Responsive Ad Slot

Latest

latest

#धमाका_न्यूज: पोहरी में हुआ रोजगार उन्मुख अल्प अवधि प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन

शनिवार, 31 जनवरी 2026

/ by Vipin Shukla Mama
शिवपुरी। शासकीय एल.एस.जी.के. महाविद्यालय, पोहरी (जिला शिवपुरी) में स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के अंतर्गत संचालित रोजगार उन्मुख अल्प अवधि प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन आज गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिले के नोडल अधिकारी डॉ. एस. एस. खंडेलवाल तथा विशिष्ट अतिथि लीड कॉलेज के प्राचार्य डॉ. पवन श्रीवास्तव रहे। मंच संचालन डॉ. प्रियंका भार्गव द्वारा किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुई। इसके पश्चात छात्रों द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया। स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के प्रभारी एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम अधिकारी डॉ. नेपाल सिंह धाकड़ ने कार्यक्रम की रूपरेखा एवं उद्देश्यों की जानकारी दी।
प्रशिक्षण में सहभागी छात्रों शैलेंद्र धाकड़, रौनक गुप्ता एवं सलोनी शिवहरे ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने कंप्यूटर की मूलभूत जानकारी के साथ-साथ एमएस वर्ड, पावरपॉइंट, एमएस एक्सेल, एमपी ऑनलाइन से संबंधित विभिन्न कार्य, डिजिलॉकर, इंटरनेट का प्रभावी उपयोग एवं साइबर सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों को विस्तार से सीखा।
इस अवसर पर डॉ. आनंद मिश्रा ने प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को कौशल विकास की दिशा में निरंतर आगे बढ़ने हेतु प्रेरित किया। मुख्य अतिथि डॉ. एस. एस. खंडेलवाल ने कार्यक्रम की सफलता की सराहना करते हुए छात्रों की सक्रिय सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया। वहीं लीड कॉलेज के प्राचार्य डॉ. पवन श्रीवास्तव ने डिजिटल युग में प्रशिक्षण की उपयोगिता पर बल देते हुए कहा कि आज का युग डिजिटल युग है, जिसमें जागरूक रहना अत्यंत आवश्यक है; डिजिटल माध्यमों से अनेक सकारात्मक कार्य संभव हैं, वहीं लापरवाही से नुकसान की संभावना भी रहती है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी छात्रों को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र वितरित किए गए। समापन अवसर पर स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के प्रभारी एवं टी.पी.ओ. डॉ. नेपाल सिंह धाकड़ ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों, महाविद्यालय प्रशासन एवं छात्रों का आभार व्यक्त किया  इस दौरान कार्यक्रम में महाविद्यालय का समस्त शैक्षणिक तथा अन्य स्टाफ उपस्थित रहा एवं सभी सहभागी एवं महाविद्यालय के अन्य सभी छात्र-छात्राओं को स्वल्पाहार स्वरूप नमकीन बिस्किट समोसे तथा लड्डू का वितरण किया गया।












कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129