* राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के सेमीफाइनल व फाइनल मुकाबले हुए आयोजित, बुधवार को होगा पुरस्कार वितरण समारोह
शिवपुरी। 23 अक्टूबर से जारी 70 वी राज्य स्तरीय बालिका क्रिकेट एवं बालक-बालिका नेटबॉल प्रतियोगिता के खिताबी मुकाबले मंगलवार को खेले गए। नेटबॉल में ग्वालियर संभाग का एकतरफा दबदबा फाइनल तक कायम रहा। बालक और बालिका दोनों ही वर्गों में ग्वालियर की टीम ने फाइनल जीतकर अपना परचम फहराया, हालांकि बालिका क्रिकेट में ग्वालियर संभाग की टीम तीसरे स्थान पर रही। फाइनल भोपाल की टीम ने जीतकर ट्रॉफी अपने नाम की। भोपाल ने इंदौर को नजदीकी मुकाबले में 2 रन से हरा दिया। सभी खिताबी मुकाबले बेहद रोमांचक और उत्साह से लवरेज रहे। जिला शिक्षा अधिकारी आकाश सिंह यादव के निर्देशन में मंगलवार को जिला क्रीड़ा अधिकारी चंद्रशेखर बेमटे के मार्गदर्शन में नेशनल रेफरी यादवेन्द्र सिंह चौधरी, अजय बाथम, राजू जाट, शिवनाथ वैस, संस्कार मिश्रा, मनोज गुप्ता, कपिल दुबे, नीरज सरैया, अनिल मालावरिया, दीपक मांझी, अभिषेक श्रीवास्तव, प्राचार्य एनके जैन, आरपी जाटव, राजेश कम्ठान सहित बीईओ मनोज निगम एवं ब्लॉक क्रीड़ा अधिकारी विवेकवर्धन शर्मा ने सक्रिय भूमिका निभाई। विजेता, उपविजेता व तृतीय स्थान हासिल करने वाली टीमों को बुधवार सुबह 10 बजे सांदीपनी स्कूल परिसर में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा।
रोमांचक फाइनल में भोपाल की आर्या ने बनाए सर्वाधिक 64 रन
मंगलवार दोपहर बाद भोपाल और इंदौर के बीच फाइनल खेला गया। भोपाल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी और निर्धारित 15 ओवर में 6 विकेट पर 106 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। भोपाल की आर्या नायक का इस मैच में भी शानदार प्रदर्शन रहा और उन्होंने 64 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंदौर की टीम ने भी मैच पर मजबूत पकड़ रखी और आखिरी ओवर तक संघर्ष जारी रखा, हालांकि इंदौर 6 विकेट पर 104 रन ही बना सकी और महज 2 रन से फाइनल हार गई। भोपाल की आर्या ने इस पूरी प्रतियोगिता में सर्वाधिक 352 रन बनाकर अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से न केवल चयनकर्ताओं के आकर्षित किया, बल्कि दर्शकों की भी खूब तालियां बटोरीं। फाइनल में एम्पायरिंग कमल बाथम व कपिल भारद्वाज द्वारा की गई जबकि स्कोरिंग सौरभ चंदेल ने की। ग्राउण्ड प्रभारी अजय बाथम रहे इससे पहले मंगलवार सुबह पहला सेमीफाइनल में ग्वालियर व इंदौर के बीच खेला गया जहां इंदौर के 102 रन का पीछे करने उतरी ग्वालियर की टीम 96 रन ही बना सकी। दूसरा सेमीफाइनल ग्राउण्ड प्रभारी मनोज गुप्ता के निर्देशन में भोपाल व नर्मदापुरम के बीच खेला गया, जहां भोपाल के 121 रन के लक्ष्य के आगे नर्मदापुरम 78 रन ही बना सकी। तीसरे स्थान के लिए ग्वालियर व नर्मदापुरम के बीच मुकाबला हुआ जिसमें ग्वालियर ने 15 ओवर में 92 रन बनाए जबाव में नर्मदापुरम की पूरी टीम 11 ओवर में 51 रन पर ही ढेर हो गई।
नेटबाल में ग्वालियर के बेटों ने रीवा को हराकर जीता फाइनल
इधर नेटबॉल के खिताबी मुकाबले भी आयोजित हुए। प्रचार प्रसार प्रभारी नीरज सरैया ने बताया कि बालक वर्ग में पहले सेमीफाइनल में रीवा ने इंदौर को 18-12 से और ग्वालियर ने भोपाल को 11-3 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में ग्वालियर की टीम ने रीवा को 12-7 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की, वहीं तीसरे स्थान के लिए हार्डलाइन मैच में इंदौर ने भोपाल को 26-20 से हराया। बालिका वर्ग की बात करें तो पहले सेमीफाइनल में ग्वालियर ने इंदौर को 13-10 के नजदीकी अंतर से हराया तो भोपाल ने रीवा को 18-16 से मात दी। फाइनल में ग्वालियर और भोपाल के बीच भिड़ंत हुई, जहां ग्वालियर ने 14-11 से जीत हासिल कर चैम्पियनशिप अपने नाम कर ली।
सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें