* चुनाव प्रक्रिया से होगा कार्यकारिणी का पुनर्गठन, वरिष्ठ समाजजनों का सम्मान एवं ब्राह्मण वाटिका-आश्रम निर्माण के लिए बनेगा कोर ग्रुप
शिवपुरी। सर्व ब्राह्मण समाज शिवपुरी की एक महत्वपूर्ण बैठक विगत दिवस होटल मातोश्री में रामजी लाल शर्मा जी की गरिमामयी उपस्थिति, योगाचार्य एवं वरिष्ठ समाजसेवी पंडित रघुवीर पाराशर जी के मुख्य आतिथ्य तथा मातृशक्ति श्रीमती उमा उपाध्याय की अध्यक्षता में भगवान परशुराम के पूजन-अर्चन के साथ संपन्न हुई। बैठक में सामाजिक एकता, संगठनात्मक मजबूती, आगामी कार्यक्रमों तथा समाज की महत्वाकांक्षी योजनाओं को लेकर अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक के प्रारंभ में जिलाध्यक्ष भरत शर्मा ने सर्व ब्राह्मण समाज द्वारा इस वर्ष आयोजित विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों की विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए संगठन की भावी कार्ययोजना प्रस्तुत की। उन्होंने समाज के भीतर सामाजिक एकता को दीमक की तरह कमजोर कर रहे अनेक समानांतर सामाजिक संगठनों के प्रति बढ़ते असंतोष को जायज बताते हुए शिवपुरी में कार्यरत समस्त ब्राह्मण संगठनों के अध्यक्षों से एक संगठन–एक अध्यक्ष की सामाजिक भावना का सम्मान करते हुए सभी संगठनों के विलय की दिशा में सकारात्मक पहल करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि समाज की सामूहिक शक्ति का वास्तविक उपयोग तभी संभव है, जब हम अलग-अलग संगठनात्मक पहचान से ऊपर उठकर एक सशक्त सामाजिक मंच पर एकत्रित हों। इसी उद्देश्य से 28 नवंबर को आयोजित होने वाले सर्व ब्राह्मण समाज दिवाली मिलन समारोह एवं विशाल अन्नकूट प्रसादी कार्यक्रम में शिवपुरी के समस्त ब्राह्मण संगठनों को आमंत्रित करने का सुझाव दिया गया, जिससे आपसी संवाद, समन्वय एवं संगठनात्मक एकीकरण का मार्ग प्रशस्त हो सके।
भरत शर्मा ने पूर्व घोषित संकल्प के अनुरूप सर्व ब्राह्मण समाज की कार्यकारिणी का पुनर्गठन लोकतांत्रिक चुनाव प्रक्रिया से कराने पर भी विस्तृत चर्चा की आवश्यकता बताई। उन्होंने आगामी चुनावी वर्ष को दृष्टिगत रखते हुए राजनीतिक एवं सामाजिक दृष्टि से ब्राह्मण समाज की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने तथा सतत प्रयास करने का आह्वान किया।
बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय
बैठक में 28 नवंबर को आयोजित होने वाले दिवाली मिलन समारोह एवं विशाल अन्नकूट प्रसादी कार्यक्रम में सर्व ब्राह्मण समाज के समस्त पंजीकृत सदस्यों को आमंत्रित करने के साथ ही समाज के वटवृक्ष स्वरूप वयोवृद्ध एवं वरिष्ठजनों का सम्मान करने का निर्णय लिया गया।
इसके अतिरिक्त ब्राह्मण समाज की अति महत्वाकांक्षी अधोसंरचनात्मक योजना 'सर्व ब्राह्मण समाज वाटिका एवं आश्रम' की स्थापना को मूर्तरूप देने के लिए प्रबुद्धजनों से सुझाव प्राप्त कर सामूहिक सहमति के आधार पर ब्राह्मण वाटिका एवं आश्रम निर्माण हेतु कोर ग्रुप का गठन करने पर सहमति बनी।
साथ ही सर्व ब्राह्मण समाज की कार्यकारिणी का पुनर्गठन चुनाव प्रक्रिया के माध्यम से कराने की विस्तृत रूपरेखा एवं प्रक्रिया पर पंजीकृत सदस्यों के साथ विचार-विमर्श करने का निर्णय लिया गया, ताकि संगठन की आगामी कार्यकारिणी लोकतांत्रिक एवं सर्वसम्मत भावना के अनुरूप गठित हो सके।
अतिथियों का सम्मान एवं आभार प्रदर्शन
बैठक के अंतिम चरण में मुख्य अतिथि योगाचार्य एवं वरिष्ठ समाजसेवी पंडित रघुवीर पाराशर जी, विशिष्ट अतिथि रामजी लाल शर्मा जी तथा बैठक की अध्यक्षता कर रहीं श्रीमती उमा उपाध्याय का राजेंद्र दुबे खजुरी, हरिहर शर्मा एवं रोहिताश नायक द्वारा सम्मान किया गया।
बैठक में प्रमुख रूप से गोपाल गौड़, उमाशंकर शर्मा, मनोज जैमिनी, महेंद्र नायक, अजीत शर्मा, सतीश शर्मा, सूरज अवस्थी, राज कटारे, वरुण पाराशर, धर्मेंद्र भारद्वाज सहित अनेक प्रबुद्ध समाजजनों की उपस्थिति रही।











सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें