*पर्याप्त मशीनरी, जेसीबी और डंपर लगाकर त्वरित गति से उठाया जाए पूरा कचरा,डंपिंग यार्ड में अपशिष्ट प्रबंधन के निर्देश
शिवपुरी, 02 अक्टूबर 2026। माधव टाइगर रिजर्व एवं आसपास की सीमा में पड़े पुराने जीआरपी पाइप और अन्य अपशिष्ट को हटाने के संबंध में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने सख्ती की है।
कलेक्टर श्री वर्मा ने शुक्रवार को वन परिक्षेत्र मध्य माधव टाइगर के कोर एरिया स्थित ग्राम चांड कैंपस एवं वन रक्षक आवास बीट रायपुर पहुंचकर वहां पड़े जीआरपी पाइप कचरे के विनिष्टीकरण एवं उठवाने की कार्यवाही का निरीक्षण किया। शिवपुरी नगरपालिका सीएमओ को कचरा उठवाने और निस्तारण को लेकर निर्देश दिए हैं।
कचरा उठाने के लिए आवश्यक मशीनरी और डंपर लगाने के दिए निर्देश
स्थल निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने नगर पालिका शिवपुरी और वन विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कचरा उठाने का कार्य आज से ही त्वरित गति से प्रारंभ किया जाए। उन्होंने कहा कि आवश्यक मशीनरी, जेसीबी और पर्याप्त संख्या में खुली कचरा गाड़ियां/डंपर लगाकर इस पूरे कचरे को जल्द से जल्द हटाया जाए। कलेक्टर श्री वर्मा ने नरवर रोड एवं सड़कों के किनारे पड़े जीआरपी पाइप और अपशिष्ट सामग्री को भी प्राथमिकता के आधार पर जेसीबी से उठवाने के निर्देश मुख्य नगरपालिका अधिकारी शिवपुरी यशवंत राठौर को दिए। इसके लिए उन्होंने आवश्यकता पड़ने पर एनएचएआई से भी वाहन लेकर कार्य में तेजी लाने की बात कही।
गौरतलब है कि सिंध जलावर्धन योजना के तहत मड़ीखेड़ा बांध से शिवपुरी नगरपालिका क्षेत्र के बीच बिछाई गई जीआरपी पाइप लाइन में लीकेज की समस्या आने के बाद नपा द्वारा डीआई पाइप लाइन बिछवाई गई थी। परंतु पुरानी जीआरपी पाइप लाइन का कचरा टाइगर रिजर्व सीमा, सड़कों के किनारे, कृषि क्षेत्रों में खुला पड़ा होने से और यह गैर-जैव अपघटनीय होने के कारण पर्यावरण और वन्यजीवों के लिए भी खतरे का विषय है।
संयुक्त दल द्वारा बड़ौदी स्थित डंपिंग स्थल पर भेजा जाएगा संपूर्ण अपशिष्ट
कलेक्टर श्री वर्मा के निर्देशों के तहत यह स्वच्छता एवं अपशिष्ट निस्तारण अभियान जिला प्रशासन, नगर पालिका शिवपुरी और वन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से संचालित किया जा रहा है। अधिकारियों को सख्त हिदायत दी गई है कि संरक्षित वन क्षेत्र और सार्वजनिक स्थलों पर पड़ा संपूर्ण जीआरपी पाइप कचरा और संबंधित सामग्री एकत्र कर बड़ौदी स्थित अधिकृत डंपिंग स्थल पर सुरक्षित रूप से निस्तारण किया जाए।
तय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश
कलेक्टर श्री वर्मा ने स्पष्ट किया है कि पर्यावरण संरक्षण और एनजीटी के आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए इस कार्य की प्रतिदिन समीक्षा की जाएगी। किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी और संपूर्ण कचरा निस्तारण का कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर ही पूरा करने के निर्देश दिए हैं। वन परिक्षेत्र मध्य माधव टाइगर के कोर एरिया स्थित ग्राम चांड कैंपस में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गायत्री शर्मा, डिप्टी डायरेक्टर माधव नेशनल पार्क श्री हरिओम, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विजय राज, एसडीएम शिवपुरी श्री आनंद राजावत, सीएमओ श्री यशवंत राठौर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
धमाका न्यूज शिवपुरी की अपील
जिला कलेक्टर अर्पित वर्मा से धमाका न्यूज शिवपुरी की अपील है कि जिस कंपनी ने नपा के साथ टेंडर लेकर डी आई लाइन बिछाई और पुरानी लाइन सड़क किनारे छोड़ी उसे हटाने में किया जा रहा खर्च उसी कंपनी से वसूला जाए।











सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें