Responsive Ad Slot

Latest

latest

#धमाका_खास_खबर: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर केन्द्रीय मंत्री द ग्रेट ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुना संसदीय क्षेत्र को दी लगभग 50 करोड़ रुपए की सौगात, गुना को मिली थीम रोड और सौंदर्यीकरण की बड़ी सौगात, बमोरी में डिग्री कॉलेज, बिजली और सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण, हनुमान टेकरी मंदिर में ‘एक दीया सेवा के नाम’ अभियान में शामिल हुए सिंधिया, सुकन्या समृद्धि योजना की लाभार्थी बेटियों से किया संवाद, video

गुरुवार, 17 सितंबर 2026

/ by Vipin Shukla Mama
गुना। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री और गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुना संसदीय क्षेत्र को लगभग ₹50 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। गुना प्रवास के पहले दिन उन्होंने बमोरी में नए डिग्री कॉलेज भवन, पुलिया, विद्युत सब स्टेशन, सड़क, डाकघर सहित विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। वहीं गुना शहर के चिंताहरण मंदिर से अंबेडकर चौक और नानाखेड़ी तक ₹30.47 करोड़ रुपए की लागत से होने वाले थीम रोड एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की सौगात भी दी।
इस अवसर पर ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के *‘विकास भी, विरासत भी’* के मंत्र के अनुरूप गुना में हो रहे ये विकास कार्य शहर की तस्वीर को नई पहचान देंगे। इन परियोजनाओं के माध्यम से जहां बुनियादी सुविधाएं मजबूत होंगी, वहीं शिक्षा, बिजली, सड़क और शहरी सौंदर्यीकरण के क्षेत्र में भी गुना संसदीय क्षेत्र को नई गति मिलेगी।
गुना के नए थीम रोड से बदलेगा शहर का स्वरूप, ₹30 करोड़ की CSR निधि से विकसित हो रहा भव्य प्रोजेक्ट
गुना शहर में चिंताहरण मंदिर से अंबेडकर चौक तक ₹30.47 करोड़ रुपए की लागत से थीम रोड एवं सौंदर्यीकरण कार्य किए जाएंगे। विकसित होने वाला यह प्रोजेक्ट GAIL और HFCL की CSR फण्ड के माध्यम से तैयार किया जा रहा है। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने GAIL और HFCL के अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजना गुना के प्रवेश द्वार और प्रमुख मार्गों को 10 गुना अधिक सुंदर बनाने का कार्य करेगी। 7 किलोमीटर लंबा यह थीम रोड चिंताहरण मंदिर से प्रारंभ होकर अम्बेडकर चौक तक जाएगा। 
चिंताहरण मंदिर के समीप आकर्षक एवं भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण किया जाएगा, जिसे पत्थरों से तैयार कर उस पर बारीक एवं कलात्मक नक्काशी की जाएगी। प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के योगदान से विकसित होने वाला यह मार्ग गुना की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान को दर्शाएगा। थीम रोड को रात्रि के समय आकर्षक रोशनी से भी सजाया जाएगा, जिससे इसकी सुंदरता और अधिक निखरेगी। 
थीम रोड आगे हनुमान चौराहा होते हुए अंबेडकर चौराहा पहुंचेगा, जहां एक भव्य आर्च के ऊपर भारत रत्न डॉ. बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर जी की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। नानाखेड़ी पर टेकरी द्वार के निर्माण की भी घोषणा मंत्री सिंधिया द्वारा की गई। 
सिंधिया ने गुना की पहचान को आस्था से जोड़ते हुए कहा, “मेरा गुना, आपका गुना, हमारा गुना, श्रद्धा और धर्म का धाम है।” उन्होंने कहा कि गुना में प्रवेश करते ही लोगों का स्वागत करने वाला यह भव्य और कलात्मक द्वार शहर की एक विशिष्ट पहचान बनेगा। उन्होंने इस तरह की सुंदर और विशिष्ट आकृति वाले प्रवेश द्वार की कल्पना को गुना के लिए गौरव का विषय बताया।
इस परियोजना के तहत पैदल मार्ग, pedestrian-side lighting, median lighting, केंद्रीय डिवाइडर में plantation, roadside plantation, benches, और signages जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके साथ ही 2 मीटर चौड़ा पदयात्री मार्ग भी बनाया जाएगा।
परियोजना के तहत जय स्तंभ चौक पर 11 मीटर व्यास का Landscape Rotary विकसित किया जाएगा।
*सड़क और बिजली की सुविधाओं को मिला विस्तार
केन्द्रीय मंत्री ने 4.52 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित विनायक खेड़ली-मुहालपुर-खेजरा मार्ग की 4.5 किलोमीटर लंबी सड़क का लोकार्पण किया। इसके साथ ही 2.15 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित इंडस्ट्रियल एरिया के 33/11 केवीए सब स्टेशन का भी लोकार्पण किया गया। सड़क और विद्युत क्षेत्र की इन परियोजनाओं से स्थानीय आवागमन तथा औद्योगिक गतिविधियों को आवश्यक आधारभूत सुविधाएं मिलेंगी।
इसके अतिरिक्त 50 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित जन सेवा कनेक्ट गुना पोस्ट ऑफिस का भी लोकार्पण किया गया।
*हनुमान टेकरी में ‘एक दीया सेवा के नाम’, प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं यशस्वी जीवन की कामना
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर ज्योतिरादित्य सिंधिया ने हनुमान टेकरी मंदिर में आयोजित *‘एक दीया सेवा के नाम’* अभियान में सहभागिता की। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर प्रभु श्री हनुमान से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सुदीर्घ, स्वस्थ एवं यशस्वी जीवन की कामना की।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को सेवा और जनकल्याण के संकल्प के साथ मनाना उनके सेवाभाव को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। देश का युवा, हमारी नारीशक्ति, गरीब, वंचित और शोषित सहित समाज का हर वर्ग विकास की इस नई यात्रा का साक्षी बन रहा है।
*प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित मेगा रक्तदान शिविर में सम्मिलित हुए केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया
*रक्तदान किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने की उम्मीद, रक्तदाताओं का किया उत्साहवर्धन
गुना। केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला अस्पताल, गुना में आयोजित मेगा रक्तदान शिविर में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने रक्तदाताओं से आत्मीय मुलाकात की और मानव सेवा के इस पुनीत कार्य के लिए उनका उत्साहवर्धन किया।
मंत्री सिंधिया ने कहा कि सेवा ही संकल्प है, सेवा ही समर्पण है। रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने का माध्यम भी है। रक्तदान करने वाले प्रत्येक व्यक्ति का यह प्रयास किसी परिवार के लिए आशा और जीवन की नई उम्मीद बन सकता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा और जनकल्याण के संकल्प के साथ मनाना उनके सेवा भाव को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। इस अवसर पर आयोजित रक्तदान शिविर जैसे अभियान समाज में सेवा, संवेदना और सहयोग की भावना को और मजबूत करते हैं।
केन्द्रीय मंत्री ने मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में योगदान देने वाले सभी रक्तदाताओं के प्रति हृदय से साधुवाद व्यक्त किया और समाज के अधिक से अधिक लोगों से ऐसे सेवा कार्यों में सहभागी बनने का आह्वान किया।
*प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर बमोरी को शिक्षा, बिजली और कनेक्टिविटी की सौगात, केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया विकास कार्यों का लोकार्पण
*“पिछले 12 वर्षों में भारत के परिवर्तन का सबसे बड़ा प्रमाण है कि आज विश्व भारत की ओर सम्मान और विश्वास से देख रहा है” : सिंधिया
*सहरिया चौपाल में आदिवासी समाज की महिलाओं से आत्मीय संवाद, केन्द्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर की चर्चा
गुना। केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस और अपने गुना प्रवास के पहले दिन आज बमोरी क्षेत्र को शिक्षा, विद्युत और जनसुविधाओं से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने ₹5.34 करोड़ की लागत से निर्मित डिग्री कॉलेज के नए भवन का लोकार्पण किया। इसके साथ ही गुना-उमई-सिरसी मार्ग पर ₹1.9 करोड़ की लागत से निर्मित पुलिया तथा मुद्रा हनुमान में ₹3.08 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित 33/11 केवीए विद्युत सब स्टेशन का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर सिंधिया ने कहा कि आज देश के महान सपूत और प्रधानसेवक नरेन्द्र मोदी का जन्मदिवस है, जिन्होंने अपने जीवन के 25 वर्ष मां भारती की सेवा को समर्पित किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने न दिन देखा, न रात देखी और निरंतर देश की सेवा को अपना संकल्प बनाया। पिछले 12 वर्षों में भारत ने जो परिवर्तन देखा है, वह इस समर्पण का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
विश्व मंच पर बढ़ा भारत का मान-सम्मान
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि आज विश्व भारत को एक नई दृष्टि से देख रहा है। रूस और चीन के राष्ट्राध्यक्षों का भारत की धरती पर एक साथ खड़े होकर मुस्कुराते हुए दिखाई देना भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि जिन देशों के बीच संघर्ष और मतभेद रहे हैं, उन्होंने भी नई दिल्ली में भारत की पहल पर साझा घोषणा पर सहमति व्यक्त की है।
उन्होंने कहा कि आज हमारे प्रधानसेवक केवल भारत की सेवा नहीं कर रहे, बल्कि उनके नेतृत्व में भारत संपूर्ण विश्व की सेवा का माध्यम बन रहा है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का मान-सम्मान बढ़ा है और भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में आगे बढ़ रहा है।
बमोरी की बेटियां उच्च शिक्षा के नए अवसरों की ओर बढ़ रहीं
बमोरी डिग्री कॉलेज के नए भवन का उल्लेख करते हुए सिंधिया ने कहा कि यह केवल एक भवन नहीं, बल्कि क्षेत्र की बेटियों और युवाओं के भविष्य का नया द्वार है। उन्होंने कहा कि दिशा, राधिका, तुलसी और पूजा जैसी बेटियों ने जिस बीज को बोया है, आने वाले समय में ऐसे ही नई लक्ष्मियां इसी कॉलेज से अपने सपनों को नई उड़ान देंगी।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के अवसर जब गांव और कस्बे तक पहुंचते हैं, तो उनका प्रभाव केवल एक विद्यार्थी तक सीमित नहीं रहता। इससे पूरे परिवार और समाज की दिशा बदलती है। बमोरी के युवाओं को अब उच्च शिक्षा के लिए बेहतर स्थानीय सुविधा उपलब्ध होगी।
बमोरी में बिजली के बुनियादी ढांचे को लगातार मिल रही मजबूती
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि बमोरी विधानसभा में विद्युत व्यवस्था को मजबूत करने के लिए निरंतर काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बमोरी में 53 विद्युत सब स्टेशन हैं। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में सब स्टेशन किसी अन्य जिले में नहीं हैं और एक विधानसभा क्षेत्र में 53 सब स्टेशन होना अपने आप में बमोरी में बिजली के बुनियादी ढांचे के विस्तार को दर्शाता है।
मुद्रा हनुमान में 3.08 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित 33/11 केवीए सब स्टेशन भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति को और मजबूती मिलेगी तथा स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप बिजली का बुनियादी ढांचा सुदृढ़ होगा।
सहरिया चौपाल में आदिवासी समाज की महिलाओं से आत्मीय संवाद
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित सहरिया चौपाल में सिंधिया ने सहरिया समाज की महिलाओं के साथ आत्मीय संवाद किया। उन्होंने केन्द्र सरकार द्वारा आदिवासी समाज के कल्याण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं पर चर्चा की और महिलाओं से इन योजनाओं से मिल रहे लाभ तथा उनके अनुभवों के बारे में जानकारी ली।
इस दौरान उन्होंने कहा कि सहरिया समाज और सिंधिया परिवार, दोनों ही सबरी माता के चरणों में श्रद्धा से नमन करते हैं। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास और जनकल्याण की योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की प्राथमिकता है।
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज की शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए केन्द्र सरकार निरंतर कार्य कर रही है। सहरिया समाज की महिलाओं से सीधे संवाद के माध्यम से उनकी आवश्यकताओं को समझना और उनकी आकांक्षाओं के अनुरूप विकास को गति देना इसी जनसेवा का हिस्सा है।











कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129