* उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत दो हजार से अधिक केन्द्रों पर होगी परीक्षा, वीसी में डीपीसी ने की समीक्षा
शिवपुरी। भारत सरकार द्वारा उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम चलाया जा रहा है ताकि हर गांव शहर में असाक्षर की छाप नागरिकों से हट जाए। इसी अभियान के तहत हर 6 माह में असाक्षरों की परीक्षा आयोजित की जाती है। जिले में 63 हजार 750 असाक्षर शनिवार को दो हजार से अधिक केन्द्रों पर असाक्षरता की छाप मिटाने परीक्षा में शामिल होंगे। डीपीसी एवं जिला प्रौढ शिक्षा अधिकारी दफेदार सिंह सिकरवार ने बड़े स्तर पर आयोजित होने वाली परीक्षा की तैयारियों और मॉनीटरिंग को लेकर शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अभियान से जुड़े जिला सहसमन्वयक, बीआरसीसी, बीएसी, विकासखण्ड सहसमन्वयक साक्षरता व संकुल सहसमन्वयकों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान अभियान के प्रभारी एवं एपीसी हरीश शर्मा सहित एपीसी उमेश करारे मौजूद रहे। शनिवार को आयोजित होने वाली इस परीक्षा की मॉनीटरिंग भी की जाएगी और यह परीक्षा असाक्षरों की सुविधा अनुसार सुबह 10 बजे से 5 बजे के बीच आयोजित होगी।
करैरा में सबसे ज्यादा 11 हजार शिक्षार्थी
अभियान के नोडल अधिकारी एपीसी हरीश शर्मा ने बताया कि सभी आठों विकासखण्डों में इस परीक्षा में 63 हजार 750 परीक्षार्थी शामिल होंगे। जिनमें पूर्व की परीक्षाओं में से अनुत्तीर्ण परीक्षार्थी भी शामिल हैं। आंकड़ों की बात करें तो सबसे ज्यादा 11 हजार परीक्षार्थी करैरा विकासखण्ड में नामांकित हैं जबकि पोहरी में 10000 , बदरवास में 8500, खनियांधाना में 8000, कोलारस में 8250, पिछोर में 7000, नरवर में 5000, शिवपुरी में 6000 परीक्षार्थी नामांकित हैं। इस परीक्षा के लिए प्रश्रपत्रों सहउत्तर पुस्तिकाओं व परीक्षा सामग्री का वितरण संबंधित केन्द्र प्रभारियों को कर दिया गया है। प्रत्येक 20 शिक्षार्थियों पर एक पर्यवेक्षक भी तैनात किया जाएगा। 150 अंकों के प्रश्रपत्र में पढऩा, लिखना व गणित विषय के लिए 50-50 अंक निर्धारित हैं। उत्तीर्ण होने के लिए कम से कम 33 प्रतिशत अंक हासिल करना अनिवार्य होगा।
इनका कहना है
नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत जिलेभर में 2000 से अधिक केन्द्रों पर 63 हजार 750 असाक्षर शामिल होंगे। परीक्षा के आयोजन को लेकर वीसी में आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं। परीक्षा की मॉनीटरिंग भी की जाएगी।
दफेदार सिंह सिकरवार














सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें