Responsive Ad Slot

Latest

latest

#mamakadhamakanews: जिला कलेक्टर अर्पित वर्मा ने जन की सुनवाई कर रेडक्रॉस से की आर्थिक मदद तो मिली परेशान जनों को राहत

मंगलवार, 11 अगस्त 2026

/ by Vipin Shukla Mama
*जनसुनवाई में कलेक्टर श्री वर्मा ने किया समस्याओं का त्वरित निराकरण
*जरूरतमंदों को दी रेडक्रॉस से आर्थिक मदद
शिवपुरी 11 अगस्त 2026। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा की अध्यक्षता में कलेक्टरेट सभागार में साप्ताहिक जनसुनवाई का आयोजन किया गया, जिसमें जिलेभर से अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर पहुंचे सैकड़ों नागरिकों की शिकायतों पर त्वरित संवेदनशील कार्रवाई की गई। 
जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर श्री वर्मा ने एक-एक कर सभी आवेदकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रशासनिक स्तर पर बिना किसी देरी के त्वरित निराकरण के सख्त निर्देश दिए। इस दौरान स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा और शिक्षा से जुड़े गंभीर मामलों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए मौके पर ही रेडक्रॉस कोष से आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई तथा रुकी हुई शासकीय योजनाओं का लाभ तुरंत हितग्राहियों तक पहुंचाया गया।
बुजुर्ग साबाबाई जाटव को 5,000 रुपए की सहायता
जनसुनवाई में पहुंचीं 70 वर्षीय बुजुर्ग श्रीमती साबाबाई जाटव ने अपनी वृद्धावस्था पेंशन और आर्थिक सहायता के संबंध में आवेदन दिया था। कलेक्टर श्री वर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत रेडक्रॉस कोष से 5,000 रुपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की। इसके साथ ही सामाजिक न्याय विभाग से उनकी पेंशन की स्थिति की जानकारी ली गई, जिसमें सामने आया कि वृद्धा को जून माह तक की वृद्धावस्था पेंशन का भुगतान किया जा चुका है।
इलाज के लिए सहायता राशि के चैक वितरित
स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर जनसुनवाई में पहुंचे जरूरतमंदों को कलेक्टर द्वारा मौके पर ही राहत पहुंचाई गई। इसके तहत ग्राम उमरीकलां निवासी समरथ लोधी को उनकी बेटी के इलाज के लिए रेडक्रॉस कोष से 10,000 रुपए की आर्थिक सहायता दी गई, वहीं शिव कॉलोनी निवासी धर्मेंद्र राठौर को अपनी पुत्रियों के उपचार हेतु 15,000 रुपए की सहायता राशि का चैक प्रदान किया गया।
लाड़ली लक्ष्मी योजना की रुकी हुई छात्रवृत्ति तुरंत पोर्टल से ट्रांसफर
पिछोर के ग्राम हीरापुर निवासी कमलेश लोधी ने लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत बालिका की दूसरी किश्त न मिलने की शिकायत दर्ज कराई। कलेक्टर श्री वर्मा ने तत्काल महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को मौके पर ही कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देशों के पालन में तत्काल कार्रवाई करते हुए लाड़ली लक्ष्मी बालिका नीतेश लोधी की कक्षा 11वीं की 6,000 रुपए की छात्रवृत्ति राशि लाड़ली लक्ष्मी पोर्टल के माध्यम से तुरंत उनके खाते में ट्रांसफर कर दी गई।
जनसुनवाई में आए आवेदनों पर कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा द्वारा की गई इस त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई से आवेदकों को तुरंत राहत मिली।
















कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129