शिवपुरी। पोहरी विधायक श्री कैलाश कुशवाह ने क्षेत्र के शासकीय विद्यालयों में सामने आई गंभीर समस्याओं के निराकरण को लेकर जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों को पत्र लिखकर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
विधायक श्री कैलाश कुशवाह ने 16 सितंबर को क्षेत्र भ्रमण के दौरान शासकीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान ग्राम पंचायत बमरा के शासकीय एकीकृत हाई स्कूल में विद्यार्थियों की सुरक्षा और विद्यालय भवन से जुड़ी कई गंभीर समस्याएं सामने आईं।
विद्यालय से पास में ही तीन ताल-तलैया लगे हुए हैं। बारिश के दौरान विद्यालय परिसर में जलभराव के साथ दलदल जैसी स्थिति बन जाती है। ताल-तलैयों के स्कूल से सटा हुआ होने के कारण छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर भी खतरा बना रहता है। विधायक ने विद्यालय की सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवॉल निर्माण, जल निकासी एवं परिसर समतलीकरण कराने की मांग की है। साथ ही विद्यालय भवन की जर्जर स्थिति और बारिश के दौरान पानी टपकने की समस्या के निराकरण की भी मांग की गई है।
इसी दौरान ग्राम पंचायत घटाई के ग्राम भैंसदा स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय का भी औचक निरीक्षण किया गया। यहां करीब 80 बच्चों के लिए केवल 1 ही कमरा उपलब्ध है। इसी कमरे में शिक्षकों का कार्यालय भी संचालित होता है, जिसके कारण बच्चों के बैठने और पढ़ाई के लिए पर्याप्त स्थान नहीं मिल पाता।
विद्यालय के सामने एक पुराना जर्जर भवन भी स्थित है, जिसके कभी भी गिरने की आशंका बनी हुई है। इससे बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता की स्थिति है। विधायक ने विद्यालय में अतिरिक्त कक्ष एवं रसोईघर की व्यवस्था करने तथा जर्जर भवन के संबंध में आवश्यक निर्माण अथवा मरम्मत कार्य तत्काल कराने की मांग की है।
विधायक श्री कैलाश कुशवाह ने दोनों विद्यालयों की समस्याओं को लेकर संबंधित अधिकारियों से शीघ्र स्थल निरीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।











सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें