Responsive Ad Slot

Latest

latest

#mamakadhamakanews: जनसुनवाईः कलेक्टर श्री वर्मा ने आवेदकों की समस्याओं का संवेदनशीलता से किया त्वरित निराकरण

मंगलवार, 8 सितंबर 2026

/ by Vipin Shukla Mama
*लाडली लक्ष्मी योजना का आश्वासन प्रमाण पत्र सौंपा, दुर्घटना पीड़ित मजदूर के इलाज हेतु दी 20 हजार की आर्थिक सहायता
शिवपुरी। जिला मुख्यालय पर आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने सैकड़ों आवेदकों की समस्याओं एवं शिकायतों को अत्यंत संवेदनशीलता और गंभीरतापूर्वक सुना। आम नागरिकों की समस्याओं का सुलभ और त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करते हुए कलेक्टर श्री वर्मा ने कई प्रकरणों का मौके पर ही समाधान कराया तथा जरूरतमंदों को तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की। कई मामलों में संबंधित विभागीय अधिकारियों को समय सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए गए। 
लाडली लक्ष्मी योजना का तत्काल मिला लाभ
जनसुनवाई के दौरान जनपद शिवपुरी की ग्राम राजा की मुढैरी निवासी श्रीमती सीमा कुशवाह एवं उनके पति श्री राय सिंह कुशवाह ने अपनी पुत्री को लाडली लक्ष्मी योजना का लाभ न मिलने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने तुरंत संज्ञान लेते हुए महिला एवं बाल विकास अधिकारी को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। आवेदक की समस्या का तत्काल निराकरण कराते हुए श्री राय सिंह कुशवाह को ‘मुख्यमंत्री लाडली लक्ष्मी योजना’ का आश्वासन प्रमाण पत्र मौके पर ही सौंपा गया।
सड़क दुर्घटना में घायल मजदूर के इलाज हेतु 20 हजार रूपए की आर्थिक सहायता
जनसुनवाई में ग्राम छार निवासी माया कोली ने सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल अपने पति के इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लगाई। कलेक्टर श्री वर्मा ने मामले की संवेदनशीलता से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत पहुंचाते हुए रेडक्रॉस मद से 20,000 रुपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की और सहायता राशि का चेक प्रदान किया। इस त्वरित मदद पर माया कोली ने जिला प्रशासन व कलेक्टर श्री वर्मा का आभार व्यक्त किया।
अधिकारियों को कड़े निर्देशः निराकरण में न हो लापरवाही
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने जनसुनवाई में उपस्थित विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि प्राप्त होने वाले सभी आवेदनों का बारीकी से परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के व्यक्ति तक बिना किसी बाधा के समय पर पहुंचना चाहिए।












कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129