-पंजाब के मनजोत सिंह बने बेस्ट एथलीट, बालक 110 मीटर बाधा दौड़ में 13.721 सेकंड का समय निकालकर हासिल किए 1117 अंक
-राष्ट्रीय बालक एथलेटिक्स प्रतियोगिता का हुआ समापन , विजेताओं को कलेक्टर ने किया सम्मानित
शिवपुरी। शिवपुरी के श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 12 नबंबर से जारी 70वीं एसजीएफआई राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का सोमवार को विजेता खिलाड़ियों और टीमों को पुरस्कार वितरण के साथ समापन हो गया। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने पोडियम पर विजेता खिलाड़ियों को मैडल प्रदान किए और उनकी पीठ थपथपाई तो वहीं प्रतियोगिता की अंक तालिका में अव्वल रहीं टीमों को मंच पर ट्राफी देकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों व टीम के कोच से चर्चा कर बधाई देते हुए उत्साह वर्धन किया। इस दौरान मंच पर प्रमुख रूप से जिला शिक्षा अधिकारी आकाश सिंह यादव, एसजीएफआई के आब्जर्वर डीके सिंह, जिला क्रीड़ा अधिकारी चंद्रशेखर बेमटे, बीआरसी अंगद सिंह तोमर, पूर्व बीईओ मनोज निगम, पूर्व डीएसओ महेंद्र सिंह तोमर, प्राचार्य राजेश कम्ठान , प्रचार प्रसार समिति के नीरज सरैया, राजीव भार्गव, नेशनल कोच यादवेंद्र सिंह चौधरी, अजय बाथम, अशोक चौधरी, बसंत शर्मा, स्नेह रघुवंशी, राजू जाट, दीपक मांझी, शिवनाथ सिंह बेस, संस्कार मिश्रा, पंकज पांडे, मनोज शर्मा, सदाशिव भार्गव आदि मौजूद थे। इस पांच दिवसीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 62 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया। उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने 14 पदक अपने नाम किए। जिनमें 8 गोल्ड मेडल सहित तीन सिल्वर व तीन ब्रांज मैडल शामिल है। तमिलनाडु 41 अंकों और 11 पदकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा, जबकि राजस्थान की टीम 15 अंक व 5 मेडल के साथ संयुक्त रूप से तीसरे पायदान पर रहीं। राजस्थान की टीम दो गोल्ड सहित 5 मेडल जीतकर तीसरे पायदान पर रही। तालिका में मप्र की टीम बिहार के साथ संयुक्त रूप से आठवे स्थान पर रहीं। दोनों टीमों ने पूरी प्रतियोगिता में सिर्फ एक-एक गेाल्ड मेडल जीता है। प्रतियोगिता में पंजाब के मंजोत सिंह ने अपनी शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए बेस्ट एथलीट का खिताब हासिल किया। उन्होंने बालक वर्ग की 110 मीटर बाधा दौड़ को 13.721 सेकेंड में पूरा करके पहला स्थान तो हासिल किया ही, साथ ही इस प्रदर्शन के लिए उन्हें 1117 आईएएएफ अंक मिले।
आखिरी दिन जेवलिन थ्रो में बिहार के आयुष चमके
प्रचार प्रसार प्रभारी नीरज सरैया ने बताया कि प्रतियोगिता के आखिरी दिन जेवलिन थ्रो के फायनल में बिहार के आयुष राज ने 68.25 मीटर भाला फेंककर सोना जीता, तो उप्र के देव कुमार 62.23 मीटर के साथ दूसरे पायदान पर रहे। सीबीएसई के ब्रह्मदीप 61.90 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहे। वहीं, 400 मीटर रिले रेस में यूपी की टीम ने नया नेशनल रिकार्ड बनाते हुए 42.19 सेेकेंड में यह दूरी तय की और पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि तमिलनाडु 42.39 सेकेंड के साथ दूसरे व केरल की टीम 42.51 सेकेंड के साथ तीसरे स्थान पर रही।
हेमर थ्रो में यूपी के सुधीर ने जीता खिताब
सोमवार को हेमर थ्रो का फायनल मुकाबला खेला गया। जिसमें यूपी के सुधीर ने 65.45 मीटर हेमर फेंक कर गोल्ड मेडल जीता, जबकि विद्याभारती के अंकुर पटेल 64 मीटर के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि राजस्थान के दीपांशु भास्का 63.58 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहे। इसी तरह हाई जंप में तमिलनाडु के शक्थि वेल व्हीएन ने 2.03 मीटर ऊंची उछाल लगाकर गोल्ड मेडल जीता, जबकि महाराष्ट्र के उज्जवल विजय व केरला के मोहम्मद रवीफ 1.95 मीटर के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे। 400 मीटर हर्डल में तमिलनाडु के निखिल धरशान ने 54 सेकेंड में दूरी तय कर गोल्ड जीता, जबकि केरल अरचित एस नायर 54.08 सेकंड के साथ दूसरे व तमिलनाडु के पाविन कुमार 54.98 सेकेंड के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
फोटो फिनिश ने दिए सटीक परिणाम,नहीं आई एक भी आपत्ति
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में फोटो फिनिश सहित इडीएम जैसी आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किस हद तक कारगर साबित हुआ इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पूरी प्रतियोगिता में परिणामों की विश्वसनीयता को लेकर किसी भी प्रकार के विवाद की स्थिति नहीं बनी। कई मुकाबलों में एक-एक मिली सेकंड के अंतर से परिणाम तय हुए। यही कारण रहा कि किसी भी प्रतिस्पर्धा के परिणाम को लेकर कोई आपत्ति किसी टीम या खिलाड़ी की तरफ से सामने नहीं आई। फोटो फिनिश टीम के प्रभारी ईशान रैदास, अंकित तिवारी, किशोर साकेत, छविनाथ चौहान, शनि सिंह व रघुनंदन सिंह की टीम ने एक-एक इवेंट के बारीक परिणाम सामने रखे।
अब गुरूवार से बालिकाओं की नेशनल एथलेटिक्स प्रतियोगिता
बालक वर्ग की राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के समापन के साथ ही शिक्षा विभाग की टीम महज दो दिन बाद गुरूवार से शुरू होने जा रही 70वीं बालिका राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता की तैयारी में जुट गई है। इस प्रतियोगिता में देश भर के विभिन्न राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों व शैक्षणिक बोर्ड की 37 टीमें शामिल होंगी, जिनमें 783 बालिका एथलीट अपना दमखम दिखाएंगीं। इस प्रतियोगिता को लेकर मंगलवार की दाेपहर विभिन्न समितियों की बैठक स्टेडियम में आयोजित की गई है। मंगलवार शाम से टीमों का शिवपुरी पहुंचने का सिलसिला शुरू हो जाएगा।











सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें