Responsive Ad Slot

Latest

latest

#धमाका_न्यूज: बाढ़ नियंत्रण कंट्रोल रूम गठित, फोन नंबर 07492 233881, इधर सेना बुलाने पर मजबूर करने वाली उफनती सिंध ने किया रहम, गांवों से वापिस लौटी, कलेक्टर रवीन्द्र कुमार पहुंचे अनंतपुर, पचावली, संगेश्वर एवं रिजोदी के राहत शिविर में ग्रामीण जनों से मिले

गुरुवार, 31 जुलाई 2025

/ by Vipin Shukla Mama
शिवपुरी। जिले में बाढ़ नियंत्रण कंट्रोल रूम गठित किया गया है जिसका लैंड लाइन नंबर 07492 233881 है। इधर अटल सागर डेम को भरने वाली सिंध नदी के उफान ने सेना को आने पर मजबूर कर दिया था, जिला प्रशासन और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भरसक प्रयास कर ग्रामीणों की मदद की जिसके बाद गुरुवार को हालात सामान्य हुए और सिंध ने  रहम किया और गांवों से वापिस अपनी निर्धारित रास्ते पर बहने लगी, जिसके बाद तीन दिन से जल भराव में भूखे प्यासे ग्रामीणों की भूख, प्यास, दवाई आदि के इंतजाम के लिए राहत शिविर लगाए गए। जिनका कलेक्टर रवीन्द्र कुमार ने स्थानीय विधायक महेंद्र यादव, एसपी अमन सिंह राठौड़, सीएमएचओ डॉ संजय ऋषिश्वर, अपना घर आश्रम के अध्यक्ष रमेश चंद्र अग्रवाल के साथ निरीक्षण किया। ग्रामीणों को दवाई का निशुल्क वितरण सरस्वती विद्यालय बदरवास में कैंप लगाकर किया जा रहा है, इसी तरह कई कैंप लगाए हैं। कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी ने धमाका न्यूज शिवपुरी के चीफ एडिटर विपिन शुक्ला मामा को बताया कि अनंतपुर, पचावली, संगेश्वर एवं रिजोदी में राहत शिविर लगाए है। जिनमें ग्रामीण जनों को भोजन कराने से लेकर अन्य प्रबंध किए गए हैं। इन ग्रामीणों से मिले साथ ही अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण एवं राहत कार्यों की समीक्षा की।
ग्रामीणों से संवाद कर राहत की स्थिति जानी गई। खाद्यान्न वितरण के निर्देश दिए गए। राजस्व अमले को क्षति का आकलन शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। कलेक्टर रवीन्द्र ने कहा कि आरबीसी 6(4) के अंतर्गत नियमानुसार सहायता हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा
प्रशासन पूरी तत्परता से राहत और पुनर्वास कार्यों में जुटा है। संकट की इस घड़ी में हर प्रभावित नागरिक तक सहायता पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है।
अतिवृष्टि ने निरस्त कराया आकांक्षा हाट का आयोजन
नीति आयोग भारत सरकार द्वारा संचालित आकांक्षी विकासखण्ड कार्यक्रम के अन्तर्गत संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह एवं आकांक्षा हाट का आयोजन 1 अगस्त से 7 अगस्त तक किया जाना था। 1 अगस्त से 7 अगस्त तक आयोजित होने वाले उक्त कार्यक्रम को स्थगित किया जाता है। कार्यक्रम के आयोजन की आगामी तिथि की सूचना पृथक से जारी की जाएगी।
बाढ़ एवं अतिवृष्टि के मद्देनज़र नियंत्रण कक्ष में अधिकारियों की साप्ताहिक ड्यूटी निर्धारित
जिले में लगातार हो रही बारिश से उत्पन्न बाढ़ एवं अतिवृष्टि की स्थिति को ध्यान में रखते हुए कलेक्ट्रेट कार्यालय के लोक सेवा प्रबंधक कक्ष में जिला स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जो 24 घंटे कार्यरत रहेगा। इस कंट्रोल रूम का दूरभाष क्रमांक 07492-233881 है।
कलेक्टर रवीन्‍द्र कुमार चौधरी के निर्देशानुसार कंट्रोल रूम के प्रभावी संचालन एवं निगरानी हेतु अधिकारियों की साप्ताहिक ड्यूटी निर्धारित की गई है। सभी अधिकारी तीन पालियों में सुबह 6 से दोपहर 2 बजे, दोपहर 2 से रात 10 बजे तथा रात 10 से अगली सुबह 6 बजे तक बारी-बारी से ड्यूटी पर उपस्थित रहेंगे।
सोमवार को सुबह 6 से दोपहर 2 बजे तक ए. के. रोहित (प्राचार्य), दोपहर 2 से रात 10 बजे तक डी. एस. पाण्डेय (जिला प्रबंधक), तथा रात 10 से सुबह 6 बजे तक वृंदावन सिंह (श्रम पदाधिकारी) ड्यूटी पर रहेंगे।
मंगलवार को अरविंद माहेश्वरी (महाप्रबंधक), देवेन्द्र कुशवाह (जिला प्रबंधक), और सुधीर कुशवाह (अंकेक्षण अधिकारी) अपनी-अपनी पालियों में जिम्मेदारी निभाएंगे। बुधवार को डी. एस. पाण्डेय, वृंदावन सिंह (श्रम निरीक्षक) और ए. के. रोहित क्रमशः अपनी ड्यूटी पर रहेंगे। गुरुवार को देवेन्द्र कुशवाह, सुधीर कुशवाह और अरविंद माहेश्वरी द्वारा कंट्रोल रूम का संचालन किया जाएगा। शुक्रवार को वृंदावन सिंह, ए. के. रोहित और डी. एस. पाण्डेय अपनी-अपनी पालियों में उपस्थित रहेंगे। शनिवार को सुधीर कुशवाह, अरविंद माहेश्वरी और देवेन्द्र कुशवाह की ड्यूटी निर्धारित की गई है। रविवार को सत्वमूर्ति पाण्डेय (परियोजना अधिकारी, स्वच्छ भारत मिशन), उमेश करारे (एपीसी, जिला शिक्षा केंद्र) और जुगराज प्रजापति (जिला प्रोग्रामर, डीपीसी) रात्रिकालीन एवं दिन की पालियों में ड्यूटी पर रहेंगे।
कलेक्टर श्री चौधरी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी अधिकारी अपने निर्धारित समय व दिवस पर अनिवार्य रूप से कंट्रोल रूम में उपस्थित रहें। बाढ़ नियंत्रण केंद्र के समन्वयक अधिकारी के रूप में ललित शर्मा को जिम्मेदारी सौंपी गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू की गई है।
जिले में अभी तक 1027.36 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज
 शिवपुरी जिले में 01 जून 2025 से अभी तक 1027.36 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज हुई है। जिले में गत वर्ष आज दिनांक तक 404.64 मि.मी.औसत वर्षा हुई थी।
भू-अभिलेख शिवपुरी के अधीक्षक ने बताया कि जिले की औसत वर्षा 816.3 मि.मी.है। गत वर्ष जिले में कुल 1291.84 मि.मी.वर्षा रिकॉर्ड की गई थी। उन्होंने बताया कि अभी तक शिवपुरी में 870.80 मि.मी., बैराड़ में 1085 मि.मी., पोहरी में 1023 मि.मी., नरवर में 1446.40 मि.मी., करैरा में 1071 मि.मी., पिछोर में 830 मि.मी., कोलारस में 855.50 मि.मी., बदरवास में 1141.50 मि.मी. तथा खनियाधाना में 923 मि.मी. वर्षा दर्ज हुई है।
#shivpuri








कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129