Responsive Ad Slot

Latest

latest

#धमाका_न्यूज: युवा डेमोग्राफिक डिविडेंड डेमोग्राफिक डिजास्टर में ना बदल जाए इसलिए नशामुक्ति जरूरी

शुक्रवार, 27 नवंबर 2026

/ by Vipin Shukla Mama
*शास. पी.जी. कॉलेज शिवपुरी में नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान पर कार्यक्रम आयोजित
शिवपुरी। भारत समेत दुनिया भर में शराब का सेवन करने से होने वाली बीमारियों की वजह से 33 लाख लोग हर साल मौत को गले लगाते हैं। भारत में सड़क हादसों में हर साल करीब 1,38,000 लोग मारे जाते हैं, इन सड़क दुर्घटनाओं के पीछे मुख्य कारण नशे की समस्या होती है।मद्यपान हो या किसी भी तरह के मादक द्रव्यों के नशे की समस्या हो इन सबसे मुक्ति का सबसे कारगर उपाय है - संयम। उक्त विचार सिविल सर्जन डॉ. राम प्रताप सिंह चौहान ने नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान के 100 सप्ताह पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित “संडेज ऑन साइकिल” के प्री-प्रोग्राम को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। सिविल सर्जन चौहान ने कहा कि भारत में नशे की समस्या एक जटिल और बहुआयामी चुनौती है, जो देश के सार्वजनिक स्वास्थ्य और सामाजिक ताने-बाने को गंभीर रूप से प्रभावित कर रही है। एक पूर्ण नशामुक्त व्यक्ति ही अपने परिवार, समाज और राष्ट्र की सर्वाधिक सेवा कर सकता है। राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दिग्विजय सिंह सिकरवार ने युवा विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी राष्ट्र के विकास की गति उसके युवाओं की ऊर्जा, विचारों और संकल्प पर निर्भर करती है। भारत की 65% से अधिक आबादी 35 वर्ष से कम आयु वर्ग की है और यह युवा वर्ग ही नशे की लत का सबसे अधिक शिकार हो रहा है। देश के डेमोग्राफिक डिविडेंड के डेमोग्राफिक डिजास्टर में बदल जाने का इस नशे की इस जटिल और बहुआयामी चुनौती से गंभीर खतरा निर्मित हो गया है। यदि युवा आबादी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा नशे के जाल में फंस जाता है, तो उनकी उत्पादकता, नवाचार और आर्थिक योगदान की क्षमता गंभीर रूप से कम हो जाती है। इसलिए माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में “नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान” के अंतर्गत पिछले 100 सप्ताह से नशामुक्ति को लेकर विविध प्रकार से प्रयत्न किये जा रहे हैं। कार्यक्रम में नेशनल टोबेको कंट्रोल प्रोग्राम के जिला नोडल अधिकारी डॉ. अंकित गोयल, उमंग हेल्थ काउंसलर उमा व्यास, वुमन हेल्थ काउंसलर मंजू शर्मा ने भी विशेषज्ञ वक्ता के रूप में अपने विचार व्यक्त किए। लॉ छात्रा मंजरी शर्मा ने “नशा मुक्त भारत : विकसित भारत” के सपने को साकार करती मार्मिक डॉक्यूमेंट्री की प्रस्तुति दी। इस डॉक्यूमेंट्री  के लिए उन्होंने जमीनी स्तर पर नशा-पीड़ित क्षेत्रों में जाकर जमीनी वास्तविकता को कैमरे में कैद किया। खास बात यह रही कि इस पूरी डॉक्यूमेंट्री की स्क्रिप्टिंग, शूटिंग, एडिटिंग से लेकर बैकग्राउंड साउंड इफेक्ट्स तक का हर एक काम खुद मंजरी शर्मा ने किया। अपनी इस पहल के जरिए उन्होंने यह गहरा और प्रेरक संदेश दिया है कि जब तक हमारा समाज और युवा नशे से मुक्त नहीं होंगे, तब तक 'विकसित भारत' का लक्ष्य अधूरा है, क्योंकि एक स्वस्थ और नशा मुक्त भारत ही सशक्त और विकसित भारत की असली नींव रख सकता है। एलएल.बी. तृतीय वर्ष की स्टूडेंट जोया जाफरी ने नशामुक्ति पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि हौसलों के तरकश में कोशिश का वो तीर ज़िंदा रख, हार जाये चाहे ज़िन्दगी से सब लेकिन फिर से जीने की उम्मीद ज़िंदा रख। ये देश तेरी रगों में दौड़ती रवानी माँगता है, ये भारत नशामुक्त जवानी माँगता है। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. पवन कुमार श्रीवास्तव ने उपस्थित युवा विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाते हुए नशे से मुक्ति को जीवन की सर्वोच्च प्राथमिकता बनाने का आव्हान किया।  एनएसएस द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्य रूप से महाविद्यालय के स्टाफ के सदस्य, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पल्लवी शर्मा गोयल, यूथ रेडक्रॉस संयोजक डॉ. शालिनी राय, एनएसएस वॉलंटियर्स वंशिका अग्रवाल, सारांश बंसल, देव खटीक, अभिनव सोनी, सोनाली सेंगर, चेतना राय, खुशबू श्रीवास्तव, दिव्यांशी मित्तल, कुश राय, नीरज शर्मा, कपिल शर्मा, देवांश शिवहरे इत्यादि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।













कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129