शिवपुरी, 10 सितम्बर 2026। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार परिवहन विभाग द्वारा जिले में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने एवं परिवहन नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी क्रम में गुरूवार को परिवहन विभाग की टीम द्वारा थाना कोलारस क्षेत्र अंतर्गत नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध सख्ती से कार्रवाई करते हुए कुल 6 वाहनों को जब्त किया गया है।
जांच के दायरे में आए 6 वाहन, कार्यालय में कराए गए खड़े
जिला परिवहन अधिकारी श्रीमती रंजना कुशवाह ने बताया कि वाहन जांच अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम द्वारा आवश्यक दस्तावेजों तथा परिवहन नियमों के प्रावधानों का परीक्षण किया गया। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कुल 6 वाहनों में एमपी33 एल 3174, एमपी33 जेडएल 6663, एमपी33 टी 1155, एक बिना नंबर का ऑटो, एमपी67 आर 1643 एवं एमपी33 आर 2648 को जब्त कर कार्यालय में खड़ा कराया गया है।
नियमों के उल्लंघन पर 10 हजार रुपये का जुर्माना
कार्रवाई के दौरान यातायात व परिवहन नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध रसीद काटकर चालानी कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 10 हजार रुपये का अर्थदंड वसूल किया गया।
सड़क सुरक्षा हेतु चेकिंग अभियान रहेगा निरंतर जारी
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा के निर्देशों के तहत जिले भर में सार्वजनिक वाहनों से यात्रा करने वाले यात्रियों व बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। परिवहन विभाग द्वारा समस्त वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे क्षमता से अधिक सवारी न बैठाएं, वाहन के समस्त आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखें तथा निर्धारित नियमों का पालन करते हुए ही वाहन का संचालन करें।











सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें