अखिल भारतीय साहित्य परिषद की 5 और 6 नबम्बर को जिले में होगी यात्रा
शिवपुरी। अखिल भारतीय साहित्य परिषद मध्यभारत प्रान्त की यात्रा वृतांत शिवपुरी जिले में भी 5 और 6 नबम्बर को आयोजित होगी,इसी कड़ी में स्थानीय जल मंदिर मैरिज हॉउस में अन्तराष्ट्रीय यात्रा पुस्तक देश परदेश के चुनिंदा संस्मरणों का वाचन आयोजन सम्पन्न हुआ,जिससे स्पष्ट हुआ कि यात्रा किस तरह होती है व किस तरह से यात्रा वृतान्त लिखे जाते है।
अखिल भारतीय साहित्य परिषद जिला शिवपुरी द्वारा आयोजित देश परदेश वाचन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि शिक्षाविद पुरुषोत्तम गौतम,वरिष्ठ लेखक व पत्रकार प्रमोद भार्गव व कवि डॉ मुकेश अनुरागी मंचासीन रहे।सर्वप्रथम यात्रा के बारे में जानकारी देते हुए साहित्य परिषद के प्रांतीय महामंत्री आशुतोष शर्मा ने बताया कि 1 नबम्बर से 30 नबम्बर तक मध्यभारत प्रान्त में हर जिले में यात्रा आयोजित होगी,यात्रा के आलेखों का संकलन पुस्तक रूप में व उस पुस्तक का विमोचन प्रांतीय स्तर पर 30 दिसम्बर तक होगा।इसी कड़ी में शिवपुरी जिले में 5 नबम्बर को नरवर व 6 नबम्बर को कोलारस क्षेत्र में यात्रा आयोजित की जायेगी।इस यात्रा में साहित्यकार,लेखक,पत्रकार व नव साहित्यकार सम्मिलित होंगे।
यात्रा वृतांत की अंतराष्ट्रीय पुस्तक श्रीधर पराड़कर ने जिसका संपादन किया है पर बोलते हुए पुरुषोत्तम गौतम ने कहा कि वाल्मीकि ऋषि हो या महर्षि नारद,सभी यात्रा किया करते थे तथा उन यात्रा संस्मरणों को हम आज भी पढ़ते है तो यात्रा संस्मरण हमारी प्राचीन संस्कृति है।इसी प्राचीन संस्कृति से साक्षात्कार इस यात्रा वृतांत से मिलने वाला है।
वरिष्ठ लेखक प्रमोद भार्गव ने कहा कि यात्रा के माध्यम से हम क्षेत्र विशेष की जानकारी प्राप्त करते है।आज जो है वह कल नही होगा।जैसे उज्जैन का ही हम उदाहरण ले कि आज उज्जैन का कायाकल्प हो चुका है तो जो 11 तारीख से पहले उज्जैन में था क्या वह अब दिख पायेगा लेकिन यात्रा संस्मरणों से उस क्षेत्र की वस्तुस्थिति व सम्पूर्ण जानकारी से हम अवगत होते हुए अन्य लोगो तक वह जानकारी पहुचा सकते है।इससे पूर्व अखिल भारतीय साहित्य परिषद के जिलाध्यक्ष प्रदीप अवस्थी ने देश परदेश से सांस्कृतिक वैभव की नगरी उज्जैन डॉ आदित्य कुमार अंशु के द्वारा लिखित यात्रा संस्मरण का वाचन किया।इसी तरह डॉ मुकेश अनुरागी ने ग्वालियर के आसपास डॉ उर्मिला सिंह द्वारा लिखित यात्रा संस्मरण का वाचन कर सभी को यात्रा संस्मरण से संबंधित जानकारी प्रदान की।
5 और 6 नबम्बर को यात्रा में सम्मिलित रहने वाले साहित्यकार नव साहित्यकार लेखक व पत्रकार उक्त आयोजन में सम्मिलित हुए।कार्यक्रम का संचालन विकास शुक्ल प्रचंड ने तो आभार प्रान्त मीडिया प्रभारी जयपाल जाट ने ज्ञापित किया।

कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें