*श्रीमंत राजमाता विजयाराजे सिंधिया मेडिकल कॉलेज, शिवपुरी में 'बेसिक्स ऑफ नी आर्थ्रोस्कोपी' पर एक दिवसीय CME का हुआ सफल आयोजन
शिवपुरी। श्रीमंत राजमाता विजयाराजे सिंधिया चिकित्सा महाविद्यालय , शिवपुरी के अस्थि रोग विभाग एवं शिवपुरी ऑर्थोपेडिक सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक 28 नवंबर 2026 को "स्कोप-इट: बेसिक्स ऑफ नी आर्थ्रोस्कोपी" विषय पर एक दिवसीय सतत चिकित्सा शिक्षा कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इंडियन ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन के मध्यप्रदेश चैप्टर के तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम कॉलेज की डीन एवं सीईओ प्रो. डॉ. इला गुजरिया एवं चिकित्सा अधीक्षक प्रो. डॉ. आशुतोष चौरीशी के कुशल मार्गदर्शन तथा ऑर्गनाइजिंग चेयरमैन एवं विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. पंकज शर्मा एवं ऑर्गनाइजिंग सेक्रेटरी डॉ. सोनेंद्र शर्मा के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
डीन एवं सीईओ का संदेश
कॉलेज की डीन एवं सीईओ प्रो. डॉ. इला गुजरिया ने अस्थि रोग विभाग को इस सफल आयोजन की बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय और प्रादेशिक स्तर की ऐसी शैक्षणिक कार्यशालाओं से हमारे संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता नई ऊंचाइयों पर पहुँचती है। उन्होंने कहा कि हमारा निरंतर प्रयास है कि मेडिकल छात्रों और रेजिडेंट डॉक्टरों को आधुनिक चिकित्सा विज्ञान की नवीनतम तकनीकों से जोड़ा जाए, जिससे क्षेत्र की जनता को भी बेहतर और उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।
मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का संबोधन
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गजराराजा मेडिकल कॉलेज , ग्वालियर के डीन एवं सीईओ डॉ. आर.के.एस. धाकड़ तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में MP IOA के अध्यक्ष डॉ. आर.एस. बाजोरिया एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषिश्वर उपस्थित रहे।
डॉ. आर.एस. बाजोरिया ने MP IOA के शैक्षणिक विजन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एसोसिएशन का मुख्य लक्ष्य प्रदेश के हर कोने में, विशेषकर उभरते हुए मेडिकल कॉलेजों में, उच्च स्तरीय चिकित्सा शिक्षा और आधुनिक सर्जिकल तकनीकों को पहुँचाना है। उन्होंने कहा कि MP IOA निरंतर ऐसी शैक्षणिक कार्यशालाओं के माध्यम से युवा डॉक्टरों और स्नातकोत्तर छात्रों के कौशल विकास और शोध को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्य अतिथि डॉ. आर.के.एस. धाकड़ ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा, "बदलती चिकित्सा तकनीक के साथ कदम मिलाकर चलना ही एक सफल चिकित्सक की पहचान है; बड़े चीरे से दूरबीन (की-होल) सर्जरी तक का यह सफर मरीजों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है।" उन्होंने कहा कि ऐसी कार्यशालाएं युवा डॉक्टरों में आत्मविश्वास भरती हैं और क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊंचाइयों पर ले जाती हैं।
विशिष्ट अतिथि सीएमएचओ डॉ. संजय ऋषिश्वर ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज में इस प्रकार की उच्च स्तरीय कार्यशालाओं के आयोजन से जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। अब घुटने की जटिल सर्जरी और खेल से जुड़ी चोटों के आधुनिक इलाज के लिए शिवपुरी के मरीजों को बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा।
आयोजकों के विचार: 'लर्न, प्रैक्टिस एंड परफॉर्म'
कार्यक्रम के ऑर्गनाइजिंग चेयरमैन एवं अस्थि रोग विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. पंकज शर्मा ने कहा, "हमारा संकल्प है कि मेडिकल छात्रों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर, 'लर्न, प्रैक्टिस एंड परफॉर्म' की तर्ज पर उन्हें आधुनिक सर्जरी के लिए पूरी तरह तैयार किया जाए—क्योंकि आज का सीखा हुआ कौशल ही कल के मरीजों का बेहतर भविष्य तय करेगा।"
वहीं, ऑर्गनाइजिंग सेक्रेटरी डॉ. सोनेंद्र शर्मा ने कहा कि विशेषज्ञों के व्याख्यान, सर्जिकल वीडियो प्रदर्शन और व्यावहारिक टिप्स से प्रतिभागियों के ज्ञान में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है और भविष्य में भी ऐसे शैक्षणिक आयोजन जारी रहेंगे।
रिकॉर्डेड सर्जिकल वीडियो एवं 'टिप्स एंड ट्रिक्स' सत्र
कार्यक्रम के दौरान अतिथि वक्ता के रूप में डॉ. आर.एस. बाजोरिया, डॉ. मनीष माहेश्वरी (इंदौर), डॉ. एस.एस. यादव, डॉ. सचिन जैन, डॉ. आशीष दुबे एवं डॉ. विकास सिंघल ने घुटने की एनाटॉमी, लिगामेंट इंजरी और मेनिस्कस रिपेयर जैसी जटिल प्रक्रियाओं पर विस्तृत व्याख्यान दिए। सभी फैकल्टी सदस्यों द्वारा रिकॉर्डेड सर्जिकल वीडियो डेमोंस्ट्रेशन के माध्यम से ऑपरेशन की बारीकियों को समझाया गया और सर्जरी के दौरान आने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए महत्वपूर्ण 'टिप्स एंड ट्रिक्स' भी साझा किए गए, जो युवा सर्जनों के लिए बेहद उपयोगी साबित हुए।
'स्पोर्ट्स इंजरी अवेयरनेस' पोस्टर प्रतियोगिता के परिणाम
इस अवसर पर पीजी ऑर्थोपेडिक्स के रेजिडेंट डॉक्टरों एवं एमबीबीएस फाइनल ईयर के छात्रों के लिए "स्पोर्ट्स इंजरी अवेयरनेस" थीम पर एक शैक्षणिक पोस्टर प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इसमें छात्रों ने खेलों के दौरान होने वाली चोटों से बचाव और उनके आधुनिक उपचार को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता के निर्णायक के रूप में डॉ. सौरभ चौहान, डॉ. देवेश बांदिल एवं डॉ. सिरस धीर ने भूमिका निभाई। विजेताओं का विवरण इस प्रकार है:
• पीजी ऑर्थोपेडिक्स वर्ग विजेता: डॉ. मोहित चौधरी एवं डॉ. मयंक डावर
• प्रथम पुरस्कार (MBBS Final Year वर्ग): कुलदीप गोयल एवं मौसम बड़वाया
• द्वितीय पुरस्कार (MBBS Final Year वर्ग): अनुश्री एवं अर्जुन धाकड़
• तृतीय पुरस्कार (MBBS Final Year वर्ग): मोहम्मद शयान खान एवं मयंक राज
सफल आयोजन एवं आभार
इस गरिमामयी कार्यक्रम में शिवपुरी शहर के वरिष्ठ अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. ओ.पी. शर्मा सहित मेडिकल कॉलेज के विभिन्न विभागों की मेडिकल कॉलेज के विभिन्न विभागों की सीनियर एवं जूनियर फैकल्टी , रेजिडेंट डॉक्टर और मेडिकल छात्र बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन डॉ. ज्योति शुक्ला द्वारा किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. अरविंद करोड़िया (कोषाध्यक्ष), डॉ. निशांत सिंह वर्मा (सह-आयोजन सचिव), तथा सीनियर रेजिडेंट डॉ. आयुष गुप्ता एवं डॉ. अभिषेक सिसोदिया सहित अस्थि रोग विभाग की पूरी टीम का विशेष योगदान रहा। अंत में आयोजन सचिव डॉ. सोनेंद्र शर्मा ने सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।












सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें