भोपाल: 19 सितंबर 2026। हमारे युवा रोजगार मांगने वाले नहीं देने वाले बने, छात्रों को व्यवसायिक शिक्षा मिलें..इसी उद्देश्य को लेकर आज लघु उद्योग भारती ने इंदौर के देवी अहिल्याबाई विश्वविद्यालय से संबद्ध 11 महाविद्यालयो के साथ एक एमओयू पर हस्ताक्षर किए।
इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्योग जगत से जोड़ना तथा इंटर्नशिप, रोजगार, कौशल विकास, उद्यमिता, स्टार्टअप, प्रशिक्षण एवं उद्योग विशेषज्ञों के साथ संवाद के अवसर उपलब्ध कराना है। MoU के अंतर्गत इंडस्ट्री विजिट, विशेषज्ञ व्याख्यान, लाइव प्रोजेक्ट, प्रशिक्षण कार्यक्रम, प्लेसमेंट, रिसर्च, इनक्यूबेशन तथा उद्योग आधारित गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, ऑटोमेशन, इंडस्ट्री 4.0, सस्टेनेबिलिटी, सर्कुलर इकोनॉमी एवं वेस्ट-टू-वेल्थ जैसे क्षेत्रों में नवाचार को प्रोत्साहित किया जाएगा।
शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, किला भवन, इंदौर में प्राचार्य डॉ. बी. डी. श्रीवास्तव के संरक्षण, प्रशासनिक अधिकारी डॉ. वी. पी. बैरागी के मार्गदर्शन एवं स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ की नोडल अधिकारी डॉ. सीमा तिवारी के निर्देशन में लघु उद्योग भारती एवं देवी अहिल्या विश्वविद्यालय से संबद्ध 11 महाविद्यालयों के मध्य समझौता ज्ञापन (MoU) संपन्न हुआ।
जिसमें लघु उद्योग भारती के प्रदेश अध्यक्ष श्री राजेश मिश्रा, संभागीय महामंत्री सुश्री सीमा मिश्रा, संभागीय अध्यक्ष श्री राजेंद्र दुबे, संभागीय नोडल इंदौर डॉ. मनीषा (शर्मा) पांडे, टेक एडॉप्शन हेड श्री सतीश मुकाती तथा जिला नोडल इंदौर डॉ. सीमा तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन, माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इस अवसर पर अतिथियों का श्रीफल एवं श्रीपट भेंट कर स्वागत किया गया।
देवी अहिल्या विश्वविद्यालय से संबद्ध माता जीजाबाई शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, शासकीय होलकर विज्ञान महाविद्यालय, पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस श्री अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, शासकीय माँ कनकेश्वरी देवी महाविद्यालय, भेरूलाल पाटीदार शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय महू, शासकीय निर्भय सिंह पटेल विज्ञान महाविद्यालय, शासकीय महाविद्यालय सांवेर, भागीरथजी सिलावट शासकीय महाविद्यालय देपालपुर, शासकीय महाविद्यालय राऊ तथा ऑक्सफोर्ड इंटरनेशनल कॉलेज, इंदौर सहित कुल 11 संस्थानों की सहभागिता रही।
प्राचार्य डॉ. बी. डी. श्रीवास्तव ने कहा कि MoU केवल कागजी दस्तावेज बनकर न रह जाए, बल्कि इसकी गतिविधियों का वास्तविक लाभ विद्यार्थियों तक पहुँचे। उन्होंने आगामी छह माह की ठोस कार्ययोजना बनाकर उद्योग, कौशल एवं रोजगार से जुड़ी गतिविधियाँ संचालित करने पर जोर दिया।
लघु उद्योग भारती के प्रदेश अध्यक्ष श्री राजेश मिश्रा ने कहा कि “उद्योग ही राष्ट्र है और हमें देश के लिए सोचना है।” उन्होंने विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ वास्तविक उद्योग, उत्पादन प्रक्रिया, व्यवसाय प्रबंधन एवं उद्यमिता से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि छोटे उद्योगों और स्थानीय उद्यमों को प्रोत्साहित कर भारत को पुनः विनिर्माण एवं उद्योग के क्षेत्र में सशक्त बनाया जा सकता है।
संभागीय नोडल डॉ. मनीषा (शर्मा) पांडे ने कहा कि MoU की सफलता उसके प्रभावी क्रियान्वयन पर निर्भर है। उन्होंने प्रत्येक माह गतिविधियों की योजना, प्रगति की समीक्षा एवं फॉलोअप सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
संभागीय महामंत्री सुश्री सीमा मिश्रा ने कहा कि शासकीय महाविद्यालयों का इस पहल से जुड़ना महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में 11 महाविद्यालय लघु उद्योग भारती के साथ जुड़ चुके हैं तथा आने वाले समय में अन्य महाविद्यालयों को भी इस पहल से जोड़ा जाएगा।
संभागीय अध्यक्ष श्री राजेंद्र दुबे ने लघु उद्योग भारती के बढ़ते कार्यक्षेत्र एवं प्रयासों को विकसित भारत के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए छात्राओं से अपने कौशल के अनुरूप स्टार्टअप एवं स्वरोजगार की दिशा में आगे आने का आह्वान किया। श्री सतीश मुकाती, टेक्नोलॉजी एडॉप्शन हेड, ने भी छात्राओं को उद्यमिता, स्वरोजगार एवं स्व-निर्माण के लिए प्रेरित किया।
MoU के माध्यम से विद्यार्थियों को इंडस्ट्री-अकादेमिया लिंकेज, लाइव प्रोजेक्ट, इंटर्नशिप, रोजगार एवं प्लेसमेंट के अवसर मिलेंगे। साथ ही नवाचार, स्टार्टअप, इनक्यूबेशन, रिसर्च एवं उद्यमिता के लिए संयुक्त गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कार्यशालाएँ, प्रशिक्षण कार्यक्रम, विशेषज्ञ व्याख्यान एवं प्रमाण-पत्र पाठ्यक्रम भी संचालित किए जाएंगे।
उद्बोधन के पश्चात इंदौर जिले के सभी 11 महाविद्यालयों के संबंधित अधिकारियों एवं लघु उद्योग भारती के पदाधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से MoU पर हस्ताक्षर कर प्रक्रिया पूर्ण की गई।
कार्यक्रम में आई.क्यू.ए.सी. प्रभारी प्रो. मनीषा जोशी, स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ की नोडल अधिकारी डॉ. सीमा तिवारी, TPO प्रो. रितु मथुरिया, प्रो. साधना मण्डलोई, प्रो. अंजना चौरसिया, प्रो. काजल मातवा, तकनीकी सहयोगी श्री अभिषेक पालीवाल एवं श्री महेश विश्वकर्मा का सहयोग रहा। कार्यक्रम का संचालन प्रो. सीमा तिवारी ने तथा आभार प्रो. ऋतु माथुरिया ने व्यक्त किया। बड़ी संख्या में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।











सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें