Responsive Ad Slot

Latest

latest

#धमाका_बड़ी_खबर: शिवपुरी में पार्सल गुम होने के विवाद पर व्यापारी और भाइयों को कृष्णा होटल पर लाठियों व घूंसों से पीटा, गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर

रविवार, 11 अक्टूबर 2026

/ by Vipin Shukla Mama
shivpuri शिवपुरी। शिवपुरी के देहात थाना क्षेत्र में अहमदाबाद भेजे गए पांच पार्सल गायब होने की पूछताछ करने आए एक व्यापारी और उसके भाइयों पर बस मालिक, होटल संचालक और उनके साथियों द्वारा लाठी व घूंसों से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। इस हमले में एक युवक के सिर में गंभीर चोट आने के कारण उसे जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज शिवपुरी रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। 
शिवपुरी में अपने रिश्तेदार पार्षद मट्टू खटीक को दी जानकारी 
उक्त मामले में पीड़ित ने शिवपुरी में अपने रिश्तेदार पार्षद मट्टू खटीक को जैसे ही गंभीर मारपीट की जानकारी दी तो उन्होंने घायलों को अस्पताल भर्ती कराया। बाद में समाज के लोगों के साथ देहात थाना पुलिस में जाकर शिकायत दर्ज कराई जिस पर केस दर्ज किया गया। उक्त मामले में क्रॉस कायमी की बात कही जा रही है। 
अहमदाबाद भेजे गए पार्सल रास्ते से हुए गायब
पुलिस में दर्ज प्राथमिक सूचना (FIR) के अनुसार, मुरैना के सुभाष नगर (वार्ड नंबर 28) के रहने वाले मनोज खटीक (उम्र 38 वर्ष) माला का व्यापार करते हैं। मनोज ने करीब 7-8 दिन पहले 'सत्यम बस' के माध्यम से अहमदाबाद के लिए माला के पांच पार्सल बुक किए थे, जो गंतव्य तक नहीं पहुंचे और गायब हो गए।
पार्सल की खोजबीन के लिए मनोज खटीक अपने भाई दिनेश खटीक, सुरेश खटीक और अपने दोस्तों (लोकेश शाक्य, मिथुन तोमर, शिब्बू सिकरवार) के साथ 9 अक्टूबर 2026 को ग्वालियर में सत्यम बस के मालिक तनय भटोरिया के घर पहुंचे।
होटल पर बुलाकर किया जानलेवा हमला
बस मालिक तनय भटोरिया ने उन्हें आश्वासन दिया कि पार्सल अहमदाबाद से मंगवाकर शिवपुरी में दिलवा देगा। इसके बाद वह अपनी इनोवा गाड़ी से आगे चला और फरियादी मनोज व उनके साथी अपनी फॉर्च्यूनर गाड़ी से उसके पीछे-पीछे शिवपुरी के 'होटल कृष्णा' पहुंचे। रात्रि करीब 10 बजे होटल पहुंचने पर जब पार्सल की बात दोबारा शुरू हुई, तो बस मालिक तनय भटोरिया, होटल मालिक संजीव भटेले और उनके अन्य साथियों ने मां-बहन की गंदी गालियां देना शुरू कर दिया। जब फरियादी और उसके भाइयों ने गाली देने से मना किया, तो आरोपी भड़क गए और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए मारपीट पर उतारू हो गए।
सिर फटा, आंख में आई गंभीर चोट
विवाद के दौरान आरोपी तनय भटोरिया ने लाठी निकालकर सुरेश खटीक के सिर पर दे मारी, जिससे उनका सिर फट गया और खून बहने लगा। इसी बीच होटल मालिक संजीव भटेले ने दिनेश खटीक की दाईं आंख पर जोरदार घूंसा जड़ दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई। मौके पर मौजूद दोस्तों ने किसी तरह बीच-बचाव किया। भागते समय आरोपियों ने धमकी दी कि "अगर आइंदा पार्सल के बारे में बात की तो जान से खत्म कर देंगे।"
मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी
घटना के तुरंत बाद लहूलुहान हालत में मनोज खटीक अपने भाइयों को लेकर जिला अस्पताल शिवपुरी पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने सुरेश खटीक के सिर की गंभीर चोट को देखते हुए उन्हें तुरंत मेडिकल कॉलेज शिवपुरी रेफर कर दिया, जहां उन्हें भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।











कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129