*किसानों को मिला स्थानीय बाजार, रासायनिक जहर से मुक्त उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन की पहल
shivpuri शिवपुरी। 23 अगस्त 2026। जिला प्रशासन तथा किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को शिवपुरी की पुरानी अनाज मंडी परिसर में साप्ताहिक जैविक व प्राकृतिक हाट बाजार का सफल आयोजन किया गया। इस हाट बाजार में नगरवासियों और आमजन ने पहुंचकर जैविक व प्राकृतिक पद्धति से तैयार की गई ताजी सब्जियों और फलों की जमकर खरीदारी की।
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने कृषि विभाग के अधिकारियों को कृषि के क्षेत्र में जैविक कृषि और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही किसानों को बाजार भी उपलब्ध कराया जाए ताकि उन्हें उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके।
जिले के सभी विकासखंडों से आए किसान
जिला प्रशासन की पहल पर हर रविवार को आयोजित होने वाले इस हाट बाजार में जिले के विभिन्न विकासखंडों से प्राकृतिक व जैविक खेती करने वाले किसान अपने उत्पाद बेचने के लिए पुरानी अनाज मंडी परिसर में आए। किसानों ने प्राकृतिक तरीकों से उगाई गई जहर-मुक्त सब्जियां और फल आम नागरिकों के लिए उपलब्ध कराए। हाट बाजार के अवलोकन के दौरान नागरिकों ने जैविक खेती करने वाले किसानों के प्रयासों की सराहना की और उनका उत्साहवर्धन किया।
जैविक उत्पादों से बढ़ेगी किसानों की आय
कार्यक्रम के दौरान उप संचालक कृषि सह परियोजना संचालक (आत्मा) श्री मुनेश कुमार शाक्य ने उपस्थित किसानों को शासन की इस महत्वपूर्ण पहल के फायदों से अवगत कराया। इसके साथ ही विकासखंड शिवपुरी के नोडल अधिकारी (प्राकृतिक खेती) श्री रघुवीर सिंह यादव और एटीएम श्री सालिकराम धाकड़ ने मंडी परिसर में किसानों को प्राकृतिक खेती के प्रोत्साहन एवं जन-जागरूकता संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया।
सहायक तकनीकी प्रबंधक (आत्मा) श्री राहुल मौर्य ने बताया कि जैविक हाट बाजार के माध्यम से जिला प्रशासन और कृषि विभाग ने किसानों को अपने उत्पाद सीधे बेचने के लिए एक सुलभ और सुरक्षित मंच प्रदान किया है। बिचौलियों के बिना सीधे उपभोक्ताओं तक उत्पाद पहुंचने से किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य मिलेगा, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी।
विभागीय अधिकारियों की रही सक्रिय सहभागिता
जैविक हाट बाजार का आयोजन मृदा प्रयोगशाला प्रभारी श्री योगेंद्र शर्मा, आत्मा योजना के कर्मचारियों और कृषि विभाग के अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता से संपन्न हुआ। कृषि विभाग द्वारा जिले के आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे प्रति रविवार आयोजित होने वाले इस हाट बाजार में पहुंचकर प्राकृतिक व स्वास्थ्यवर्धक उत्पादों का लाभ उठाएं।
















सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें