शिवपुरी। शहर में धार्मिक आस्था, परंपरा और अनूठे प्रेम की मिसाल पेश करने वाला एक अनोखा विवाह समारोह आयोजित किया गया। यहां एक परिवार ने करीब 22 वर्ष पूर्व कान्हा जी की मूर्ति अपने घर लाकर परिवार के सदस्य के रूप में उनकी सेवा और देखभाल शुरू की थी। परिवार ने उन्हें बेटे की तरह स्नेह और दुलार दिया। अब 22 वर्षों बाद परिवार ने पूरे रीति-रिवाज और विधि-विधान के साथ कान्हा जी का विवाह संपन्न कराया।
जानकारी के अनुसार, स्नेह सिंघल और संदीप सिंघल के लाड़ले आयुष्मान उत्सव कृष्ण का शुभ परिणय संस्कार वृंदावन निवासी श्रीमान नीलमणि दास जी महाराज की लाड़ली आयुष्मती निकुंजया के साथ 26 नवंबर को संपन्न हुआ। इस अनूठे विवाह समारोह को लेकर परिवार में विशेष उत्साह देखने को मिला। विवाह के लिए पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार तैयारियां की गईं और बारात का धूमधाम से स्वागत-सत्कार किया गया।
विवाह समारोह में वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के अनुसार विवाह की रस्में संपन्न कराई गईं। इस दौरान आकर्षक विवाह मंडप और मंच सजाया गया। समारोह में शामिल हुए अतिथियों ने वर-वधू के राधा-कृष्ण स्वरूप के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद सभी ने प्रसाद स्वरूप भोजन ग्रहण किया।
शिवपुरी सहित कई शहरों से पहुंचे अतिथि
इस अनूठे विवाह समारोह में केवल शिवपुरी ही नहीं, बल्कि दिल्ली, ग्वालियर, मुंबई और भोपाल सहित विभिन्न शहरों से भी अतिथि शामिल होने पहुंचे। सभी ने विवाह समारोह में अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए वर-वधू के दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया।
22 वर्षों तक कान्हा जी की सेवा और देखभाल के बाद उनके विवाह का आयोजन करना परिवार की गहरी धार्मिक आस्था और भावनात्मक जुड़ाव को दर्शाता है। यह अनूठा आयोजन शहर में चर्चा का विषय बना रहा।













सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें