शिवपुरी। विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर शिवपुरी की सामाजिक संस्था शक्ति शाली महिला संगठन द्वारा बैराड़ निवासी श्रीमती नीलम रावत (उम्र 35 वर्ष) का उनके निवास पर जाकर सम्मान किया गया। संस्था के संयोजक रवि गोयल ने श्रीमती नीलम रावत को शाल, श्रीफल, उपहार एवं पौधा भेंट कर उनके अदम्य साहस, सकारात्मक सोच और जीवन के प्रति संघर्षशील जज़्बे को नमन किया।
जानकारी के अनुसार 21 अगस्त को पहली बार जांच रिपोर्ट से श्रीमती नीलम रावत को एमलएल ब्लड कैंसर होने का पता चला था। कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने कभी हिम्मत नहीं हारी और नियमित उपचार के साथ इस बीमारी को मात दी। भोपाल स्थित जवाहरलाल नेहरू कैंसर रिसर्च इंस्टीट्यूट के कैंसर विशेषज्ञ डॉ. विजय भार्गव के मार्गदर्शन में उनका सफल इलाज हुआ।
इस पूरे संघर्ष में उनके पति श्री सतपाल सिंह रावत ने तत्परता से सभी जांच और उपचार की व्यवस्था कर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। परिवार के अन्य सदस्यों में उनके ससुर श्री श्री बाबू लाल रावत, सास श्रीमती सरवदी रावत, भाई अवनीश रावत एवं भावी आशा रावत तथा जेठ प्रो. सत्येंद्र सिंह रावत का भी निरंतर सहयोग और मनोबल रहा, जिसने उन्हें इस लड़ाई में मजबूत बनाया।
इस अवसर पर रवि गोयल ने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के खिलाफ सबसे बड़ा हथियार जागरूकता, समय पर जांच और सकारात्मक सोच है। उन्होंने सभी महिलाओं से अपील की कि वे नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच कराएं, किसी भी असामान्य लक्षण को नजरअंदाज न करें और तंबाकू तथा अस्वस्थ जीवनशैली से दूर रहें। संस्था द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में कैंसर जागरूकता, महिला स्वास्थ्य शिक्षा, पोषण और समय पर स्क्रीनिंग को बढ़ावा देने के लिए अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को प्रारंभिक स्तर पर ही उपचार मिल सके।
उन्होंने कहा कि समाज में यह संदेश पहुंचाना जरूरी है कि कैंसर का समय पर इलाज संभव है और सही मार्गदर्शन, परिवार का सहयोग तथा मजबूत इच्छाशक्ति से इस बीमारी को हराया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने नीलम रावत के साहस को प्रेरणादायक बताते हुए स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।












सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें