Responsive Ad Slot

Latest

latest

#धमाका_न्यूज: सीएम डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय मंत्री द ग्रेट ज्योतिरादित्य सिंधिया 13 को पिछोर आएंगे, कलेक्टर अर्पित वर्मा ने विधायक प्रीतम संग की तैयारी तेज

शुक्रवार, 6 नवंबर 2026

/ by Vipin Shukla Mama
*कलेक्टर श्री वर्मा ने कोलारस एवं पिछोर पहुंचकर कार्यक्रम स्थलों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
शिवपुरी, 06 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रस्तावित शिवपुरी जिला प्रवास को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव का 13 नवंबर को पिछोर में प्रस्तावित कार्यक्रम है, जबकि केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया 12 से 14 नवंबर तक जिले के विभिन्न कार्यक्रमों में सम्मिलित होंगे। प्रस्तावित कार्यक्रमों की तैयारियों का जायजा लेने के लिए कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने कोलारस एवं पिछोर क्षेत्र का भ्रमण कर आयोजन स्थलों का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री वर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रमों के आयोजन में सुरक्षा, यातायात, जनसुविधाओं एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूर्ण करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
कोलारस में कपिल मुनि आश्रम, सिघारई एवं भाडौता पुल का किया निरीक्षण
केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रस्तावित कार्यक्रमों के दृष्टिगत कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने कोलारस तहसील के ग्राम केलधार स्थित श्री कपिल मुनि आश्रम एवं गौमुख स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने आश्रम के धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व की जानकारी प्राप्त की तथा प्रस्तावित कार्यक्रम के आयोजन एवं जनसभा से संबंधित व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इसके पश्चात ग्राम सिघारई में नवीन सड़कों के भूमिपूजन कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। ग्राम भाडौता में नवनिर्मित पुल का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। यहां नवीन सड़कों के भूमिपूजन के साथ भाडौता पुल का लोकार्पण भी प्रस्तावित है।
निरीक्षण के दौरान कोलारस विधायक श्री महेंद्र यादव, जिला अध्यक्ष श्री जसवंत जाटव, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कोलारस श्री शिवदयाल धाकड़, श्री हरवीर रघुवंशी एवं सांसद प्रतिनिधि श्री उधम सिंह धाकड़ सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
मीडिया से बोले प्रीतम, जिला बनाने और किले के लिए करेंगे बात सीएम से
विधायक प्रीतम लोधी ने पिछोर मीडिया से कहा कि सीएम डॉ मोहन यादव से हम सभी पिछोर को जिला बनाने और किले के लिए बात करेंगे। साथ ही तालाब सफाई अभियान और उसका अवलोकन कराएंगे।
पिछोर के छत्रसाल स्टेडियम में होगा लाड़ली बहना राशि अंतरण कार्यक्रम
कलेक्टर श्री वर्मा ने पिछोर स्थित छत्रसाल स्टेडियम पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण किया। इसी स्टेडियम में राज्य स्तरीय लाड़ली बहना राशि अंतरण कार्यक्रम आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, पेयजल, अस्थायी शौचालय, विद्युत व्यवस्था एवं सुरक्षा संबंधी तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। साथ ही हेलीपेड स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान पिछोर विधायक श्री प्रीतम सिंह लोधी एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पिछोर श्रीमती ममता शाक्य उपस्थित रहीं।
सुरक्षा, यातायात एवं जनसुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री के प्रस्तावित प्रवास के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए। प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी आपसी समन्वय से दायित्वों का निर्वहन करें। कार्यक्रम स्थल पर आमजन के आवागमन, वाहन पार्किंग, बैठक व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं के पर्याप्त प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन करें, जिससे कार्यक्रमों का आयोजन सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।












कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129