समापन समारोह की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नेहा यादव रहीं। जिला अध्यक्ष श्रीमती प्रभा जसवंत जाटव की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री राम कुमार माहेश्वरी एवं डॉ. नीना खरे (ग्वालियर) उपस्थित रहीं। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर कलाकारों की रचनात्मकता और प्रतिभा की सराहना की तथा कला एवं संस्कृति के संरक्षण के लिए इस तरह के आयोजनों को महत्वपूर्ण बताया।
प्रदर्शनी में कलाकारों ने अपनी कृतियों के माध्यम से प्रकृति, भारतीय संस्कृति, सामाजिक सरोकार, मानवीय संवेदनाओं और समकालीन जीवन के विभिन्न आयामों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। प्रत्येक कलाकृति कलाकार की कल्पनाशीलता, तकनीकी दक्षता और भावनात्मक अभिव्यक्ति का सुंदर उदाहरण बनी।
इस अवसर पर तिरुपति कला एवं संगीत महाविद्यालय के संस्थापक प्राचार्य श्री पराक्रम जैमनी ने कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन, समर्पण और नवाचार ही कलाकार की सफलता का आधार हैं।
आयोजन में Easton Heights School, बाल शिक्षा निकेतन और Happy Days School के विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों की सहभागिता ने पूरे कार्यक्रम को और अधिक जीवंत एवं प्रेरणादायक बना दिया।
समापन समारोह में सभी प्रतिभागी कलाकारों को सम्मानित किया गया। तिरुपति कला एवं संगीत महाविद्यालय की ओर से ट्रॉफी प्रदान कर कलाकारों का सम्मान किया गया, वहीं अक्षिता सोशल वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए।
अक्षिता सोशल वेलफेयर फाउंडेशन की संस्थापिका सुश्री रितु वर्मा ने कहा कि कलाSphere केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि कलाकारों को जोड़ने, सीखने और अपनी प्रतिभा को समाज के सामने प्रस्तुत करने का सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन शिवपुरी को कला के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने और युवा कलाकारों को निरंतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, कलाकारों, स्वयंसेवकों, SYF युवा मंच, विद्यालयों के विद्यार्थियों और कला-प्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त किया। सभी के सहयोग से कलाSphere शिवपुरी 2026 कला, संस्कृति और रचनात्मकता का एक यादगार एवं प्रेरणादायक आयोजन बनकर सामने आया।
















सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें