* डिस्कस थ्रो में तमिलनाडु के विकास के अव्वल, तो पोल बॉल्ट और रिले रेस का गोल्ड भी उत्तर प्रदेश के खाते में
शिवपुरी। शिवपुरी में जारी 70 वी राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता अब लगातार खिताबी मुकाबलों की ओर बढ़ रही है। शनिवार को लांग जम्प, 400 मीटर रिले रेस, पोल बॉल्ट सहित डिस्कस थ्रो के फाइनल मुकाबले आयोजित किए गए। इनमें से डिस्कस थ्रो को छोड़कर शेष तीनों में उत्तरप्रदेश के खिलाडिय़ों का दबदबा रहा। उन्होंने इन तीनों में सोना जीतकर अपने प्रदेश का नाम रोशन किया है। शनिवार को जिला शिक्षा अधिकारी आकाश सिंह यादव खुद मैदान पर पहुंचे और वहां व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ-साथ आयोजित हो रही प्रतिस्पर्धाओं के मुकाबले भी देखे। इस दौरान जिला क्रीड़ा अधिकारी चंद्रशेखर बेमटे, नेशनल कोच यादवेन्द्र चौधरी, अजय बाथम, बसंत शर्मा, अनिल मालावरिया, सदाशिव भार्गव, अशोक चौधरी, शिवनाथ सिंह बैस, संस्कार मिश्रा, दीपक मांझी, प्रचार-प्रसार समिति के भगवती प्रसाद शर्मा, नीरज सरैया, राजीव भार्गव आदि ने व्यवस्थाएं संभालीं। शनिवार को लंबी कूद के फाइनल मुकाबले खेले गए जिसमें उत्तर प्रदेश के अरमान खान ने 7.18 मीटर छलांग लगाकर गोल्ड मेडल जीता जबकि झारखंड के कमलेश ओरान 6.98 मीटर के साथ दूसरे स्थान पर रहे। जबकि सीआईएससीई के पीसिद्धार्थ 6.95 मीटर लंबी कूद लगाकर तीसरे पायदान पर रहे।
पोल बोल्ट, 400 मीटर रिले में भी यूपी को सोना
शनिवार को 400 मीटर रिले रेस सहित पोल बॉल्ट का भी फाइनल मुकाबला आयोजित हुआ। प्रचार प्रसार प्रभारी नीरज सरैया ने बताया कि इन दोनों प्रतिस्पर्धाओं में भी यूपी के खिलाडिय़ों ने सोना अपने नाम किया। रिले रेस में यूपी के शौर्यवीर सिंह, अर्णव सिंह, मयंक बहादुर व मोहम्मद समीर खान की टीम ने 3 मिनट व 16.34 सेकेण्ड में दूरी तय कर गोल्ड जीता जबकि 3 मिनट एवं 16.71 सेकेण्ड के साथ तमिलनाडु दूसरे तथा 3 मिनट एवं 19.01 सेकेण्ड के साथ केरल की टीम तीसरे स्थान पर रही। इधर पोल बॉल्ट में भी यूपी का ही दबदबा रहा। यूपी के रितिक सिंह ने पोल के सहारे 4 मीटर उछलकर गोल्ड जीता जबकि पंजाब के प्रेमपाल 3.90 मीटर के साथ दूसरे तो उत्तर प्रदेश के ही सागर यादव 3.80 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
डिसकस थ्रो में तमिलनाडु सिरमोर, यूपी को सिल्वर
कोच एवं खेल शिक्षक अजय बाथम ने बताया कि डिस्कस थ्रो के फाइनल मुकाबले में तमिलनाडु के विकास के ने 52.24 मीटर डिस्क फेंककर गोल्ड मेडल जीता जीता जबकि उत्तर प्रदेश के मोहम्मद हमजा 50.64 मीटर के साथ सिल्वर के हकदार बने। तीसरे पायदान पर भी तमिलनाडु का कब्जा रहा यहां के थारानेश ने 49.95 मीटर के साथ कांस्य पदक जीता। शनिवार को ट्रिपल जंप के प्रिलिम्स मुकाबले भी आयोजित हुए जिसमें 12 खिलाडिय़ों ने फाइनल के लिए क्वालीफाई किया है। इनमें तमिलनाडु के मुकेश सीआईएससीई के आरव खेरा व मप्र के देव शर्मा सहित अन्य खिलाड़ी शामिल हैं।
अतिथियों ने पहनाए मेडल, उछाल पर उत्साह
एथलेटिक्स प्रतियोगिता के दौरान प्रतिदिन आयोजित होने वाले मुकाबलों में अव्वल आने वाले खिलाडिय़ों को अतिथियों द्वारा मेडल भी प्रदान किए जा रहे हैं। शनिवार को जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष जसमंत जाटव, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष राजू बाथम, पूर्व विधायक प्रहलाद भारती, भाजपा जिला महामंत्री लवलेश जैन चीनू, केपी परमार,विपुल जैमिनी,जिला शिक्षा अधिकारी आकाश सिंह यादव सहित अन्य अतिथियों ने खिलाडिय़ों को पोडियम पर पहले, दूसरे व तीसरे स्थान के लिए मेडल प्रदान किए। इस दौरान विजेता खिलाडिय़ों और उनके कोच व टीम के अन्य सदस्यों का उत्साह जबर्दस्त उछाल पर था। अतिथियों ने कहा कि शिवपुरी की धरा पर राष्ट्रीय स्तर का यह आयोजन सौभाग्य की बात है।











सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें