Responsive Ad Slot

Latest

latest

#धमाका_न्यूज: प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ विजय हुए ग्वालियर संभाग के बेटे तो इंदौर की बेटियां रहीं अव्वल

रविवार, 11 अक्टूबर 2026

/ by Vipin Shukla Mama
* पुरस्कार प्रशस्ति और सम्मान के साथ हुआ 70वी राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का समापन
* नियम और अनुशासन के साथ खेल भावना का प्रदर्शन  छोड़ेगा अमिट छाप- जिपं अध्यक्ष नेहा 
शिवपुरी। शिवपुरी की धरा पर 7 अक्टूबर से शुरू हुआ रफ्तार और रोमांच का महाकुंभ यानि 70 वी राज्य स्तरीय 17 वर्षीय बालक-बालिका एथलेटिक्स प्रतियोगिता का रविवार की दोपहर पुरस्कार, प्रशस्ति और सम्मान के साथ समापन हो गया। पाँच दिन तक एथलेटिक्स की विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10 संभाग के खिलाडिय़ों को जब पुरस्कार बांटे गए तो परिसर तालियों से गूंज उठा। समापन समारोह की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव रहीं जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता शिवपुरी विधायक देवेन्द्र जैन ने की। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष राजू बाथम, वरिष्ठ भाजपा नेता हरवीर सिंह रघुवंशी, भाजपा जिला महामंत्री लवलेश जैन चीनू व महामंत्री केपी परमार मौजूद रहे। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न दौड़, जेबलिन थ्रो, शॉर्ट पुट, ट्रिपल जंप, पोल बोल्ट, ऊंची कूद, लंबी कूद आदि एथलेटिक्स की विधाओं में सर्व श्रेष्ठ प्रदर्शन के अंकों के आधार पर बालक वर्ग में ग्वालियर संभाग की टीम पहले स्थान पर रही जबकि भोपाल संभाग ने दूसरा व उज्जैन संभाग ने तीसरा स्थान हासिल किया। जबकि बालिका वर्ग में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर इंदौर संभाग अव्वल रहा, वहीं भोपाल संभाग ने दूसरे व उज्जैन संभाग ने तीसरा स्थान हासिल किया। खिलाड़ी के रूप में प्रतियोगिता में सर्वोच्च प्रदर्शन के लिए भोपाल के अर्वण श्रीवास्तव व इंदौर की स्तुति जैसवाल को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला शिक्षा अधिकारी आकाश सिंह यादव ने स्वागत भाषण में कहा कि सभी खिलाडिय़ों ने खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है जो सराहनीय है। मुख्य अतिथि नेहा यादव ने सभी संभागों के खिलाडिय़ों को बधाई देते हुए कहा कि नियम और अनुशासन के साथ पाँच दिनों तक आप लोगों ने खेल भावना के साथ अपना 100 फीसदी दिया है वह आपके जीवन में अमिट छाप छोड़ेगा और यह यादें हमेशा जहन में रहेंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विधायक जैन ने कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकार लगातार खेलों के लिए कार्य कर रही है और शिवपुरी जैसे छोटे शहर में इतना आधुनिक खेल परिसर होना इस बात का प्रमाण है। ग्राम पंचायत स्तर पर भी खेलों के लिए बजट उपलब्ध कराकर खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। प्रतियोगिता का प्रतिवेदन वाचन बीईओ मनोज निगम द्वारा किया गया जबकि मंच संचालन बीआरसीसी अंगद सिंह तोमर, हेमलता चौधरी व गिरीश मिश्रा मामा द्वारा किया गया। जिला क्रीड़ा अधिकारी चंद्रशेखर बेमटे ने सभी का आभार व्यक्त किया। प्रतियोगिता के विधिवत समापन की घोषणा जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव ने की। 
दल प्रबंधकों सहित समिति सदस्य हुए सम्मानित
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता को विधिवत संचालित करने कराने के लिए स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा अतिथियों के माध्यम से 10 संभागों से आए दल प्रबंधकों व स्टेट ऑफिशियल्स को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा स्थानीय स्तर पर विभाग द्वारा दो दर्जन से अधिक समितियों का गठन किया गया था जिनके सदस्यों को भी उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के उत्कृष्ट प्रचार प्रसार के लिए भगवती प्रसाद शर्मा, नीरज सरैया को सम्मानित किया गया। इसी तरह हाल ही में ग्वालियर संभाग की टीम द्वारा रगबी में गोल्ड मेडल जीतने पर कोच शिवनाथ सिंह वैस्य को सम्मानित किया गया, वहीं अन्य समितियों में शामिल डॉ. कौशल गौतम, यादवेन्द्र सिंह चौधरी, अजय बाथम, विवेक वर्धन शर्मा,राजीव भार्गव,राजू जाट, स्नेह सिंह रघुवंशी, दीपक मांझी, विनय रावत, संस्कार मिश्रा, अभिषेक सक्सेना, रेखा शर्मा, ऊजमा परवीन, कल्पना सोनी, श्वेता जैन, महेन्द्र सिंह तोमर, ओपी शर्मा, अनिल मलावरिया, गयादीन तरेटिया, शरद निगम, रज्जाक खान आदि को सम्मानित किया गया।
दुर्गा स्तुति की प्रस्तुति ने भक्तिमय किया माहौल
समापन कार्यक्रम के दौरान बाल शिक्षा निकेतन स्कूल के दल ने बंगाली भाषा के भजन पर दुर्गा स्तुति की और महेशासुर मर्दन का पात्रों द्वारा सजीव प्रदर्शन किया गया जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम के अंत में जिला शिक्षा अधिकारी आकाश सिंह यादव द्वारा सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। अंत में प्रतियोगिता का ध्वज उतारकर उसे परंपरागत ढंग से सौपा गया।











कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129