Responsive Ad Slot

Latest

latest

#धमाका_खास_खबर: MP के जिला शिवपुरी में बादलों के फेर में फंसा चांद, नजर नहीं आया चांद, किसी ने जोधपुर तो किसी ने पुणे के चांद को मोबाइल में देखकर खोला करवा चौथ का निर्जला व्रत, देखिए video

गुरुवार, 29 अक्टूबर 2026

/ by Vipin Shukla Mama
shivpuri शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में इस बार करवा चौथ पर आस्था, सब्र और आधुनिक तकनीक का एक बेहद अनोखा नजारा देखने को मिला। जिले में मौसम के अचानक बदले मिजाज और आसमान में उमड़े घने बादलों ने व्रत रखने वाली महिलाओं की परीक्षा ले ली। रात के 8 बजे से लेकर पौने 10 बजे तक सुहागिनें लगातार छतों पर टकटकी लगाए चांद का इंतजार करती रहीं, लेकिन आसमान में सिर्फ काले बादल ही नजर आए।
जैसे-जैसे समय बीत रहा था, निर्जला व्रत रख रहीं महिलाओं की व्याकुलता बढ़ती जा रही थी। जब पौने दस बजे तक भी चांद ने दर्शन नहीं दिए, तो सुहागिनों ने इसका एक डिजिटल समाधान निकाला। जिन शहरों में आसमान साफ था और चांद निकल चुका था, वहां रह रहे अपने रिश्तेदारों और सहेलियों को महिलाओं ने वीडियो कॉल करना शुरू किया।
शिवपुरी की महिलाओं ने जोधपुर, पुणे और अन्य शहरों से आ रही मोबाइल की लाइव स्क्रीन पर छलनी के जरिए चांद का दीदार किया। मोबाइल पर ही अर्घ्य देकर, विधि-विधान से पूजा पूरी की गई और पतियों के हाथों पानी पीकर महिलाओं ने अपना व्रत खोला। तकनीक और परंपरा के इस अनूठे संगम की तस्वीरें और वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर चर्चा बटोर रहे हैं।
इस वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि ट्रैक्टर व्यवसाई राकेश शर्मा की पत्नी रश्मि शर्मा जोधपुर से अपनी ननद के मोबाइल पर चांद को निहारते हुए अपनी वृद्ध सासू मां को भी अपने साथ पूजा करवा रही है। उनकी पड़ोसन एडवोकेट देवेंद्र शर्मा की पत्नी अपर्णा ने भी जोधपुर के चांद को देखकर पूजा की। जबकि नीलू शुक्ला ने पुणे में हर्ष प्रतीक्षा गौड के घर से दिखाई दे रहे चंद्रमा को देखकर व्रत खोला। 












कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129