Responsive Ad Slot

Latest

latest

#धमाका_बड़ी_खबर: CM ने पिछोर को जिला बनाने की गेंद परिसीमन आयोग के पाले में डाली, पिछोर को जिला बनाने की मांग पर सीएम मोहन यादव ने थमाया 2027 का टाइम-टेबल, परिसीमन आयोग को भेजेंगे सिफारिश; 1.24 करोड़ लाड़ली बहनों के खाते में डाले 1,831 करोड़ रुपये, केंद्रीय मंत्री द ग्रेट ज्योतिरादित्य सिंधिया दिखे जोश में

शुक्रवार, 13 नवंबर 2026

/ by Vipin Shukla Mama
शिवपुरी/पिछोर। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज शुक्रवार (13 नवंबर) को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ शिवपुरी जिले के पिछोर पहुंचे। महाराजा छत्रसाल स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश की 1 करोड़ 24 लाख 81 हजार 550 लाड़ली बहनों के खातों में योजना की 42वीं किस्त के रूप में 1,831 करोड़ 77 लाख रुपये की राशि अंतरित की। इसके साथ ही स्व-सहायता समूहों को 200 करोड़ रुपये की राशि और 221 करोड़ 22 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन भी किया गया।
पिछोर को जिला बनाने की गेंद परिसीमन आयोग के पाले में डाली
कार्यक्रम में सबसे ज्यादा चर्चा पिछोर को जिला बनाने की मांग को लेकर रही। पिछोर विधायक प्रीतम सिंह लोधी और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की जोरदार मांग पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गेंद परिसीमन आयोग के पाले में डाल दी। सीएम ने मंच से स्पष्ट कहा कि वे पिछोर को जिला बनाने की भावना से पूरी तरह सहमत हैं और इसके लिए तैयार भी हैं, लेकिन प्रदेश में कहां तहसील, जिला या संभाग बनेगा, यह तय करने का अधिकार परिसीमन आयोग को है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे 2027 में परिसीमन आयोग से पिछोर को जिला बनाने की सिफारिश करेंगे।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का बयान और अंदाज
केंद्रीय मंत्री द ग्रेट ज्योतिरादित्य सिंधिया कार्यक्रम में पूरे जोश और पुराने अंदाज में नजर आए। उन्होंने मंच से
जनता का आह्वान करते हुए पूरे पंडाल को खड़ा कराया और एक सुर में 'पिछोर को जिला बनाओ' की मांग रखवाई। सिंधिया ने याद दिलाया कि 2023 के विधानसभा चुनाव में इसी स्टेडियम से पिछोर को जिला बनाने का वादा किया गया था।योजनाओं की रफ्तार पर कांग्रेस को घेरते हुए सिंधिया ने चुटकी ली और कहा— "कांग्रेस सरकार कहती थी तिजोरी खाली है, लेकिन भाजपा सरकार कहती है तिजोरी जनता की है। आज प्रधानमंत्री दिल्ली से या मुख्यमंत्री पिछोर से 'खट्ट' से बटन दबाते हैं और 'फट्ट' से बहनों के खाते में पैसा और मोबाइल पर मैसेज आ जाता है।" सीएम द्वारा जिला बनाने की घोषणा 2027 तक टालने पर सिंधिया ने जनता को ढांढस बंधाते हुए कहा कि "अभी तो यह सिर्फ ट्रेलर है, पूरी पिक्चर बाकी है।"
विधायक प्रीतम लोधी और अन्य नेताओं के बयान
*विधायक प्रीतम सिंह लोधी: मंच से भावुक और आक्रामक अंदाज में पिछोर को जिला बनाने की मांग उठाते हुए उन्होंने कहा कि यदि पिछोर को जिला बना दिया जाता है, तो यहां से भाजपा की सीट हमेशा के लिए पक्की (परमानेंट) हो जाएगी। (इससे एक दिन पहले भी लोधी अपने उस बयान को लेकर चर्चा में थे, जिसमें उन्होंने कार्यक्रम में व्यवधान डालने वालों की 'डेंटिंग-पेंटिंग' करने की चेतावनी दी थी।) 
*भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव: उन्होंने भी मंच से मुख्यमंत्री से निवेदन किया कि विधायक की 'किला और जिला' की कल्पना को जल्द मंजूरी दी जाए।
कार्यक्रम के मुख्य बिंदु (हाइलाइट्स):
लाड़ली बहना और स्व-सहायता समूह: 1.24 करोड़ से अधिक बहनों को 1,500 रुपये प्रति माह की दर से कुल 1,831.77 करोड़ रुपये और स्व-सहायता समूहों को 200 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए। 
विकास कार्यों की सौगात: क्षेत्र में 221 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन हुआ। 
पिछोर के लिए बड़ी घोषणाएं: सीएम ने जिला बनाने की तारीख तो नहीं दी, लेकिन जिले जैसी सुविधाएं देते हुए पिछोर में सांदीपनी विद्यालय, पिछोर किले के जीर्णोद्धार के लिए 5 करोड़ रुपये, मोती सागर तालाब के सौंदर्यीकरण, बामौरकलां में कॉलेज, खनियाधाना में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, रेड्डी चौराहे पर पुलिस चौकी और घासना नाले पर पुल निर्माण की घोषणा की। इसके अलावा सुभाषपुरा को उप-तहसील से पूर्ण तहसील बनाने की भी घोषणा हुई।
कांग्रेस पर निशाना: सीएम ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस नेता लाड़ली बहना योजना का विरोध करते हैं, जबकि भाजपा सरकार ने अब तक बहनों के खातों में 60 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि भेजी है।
जिला कलेक्टर अर्पित वर्मा ने सीएम डॉ मोहन यादव और द ग्रेट ज्योतिरादित्य सिंधिया को प्रदान किए स्मृतिचिन्ह
जिला कलेक्टर अर्पित वर्मा ने डॉ मोहन यादव को जनता से हाथ उठाकर अभिवादन करते हुए उन्हीं का चित्र और द ग्रेट ज्योतिरादित्य सिंधिया को क्रिकेट के बल्ले के साथ वाला चित्र स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट किया। जिसे सीएम ने ध्यान से देखा भी था। बता दें कि कलेक्टर अर्पित वर्मा जिले में आने के बाद लगातार चौथा बड़ा और सुपरहिट कार्यक्रम सम्पन्न करवा चुके हैं। उनकी टीम एडीएम दिनेश चंद्र शुक्ला, ग्रामीण आजीविका मिशन डायेक्टर अरविंद भार्गव, जिला पंचायत सीईओ विजय राज, एसडीएम आनंद राजावत, तहसीलदार सिद्धार्थ भूषण शर्मा, डूडा अधिकारी सौरभ गौड़, सहायक संचालक सामाजिक न्याय निहार शुक्ला, आरआई प्रमोद शर्मा आदि के संयोजन से जिले को मिले सभी बड़े आयोजन हाउस फुल रहे हैं। एक और बात ये कि भले ही इसका क्रेडिट नेताओं को जाए लेकिन अंदर की बात ये है कि जिला प्रशासन ही मेगा हिट शो करवा रहा है। शिवपुरी में बीते दिनों पोलोग्राउंड का जो बड़ा कार्यक्रम हिट हुआ उसे लेकर स्थानीय नेता स्थान गलत चयन और भीड़ न जुटने की बात कह रहे थे लेकिन कलेक्टर अर्पित वर्मा ने इसी पिच पर सिक्स मारकर सभी स्थानीय नेताओं के मुंह पर ताले लगा दिए थे। 












कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129