शासकीय जिला उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1, शिवपुरी में “उमंग है तो जिंदगी में रंग है, चुनौतियों से लड़कर, सकारात्मकता से गढ़ेंगे भविष्य” थीम पर उमंग दिवस का आयोजन उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री प्रहलाद भारती जी (पूर्व मंत्री, पाठ्य पुस्तक निगम एवं पूर्व विधायक, मध्यप्रदेश शासन) रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य श्री विवेक श्रीवास्तव जी ने की।
कार्यक्रम में श्री हेमंत जैमिनी ,श्री केदार वर्मा, श्रीमती नमिता जुनेजा, श्रीमती पुष्पा मिश्रा (खेल प्रशिक्षक), श्री अनिल रावत (आईटी एक्सपर्ट), श्री गिरीश शर्मा (विज्ञान सहायक) सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं कक्षा 9वीं से 12वीं के विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मंच संचालन SLT उमंग एवं भौतिकी शिक्षक श्री दुर्गेश चौबे द्वारा किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को उमंग कार्यक्रम के उद्देश्यों से परिचित कराते हुए “उमंग त्रिवेणी” पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि उमंग स्कूल हेल्थ एंड वेलनेस कार्यक्रम, “उज्ज्वल बदलाव हमसे” तथा “सशक्त कार्यक्रम” के माध्यम से विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, जीवन कौशल, सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं सर्वांगीण विकास पर कार्य किया जा रहा है।
विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सीखने का अवसर
उमंग दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों के लिए विभिन्न रोचक एवं शिक्षाप्रद गतिविधियों का आयोजन किया गया। इनमें—
कानाफूसी गतिविधि: इसके माध्यम से विद्यार्थियों में संवाद, ध्यानपूर्वक सुनने तथा संदेश को सही रूप में आगे पहुँचाने के महत्व को समझाया गया।
वित्तीय प्रबंधन खेल: विद्यार्थियों को धन के उचित उपयोग, बचत, आवश्यकताओं एवं इच्छाओं के बीच अंतर तथा वित्तीय निर्णय लेने की समझ विकसित करने का अवसर मिला।
शरीर के अंगों की होड़: “शरीर के सभी अंगों में राजा बनने की होड़” गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को शरीर के विभिन्न अंगों के आपसी समन्वय, महत्व एवं एक-दूसरे पर निर्भरता को रोचक तरीके से समझाया गया।
रोल-प्ले: तनाव प्रबंधन पर रोल-प्ले प्रस्तुत किया गया, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों ने तनाव की परिस्थितियों को पहचानने तथा सकारात्मक तरीके से उनका सामना करने के उपाय सीखे।
नसरीन की कहानी: इसके माध्यम से विद्यार्थियों को जीवन की चुनौतियों का सामना करने, सकारात्मक दृष्टिकोण बनाए रखने तथा विपरीत परिस्थितियों में भी आगे बढ़ने की प्रेरणा दी गई।
रैपिड फायर क्विज़: कार्यक्रम के दौरान श्री दुर्गेश चौबे जी द्वारा एक रोचक रैपिड फायर क्विज़ का भी आयोजन किया गया, जिसमें त्वरित और सही उत्तर देने वाले किशोर एवं किशोरियों को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्राचार्य श्री विवेक श्रीवास्तव जी ने विद्यार्थियों को तनाव प्रबंधन के विषय में मार्गदर्शन दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को समय प्रबंधन, नियमित दिनचर्या, खेलकूद, पर्याप्त विश्राम तथा अपनी समस्याओं को शिक्षकों एवं अभिभावकों के साथ साझा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि चुनौतियां जीवन का हिस्सा हैं और सकारात्मक सोच एवं आत्मविश्वास के साथ उनका सामना करके विद्यार्थी अपने भविष्य को बेहतर बना सकते हैं।
मुख्य अतिथि श्री प्रहलाद भारती जी ने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन, सकारात्मक सोच एवं आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विभिन्न गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया गया तथा उमंग की शपथ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
प्राचार्य
शासकीय जिला उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1, शिवपुरी (म.प्र.)
सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें