Responsive Ad Slot

Latest

latest

'कोरोना के नियमों का पालन कीजिये' आप भी बनिये 'सप्ताह का चेहरा'इस बार व्यवसाई 'विजय बने हीरो'

मंगलवार, 13 जुलाई 2021

/ by Vipin Shukla Mama
शिवपुरी। नगर में  कोरोना गाइड लाइन का ठीक से पालन कराए जाने के नजरिए से जिला प्रशासन और व्यापारियों ने मिलकर एक नई मुहिम का आगाज किया है। इसी सप्ताह से शुरू हुई यह अभिनव तरकीब व्यापारियों के बीच पहले ही दिन चर्चा की वायस बन गई है। कलेक्टर अक्षय सिंह और एसपी राजेश सिंह चंदेल, एडीएम उमेश शुक्ला की अगुवाई में यह तय किया गया है कि बाजार के व्यापारी कोरोना की गाइड लाइन का ठीक ढंग से पालन कराएंगे। इसके लिए उन्हें खुद सजग रहना होगा और अपनी ही दुकान पर मास्क लगाने से लेकर सैनिटाइज करना होगा। सुरक्षित दूरी का ध्यान रखने जैसे नियमों का पालन करके आदर्श प्रस्तुत करना होगा जिसके आधार पर व्यापारी प्रतिनिधि मंडल ऐसे एक दुकानदार का चयन करेगा और रविवार को इस बात की जानकारी जिला प्रशासन को दी जाएगी जिसके बाद अगले दिन प्रशासनिक अधिकारी व्यापारियों के बीच पहुंचेंगे जहां सभी व्यापारियों के बीच चयनित किए गए व्यापारी का सम्मान किया जाएगा और माधव चौक चौराहे पर उस व्यापारी का एक फोटो भी लगाया जाएगा। इतना ही नहीं हरियाली फैलाने के लिए जिले में चलाए जा रहे अंकुर अभियान को भी इस मुहिम से जोड़ा गया है। रेडीमेड व्यापार संघ के अध्यक्ष गौरव खंडेलवाल ने बताया कि उन्होंने प्रशासन को यह सुझाव दिया था कि जो भी व्यापारी कोरोना के नियम का पालन करेगा उसे सम्मानित किया जाएगा। यह अच्छी बात है इसी के साथ उसी व्यापारी को मोबाइल में वायुदूत ऐप डाउनलोड कराया जाएगा साथ ही सम्मान करने के समय एक पौधा भी भेंट किया जाएगा जिसे उक्त व्यापारी ऐसे स्थान पर लगाएगा जहां उसकी खुद देखरेख कर सके और बड़े होने तक लगातार निगाह बनाये रहे। इससे अंकुर अभियान को भी गति मिलेगी। कलेक्टर अक्षय सिंह ने इस मुहिम का स्वागत किया और आज से ही यह प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। पहले दिन सीडी सुपर मार्केट के संचालक विजय कुमार का चयन किया गया। कोरोना गाइडलाइन का पालन ठीक से कराने को लेकर आज विजय कुमार सम्मानित किए गए। इनकी दुकान पर मास्क लगाकर सामान दिया जा रहा है, सुरक्षित दूरी का भी ध्यान रखा जा रहा है और सैनिटाइज भी कराया जाता है। उन्हें एक पौधा भी भेंट किया गया। यह सम्मान कार्यक्रम माधव चौक चौराहे पर आयोजित किया गया था जिसमें कलेक्टर अक्षय सिंह, एसपी राजेश सिंह चंदेल, एडीएम उमेश शुक्ला, एसडीएम अरविंद बाजपेई सहित नगर पालिका के सीएमओ गोविंद भार्गव और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। रेडीमेड संघ के अध्यक्ष गौरव खंडेलवाल ने कहा कि यह मुहिम जोरदार है और व्यापारियों को मोटिवेट करने के इरादे से एक अच्छी पहल है। सभी व्यापारी कोरोना के नियमों का पालन करेंगे और सप्ताह में एक व्यापारी को सम्मानित भी किया जाएगा इससे बढ़िया और क्या हो सकता है। इसे लेकर अधिकारियों ने कहा कि कोरोना की तीसरी लहर को रोकना हमारी प्राथमिकता है। शिवपुरी शहर को इस लहर से बचाने के लिए आवश्यक है कि हम अपने बाज़ार, दुकान में मास्क, सामाजिक दूरी व सैनीटाईजेशन को बढ़ावा दें। आज देखने में आ रहा है कि प्रशासन को देखकर ही लोग मास्क लगाते हैं अन्यथा जेब में या फिर ठुड्ढी पर मास्क रखते हैं।
जो व्यापारी SMS यानि (सामाजिक दूरी, मास्क व सैनिटाईजर का प्रयोग अपनी दुकान व प्रतिष्ठान में करेगा उसका नाम अध्यक्ष व्यापार मंडल प्रति सप्ताह रविवार को ग्रुप में डालेंगे। चिन्हित स्थान पर व्यापार मंडल व प्रशासन द्वारा उसका सम्मान किया जावेगा। प्रति रविवार को 'सप्ताह का चेहरा' सामूहिक रूप से चयनित कर चिन्हित स्थान पर सम्मानित किया जाएगा। ऐसे चेहरे के फ्लेक्स भी चौराहे पर लगाये जावेंगे।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129