*साहित्य अकादमी मध्यप्रदेश का श्रीकृष्ण सरल स्मृति आयोजन संपन्न
शिवपुरी। साहित्य अकादमी, संस्कृति परिषद एवं संस्कृति विभाग, मध्यप्रदेश के तत्वावधान में राष्ट्रकवि श्रीकृष्ण सरल की स्मृति में ‘राष्ट्रभक्ति ले हृदय में, संघर्ष शक्ति देते हैं’ विषय पर स्मृति आयोजन शिवपुरी के मधुरम स्वीट्स में संपन्न हुआ।कार्यक्रम में साहित्यकारों, जनप्रतिनिधियों एवं साहित्यप्रेमियों ने श्रीकृष्ण सरल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को स्मरण करते हुए उनके राष्ट्रप्रेम, संघर्ष और साहित्यिक योगदान पर विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में साहित्य अकादमी, मध्यप्रदेश के निदेशक डॉ. विकास दवे ने कहा कि साहित्य अकादमी द्वारा नरसिंहपुर, राजगढ़ अथवा शिवपुरी जैसे स्थानों पर श्रीकृष्ण सरल स्मृति आयोजन किया जाना इस बात का प्रमाण है कि सरल केवल किसी एक स्थान के नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश और देश के नायक थे। वे राष्ट्रभक्ति के पर्याय थे। उनके जीवन से युवाओं को प्रेरणा लेकर अपने जीवन को उन्नत बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘राष्ट्रभक्ति ले हृदय में, संघर्ष शक्ति देते हैं’ विषय इसलिए रखा गया है, ताकि सरल के जीवन से प्रेरणा लेकर हम राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को समझें और उनके अनुरूप आगे बढ़ें।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं पूर्व विधायक प्रहलाद भारती ने कहा कि विद्यालयीन जीवन से ही श्रीकृष्ण सरल हमारे आदर्श रहे हैं। उनकी कविताओं में राष्ट्रभक्ति केवल प्रवाहित नहीं होती थी, बल्कि वह सुनने वाले के हृदय में भी स्थान बना लेती थी। हम उनकी कविताओं को सुनते-सुनते बड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद श्रीकृष्ण सरल ने गुमनाम क्रांतिकारियों के जीवन और बलिदान को देश-समाज के सामने लाने का जो कार्य किया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। सरल केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचार थे।
ग्वालियर से आईं डॉ. आद्या दीक्षित ने बीज वक्तव्य में कहा कि जिन व्यक्तियों ने देश के लिए अपना जीवन अर्पित किया, उनके विचारों और आदर्शों पर हम कितना खरे उतर पाए हैं, इसका मूल्यांकन हमारी अंतरात्मा ही कर सकती है। उन्होंने कहा कि यह विचार करना आवश्यक है कि श्रीकृष्ण सरल आज इतने वर्षों बाद भी हमारे बीच स्मरणीय क्यों हैं। यदि उनके कृतित्व और व्यक्तित्व को जानने के लिए आज भी लोग एकत्रित हो रहे हैं, तो उसके पीछे उनकी राष्ट्र के प्रति भक्ति, विचारों के प्रति अडिगता और मूल्यों के प्रति समर्पण ही प्रमुख कारण हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव ने कहा कि परिवर्तन की शुरुआत स्वयं से करनी होगी। हम स्वयं सुधरेंगे, तभी समाज और राष्ट्र में सुधार आएगा। ‘हम सुधरेंगे, जग सुधरेगा’ की भावना को आत्मसात कर कार्य करने से ही समाज और राष्ट्र की उन्नति संभव है।
पूर्व विधायक वीरेंद्र रघुवंशी ने कहा कि वर्तमान समय में जब नकारात्मकता का वातावरण दिखाई देता है, तब देश के लिए अपना जीवन अर्पित करने वाले नायकों का स्मरण और उनके जीवन से प्रेरणा लेना अत्यंत आवश्यक है। उनके द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलकर ही हम राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकते हैं।
वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. एच.पी. जैन ने श्रीकृष्ण सरल से अपने पारिवारिक संबंधों का स्मरण करते हुए कहा कि उनके पिता स्वर्गीय घासीराम जैन ‘चंद्रकवि’ और श्रीकृष्ण सरल के बीच भाइयों जैसा स्नेह था। उन्होंने ईसागढ़ से जुड़े अपने पारिवारिक संबंधों और सरल के साथ रहे आत्मीय संबंधों को भी साझा किया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में पुरुषोत्तम गौतम ने कहा कि स्वयं को अमर बलिदानियों का चारण कहने वाले राष्ट्रनायक, राष्ट्रभक्त और विद्वान श्रीकृष्ण सरल देश का गौरव थे। उनके काव्य से पीढ़ी दर पीढ़ी प्रेरणा मिलती रही है और आने वाली पीढ़ियां भी उनके साहित्य से प्रेरणा लेती रहेंगी।
कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में रचना पाठ एवं संक्षिप्त उद्बोधन हुआ। इसमें गोविंद अनुज, हेमलता चौधरी, जया गुप्ता ग्वालियर, विपिन साहिल, हिमांशु शर्मा ग्वालियर, आशीष पटेरिया, प्रदीप अवस्थी, श्याम बिहारी सरल, श्याम शास्त्री, शरद गोस्वामी एवं अंजली गुप्ता ने अपनी रचनाओं एवं विचारों के माध्यम से श्रीकृष्ण सरल को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती प्रज्ञा जैन ने किया तथा आभार संयोजक आशुतोष ओज ने व्यक्त किया। इस अवसर पर वंदना शिवहरे एवं टीम तथा आकर्षित शर्मा को सम्मानित किया गया।











सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें